App

पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक : राजस्थान के इन जिलों में आज से आंधी-बारिश का अलर्ट, अब कंपाएगी सर्दी

राजस्थान में नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव है. 14 नवंबर सुबह 9:30 बजे की सैटेलाइट तस्वीरों में जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर समेत कई जिलों में घने बादल है. 14-15 नवंबर को बारिश के बाद 16 से तापमान में 2-4 डिग्री की बड़ी गिरावट होगी.

पश्चिमी विक्षोभ की दस्तक : राजस्थान के इन जिलों में आज से आंधी-बारिश का अलर्ट, अब कंपाएगी सर्दी
Image Credit: rajasthan weather update (AI IMAGE)

राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय
राजस्थान में मौसम तेजी से करवट ले रहा है. पश्चिमी राजस्थान में एक नया पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही, तेज हवाएं और हल्की बारिश का दौर देखने को मिलेगा. मौसम विभाग ने इसके असर से तापमान में भारी गिरावट और सर्दी बढ़ने की चेतावनी जारी की है.

14 नवंबर : जोधपुर और बीकानेर संभाग में आंधी-बारिश का अलर्ट
नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण 14 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान के मौसम में खास बदलाव होगा, मौसम विभाग के अनुसार, जोधपुर और बीकानेर संभाग के कुछ भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. इस दौरान मेघगर्जन के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे (Kmph) की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना है.

15 नवंबर: शेखावाटी से लेकर जयपुर-अजमेर तक बूंदाबांदी के आसार
15 नवंबर को इस सिस्टम का असर राज्य के अन्य हिस्सों में भी दिखाई देगा. बीकानेर संभाग, अजमेर, जयपुर संभाग के उत्तरी भागों और शेखावाटी क्षेत्र में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है. हालांकि, मौसम विभाग का कहना है कि राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्यतः शुष्क (Dry) ही बना रहेगा.

16 नवंबर से गिरेगा पारा, बढ़ेगी ठिठुरन
बारिश और तेज हवाओं का यह दौर गुजरने के बाद प्रदेश में कड़ाके की सर्दी की शुरुआत होगी. 16 नवंबर से आगामी 4 से 5 दिनों तक राज्य में मौसम पूरी तरह से शुष्क रहने की संभावना है. इस अवधि में सबसे बड़ा बदलाव पारे में देखने को मिलेगा, जहां प्रदेश के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट होने की प्रबल संभावना है. तापमान लुढ़कने से प्रदेशवासियों को तेज सर्दी का अहसास होगा.
सर्दी आ रही हैं, सेहत का ऐसे रखें ख्याल
बदलते मौसम में सर्दी-जुकाम का खतरा बढ़ जाता है. इससे बचने के लिए सुबह-शाम हल्के गर्म कपड़े जरूर पहनें और ठंडी चीजों से परहेज करें. दिनभर गुनगुना पानी पिएं. अपनी इम्यूनिटी मजबूत रखने के लिए डाइट में विटामिन-सी युक्त मौसमी फल, हरी सब्जियां और अदरक-तुलसी का काढ़ा जरूर शामिल करें.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More