)
गाजियाबाद की डासना जेल में बंद सपा के वरिष्ठ नेता आजम को फिलहाल राहत नहीं मिली है. ED को आजम खान की चार दिन की रिमांड मिली है. अब ईडी आजम खान को डासना जेल से लखनऊ लेकर आएगी. यहां मनी लॉन्ड्रिंग केस में उनसे पूछताछ होगी. गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने ईडी को रिमांड दी है.
गाजियाबाद की विशेष पीएमएलए कोर्ट ने गुरुवार को 426.46 करोड़ रुपये के घोटाले और मनी लॉन्ड्रिंग केस में सपा नेता आजम खान के खिलाफ सुनवाई की. इस दौरान ईडी ने पूछताछ के लिए आजम खान का 4 दिन का रिमांड मांगा. कोर्ट ने ईडी को 4 दिन की रिमांड दे दी. अब इसके बाद आजम खान को कल यानी शुक्रवार को गाजियाबाद से लखनऊ ले जाया जाएगा. ईडी की टीम 16 नवंबर शाम 4:30 बजे तक पूछताछ करेगी. कोर्ट ने ईडी को प्रताड़ना नहीं करने के निर्देश भी दिए हैं.
दरअसल यह पूरा मामला 426.46 करोड़ रुपये के बड़े वित्तीय घोटाले और सरकारी धन व संपत्तियों के कथित दुरुपयोग से जुड़ा है. आजम खान पर सार्वजनिक और सरकारी संपत्तियों का गबन करने और हेराफेरी करने का आरोप है. जांच में कई फर्जी कंपनियों से लेनदेन के सबूत भी मिले हैं. ऐसे में ईडी आजम खान काे रिमांड में लेकर पूछताछ करना चाह रही है. चार दिन पूछताछ के बाद ही कुछ खुलासा हो सकता है.
आजम खान का रिमांड मिलने के बाद ईडी उनका मेडिकल परीक्षण कराएगी. इसके बाद ईडी कड़ी सुरक्षा में आजम खान को गाजियाबाद की डासना जेल से लखनऊ लेकर आएगी. कोर्ट ने ईडी को अपने वकील से बातचीत करने का भी आदेश दिया है. साथ ही किसी तरह की शारीरिक प्रताड़ना न करने के निर्देश दिए हैं. किसी भी मेडिकल इमरजेंसी में तत्काल स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने के भी निर्देश दिए हैं.
बता दें कि सपा नेता शिवपाल यादव गुरुवार को गाजियाबाद की डासना जेल में आजम खान से मिलने पहुंचे थे. दोनों नेताओं की मुलाकात जेल में हुई. इस मुलाकात के बाद सियासी गलियारे में कई तरह की चर्चाएं भी हैं. माना जा रहा है कि आजम खान के जरिए सपा पुराने नेताओं को एक बार फिर साथ लाने की कोशिश कर रही है.
(विशाल सिंह की रिपोर्ट)