App

छठ की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार विवाहिता को कुचला, मां की गोद से उछला मासूम

गोरखपुर में बेकाबू ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. जिससे बाइक सवार महिला ट्रेलर के चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी जान चली गई. जबकि, महिला के गोद में बैठा मासूम उछलकर दूर जाकर गिरा. हालांकि, उसकी जान बच गई.

छठ की खुशियां मातम में बदलीं: तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार विवाहिता को कुचला, मां की गोद से उछला मासूम

गोरखपुर में छठ पर्व की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार विवाहिता को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 32 वर्षीय महिला की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि, बाइक पर मां की गोद में बैठा एक साल का मासूम टक्कर लगने से दूर जा गिरा. 

गनीमत रही कि मासूम की जान बच गई. इस हादसे में महिला के मामा भी घायल हुए हैं. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बांसगांव-कौड़ीराम मार्ग पर घंटों हंगामा करते हुए चक्का जाम कर दिया.

ट्रेलर की चपेट में आकर महिला की मौत
यह घटना बांसगांव थाना क्षेत्र के डिहवा के पास की है. बताया जा रहा है कि मऊ खुर्द गांव निवासी पिंकी यादव अपने मायके लालपुर में रह रही थीं. वह छठ पर्व का सामान खरीदने के लिए अपने मामा चंद्रशेखर यादव के साथ बाइक से कौड़ीराम बाजार जा रही थीं. बाइक पर उनकी गोद में एक साल का बेटा अभिनव भी बैठा था. घर से महज डेढ़ किलोमीटर आगे पहुंचते ही एक अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

बांसगांव-कौड़ीराम मुख्य मार्ग पर चक्का जाम 
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिंकी सड़क पर गिर गईं और ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, मामा चंद्रशेखर घायल हो गए और मासूम अभिनव मां की गोद से उछलकर दूर जा गिरा. उसके सिर में हल्की चोट आई है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. 

आक्रोशित ग्रामीणों ने दुर्घटना करने वाले ट्रेलर को पकड़ लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया. इसके बाद ग्रामीणों ने बांसगांव-कौड़ीराम मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया.

हादसे से पूरे परिवार में कोहराम
सूचना पर एसडीएम मलखान सिंह, सीओ अनुज कुमार सिंह और थाना प्रभारी विशाल कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने काफी मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम खत्म कराया. पुलिस ने दुर्घटना करने वाले ट्रेलर को कब्जे में लेकर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. 

परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. छठ पर्व की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है.

(गोरखपुर से नागेन्द्र मणि त्रिपाठी की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More