)
अवनीश सिंह/फतेहपुर: करवाचौथ के पावन त्योहार को देखते हुए फतेहपुर जिले के पुलिस कप्तान (एसपी) अभिमन्यु मांगलिक ने महिला पुलिसकर्मियों के हित में एक बेहद सराहनीय और संवेदनशील पहल की है. एसपी ने जिले में तैनात सभी विवाहित महिला पुलिसकर्मियों को करवाचौथ के दिन विशेष अवकाश देने का आधिकारिक आदेश जारी किया है. फतेहपुर में ये महिला पुलिसकर्मी 23 थानों और 40 चौकियों पर तैनात हैं. खास बात यह है कि इसके लिए महिला पुलिसकर्मियों को अलग से आवेदन देकर छुट्टी की मंजूरी लेने की जरूरत नहीं होगी.
कप्तान के इस फैसले की सबसे खास बात यह है कि महिला पुलिसकर्मियों को छुट्टी की मंजूरी पाने के लिए अलग से कोई प्रार्थना पत्र (आवेदन) देने की जरूरत नहीं पड़ेगी. उन्हें स्वतः ही करवाचौथ के दिन की छुट्टी स्वीकृत मानी जाएगी, जिससे विभागीय प्रक्रियाओं और भागदौड़ में उनका समय बर्बाद न हो. पुलिस विभाग में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी के चलते त्योहारों पर भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। ऐसे में करवाचौथ पर विवाहित महिला पुलिसकर्मियों को अवकाश देने का यह फैसला उनके लिए राहत भरा हो सकता है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के इस मानवीय और संवेदनशील निर्णय की जिले भर की महिला पुलिसकर्मियों ने दिल से सराहना की है. मिशन शक्ति प्रभारी व महिला थाना प्रभारी आशा पाण्डेय सहित कई महिला अधिकारियों ने इस कदम को पुलिस विभाग में महिला कर्मचारियों की भावनाओं और पारिवारिक दायित्वों का सम्मान करने वाला बताया.
महिला पुलिसकर्मियों ने फैसले की सराहना की है. महिला कर्मियों का कहना है कि ड्यूटी की लगातार व्यस्तता के बीच अक्सर त्योहारों पर घर से दूर रहना पड़ता है, लेकिन एसपी साहब के इस फैसले से अब वे बिना किसी तनाव या चिंता के अपने परिवार और पति के साथ करवाचौथ का पर्व खुशी-खुशी मना सकेंगी.
इस पहल को महिला पुलिसकर्मियों के पारिवारिक जीवन और त्योहार से जुड़ी भावनाओं के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है. करवाचौथ पर व्रत रखने वाली महिलाओं के लिए दिनभर की पूजा और शाम को चंद्रमा के दर्शन के बाद व्रत खोलने का विशेष महत्व होता है. ऐसे में छुट्टी मिलने से उन्हें परिवार के साथ त्योहार मनाने में सहूलियत मिलेगी.कप्तान की इस पहल की पुलिस महकमे के साथ-साथ आम जनता में भी जमकर तारीफ हो रही है.