App

फर्रुखाबाद में करवाचौथ की धूम: सजने-संवरने में जुटीं महिलाएं, ब्यूटी पार्लरों में उमड़ी भीड़; पतियों में भी दिखा ग्रूमिंग का क्रेज

Karwa Chauth in UP: बाजारों में खरीदारी, हाथों में रचती मेहंदी, पार्लरों में सजने-संवरने की तैयारियां और दुकानों पर मिठाइयों की खुशबू… करवाचौथ को लेकर उत्साह चरम पर है. अब महिलाओं को इंतजार है उस चांद का, जिसके दीदार के साथ वे अपने हमसफर की लंबी उम्र की कामना करेंगी.

फर्रुखाबाद में करवाचौथ की धूम: सजने-संवरने में जुटीं महिलाएं, ब्यूटी पार्लरों में उमड़ी भीड़; पतियों में भी दिखा ग्रूमिंग का क्रेज
Image Credit: Farrukhabad Karwa Chauth News

अमर साइमन/फर्रुखाबाद: चांद का इंतजार, हाथों में मेहंदी और आंखों में अपने हमसफर के लिए ढेर सारा प्यार… करवाचौथ सिर्फ एक परंपरा नहीं, बल्कि पति-पत्नी के रिश्ते में प्रेम और विश्वास का प्रतीक है.  फर्रुखाबाद में भी इस त्योहार को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं. कोई चूड़ियां और श्रृंगार का सामान खरीद रहा है, तो कोई हाथों में मेहंदी लगवाकर अपने पिया के नाम की खुशबू को रंगों में सजा रहा है.

बाजारों में खरीदारी और पार्लरों में लगी लंबी कतारें

फर्रुखाबाद में करवाचौथ को लेकर बाजारों से लेकर ब्यूटी पार्लरों तक त्योहार की चमक दिखाई दे रही है. करवाचौथ की तैयारियों में जुटी महिलाओं के चेहरों पर उत्साह है. कोई हाथों में मेहंदी लगवा रहा है, तो कोई आइब्रो बनवाने और फेशियल कराने के लिए पार्लर पहुंच रहा है.वहीं, महिलाएं हेयर कट, हेयर स्पा और हेयर स्टाइलिंग के जरिए त्योहार पर खास दिखने की तैयारी कर रही हैं.

शहर के छोटे-बड़े ब्यूटी पार्लरों में पिछले दो दिनों से ग्राहकों की भीड़ बढ़ी हुई है. कई जगह पहले से बुकिंग कराई गई है, जबकि कुछ महिलाएं अपनी बारी का इंतजार करती दिखाई दीं. करवाचौथ पर पति की लंबी उम्र की कामना के साथ व्रत रखने वाली महिलाएं इस खास दिन को यादगार बनाने के लिए अपने श्रृंगार में कोई कमी नहीं छोड़ना चाहतीं.

दिलचस्प बात यह है कि अब त्योहार पर खुद को संवारने के लिए पुरुष भी पीछे नहीं हैं. कई ब्यूटी पार्लरों में पुरुष फेशियल कराते और बाल कटवाते नजर आए. यानी करवाचौथ की तैयारियों में महिलाओं के साथ पुरुषों में भी ग्रूमिंग को लेकर उत्साह दिखाई दिया. हमने शहर के ब्यूटी पार्लर संचालकों और संचालिकाओं से बात की और जाना कि त्योहार के दौरान किस तरह ग्राहकों की संख्या बढ़ जाती है और लोग किन सेवाओं को ज्यादा पसंद कर रहे हैं.

इमरती की मिठास और चांद का इंतजार

उधर, करवाचौथ की मिठास बढ़ाने के लिए मिठाई की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही तेज है. शहर में इमरती की दुकानों पर भीड़ देखने को मिली.कड़ाही में छनती गर्मागर्म इमरती और उन्हें खरीदने के लिए जुटे ग्राहक त्योहार की रौनक को और बढ़ा रहे हैं.  लोग घरों के लिए मिठाई खरीदते नजर आए.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More