)
वैभव शर्मा/गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक बेहद हैरान कर देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है. साहिबाबाद क्षेत्र की वृंदावन गार्डन कॉलोनी में कार लोन का वेरिफिकेशन कराने से इनकार करने पर एक कलयुगी बेटी ने अपने ही पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी और जान से मारने की धमकी दी.पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटी प्रियंका तोमर और उसकी सहेली के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
घर का मेन गेट तोड़ा और जबरन अंदर घुसकर किया तांडव
हद तो तब हो गई जब पहली बार विवाद के बाद युवती अपने साथी के साथ दोबारा लौटी, घर का मेन गेट तोड़ा और जबरन अंदर घुसकर तांडव मचाया. यह पूरी खौफनाक वारदात घर में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है. पीड़ित पिता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानिए कहां का है पूरा मामला?
ये पूरा मामला साहिबाबाद की वृंदावन गार्डन कॉलोनी का है. पीड़ित हितेश तोमर की बेटी प्रियंका तोमर करीब ढाई साल पहले घर छोड़कर अलग रह रही थी. 8 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे प्रियंका अपनी एक सहेली के साथ अचानक पिता के घर पहुंची. प्रियंका ने अपने पिता से कार लोन का वेरिफिकेशन कराने को कहा, लेकिन पिता हितेश तोमर ने इससे साफ इनकार कर दिया.
पिता के साथ गाली-गलौज
पिता के मना करने पर प्रियंका आगबबूला हो गई और उसने पिता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी. जब बीच-बचाव करने भाभी पहुंचीं, तो प्रियंका ने अपनी भाभी के साथ भी भी हाथापाई की. पड़ोसियों के जुटने पर युवती वहां से चली गई, लेकिन करीब 25 मिनट बाद वह अपनी सहेली के साथ वापस लौटी और घर का मेन गेट तोड़कर अंदर घुस गई. फिर से उसने गाली गलौच शुरू कर दी.
पिता और भाभी पर पिस्टल तानी
घर के अंदर दाखिल होते ही युवती ने अपने पिता और भाभी पर पिस्टल तान दी और उन्हें गोली मारने की धमकी दी. घबराए पिता और भाभी ने किसी तरह भागकर पहली मंजिल पर अपनी जान बचाई.
इस पूरी घटना की तस्वीरें घर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गईं. फुटेज में युवती के हाथ में कथित तौर पर पिस्टल दिखाई देने की बात सामने आई है. पुलिस अब CCTV फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने आरोपी प्रियंका और उसकी सहेली के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.