)
Hapur police encounter: हापुड़ में स्वाट टीम और थाना गढ़मुक्तेश्वर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, बदमाशों के कब्जे से 28 सितंबर को लूटा गया कपड़ों से लदा कैंटर (अनुमानित कीमत 55 लाख रुपये), अवैध असलहा और चाकू बरामद हुआ है. मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी जावेद घायल हुआ, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया और सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम पर की फायरिंग
मामले की जानकारी देते हुए गढ़ सर्किल के डीएसपी राहुल यादव ने बताया कि, रात में बागड़पुर तिराहे पर चेकिंग के दौरान एक कैंटर को रुकने का इशारा किया गया था. चालक ने कैंटर रोकने के बजाय उसे तेजी से पलवाड़ा की ओर दौड़ा दिया. सूचना मिलने पर बलवापुर में चेकिंग कर रही दूसरी पुलिस टीम ने कैंटर को रोकने की कोशिश की.
आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल
पुलिस का आरोप है कि कैंटर रुकने के बाद बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें जावेद घायल हो गया.
संभल और मुरादाबाद के रहने वाले हैं आरोपी बदमाश
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार बदमाशों की पहचान इस प्रकार हुई है.
जावेद (निवासी संभल) – मुठभेड़ में गोली लगने से घायल
अजीम (निवासी मुरादाबाद)
फरदीन (निवासी मुरादाबाद)
अमन (निवासी मुरादाबाद)
सुभान (निवासी मुरादाबाद)
28 सितंबर को कपड़ों से लदा कैंटर लूटा
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में कबूल किया कि उन्होंने 28 सितंबर को इसी मार्ग से कपड़ों से लदा कैंटर लूटा था.
आरोपियों के पास से बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, दो जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस, एक अवैध चाकू और कपड़ों से लदा कैंटर बरामद किया है. घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.