App

भारत ने पानी रोका तो क्या हुआ, हमारी नदियों में सोना बह रहा है! मरियम नवाज ने दिखाए मुंगेरीलाल के हसीन सपने

भारत की तरफ से पानी रोके जाने के बाद एक तरफ जहां पाकिस्तान के लोग पानी को तरस रहे हैं, ऐसे में मरियम नवाज ने उन्हें सोने के ख्वाब दिखाने शुरू कर दिए हैं.

भारत ने पानी रोका तो क्या हुआ, हमारी नदियों में सोना बह रहा है! मरियम नवाज ने दिखाए मुंगेरीलाल के हसीन सपने
Image Credit: पाकिस्तानी पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज

एक तरफ जहां पाकिस्तान के लोग आटा, दाल, चावल और रोटी जैसी बुनियादी चीजों को तरस रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ भारत के एक्शन के बाद लोगों को पानी की किल्लत से भी जूझना पड़ रहा है. ऐसे हालात में पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज उन्हें सोने-चांदी के ख्वाब दिखा रही हैं. मरियम ने दावा किया है कि पंजाब की पांचों नदियों में सोने के भंडार मिले हैं. उन्होंने बाकायदा सोने का नमूना दिखाते हुए विदेशी निवेशकों को भी न्योता दे दिया. अब सोशल मीडिया पर लोग चुटकी ले रहे हैं कि भारत ने पानी का हिसाब बिगाड़ा तो मरियम नवाज ने नदियों को ही गोल्ड माइन बना दिया.

पाकिस्तान, विदेशी निवेश को आकर्षित करने, वैश्विक साझेदारियों को बढ़ावा देने और देश की विशाल खनिज क्षमता का लाभ उठाने के लिए इस्लामाबाद में 'पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026' (PMIF26) का आयोजन कर रहा है. दो दिवसीय इस फोरम में पाकिस्तान के नेतृत्व, अंतरराष्ट्रीय खनन कंपनियों के अधिकारियों, निवेशकों, नीति निर्माताओं और उद्योग विशेषज्ञों को एक साथ लाया जाएगा, ताकि देश के खनिज क्षेत्र में निवेश के अवसरों की तलाश की जा सके. इस कार्यक्रम के मुख्य वक्ताओं में प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ, उप-प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार, और सेना प्रमुख व फील्ड मार्शल आसिम मुनीर शामिल हैं.

'हमारे पास पुख्ता सबूत हैं'

पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम 2026 में बोलते हुए, मरियम ने नदी की रेत से निकाले गए शुद्ध सोने का एक नमूना दिखाया. उन्होंने बताया कि इन भंडारों की मात्रा का पता लगाने के लिए अभी भी सर्वे चल रहे हैं. मरियम ने आगे कहा,'हमारे पास इस बात के पुख्ता सबूत हैं कि यहां काफी मात्रा में सोना मौजूद है. यह शुद्ध सोना है, जो सचमुच सभी पांच नदियों में बह रहा है, खासकर पंजाब के उत्तर और दक्षिण में स्थित मियांवाली और अटक जिलों में.'

अभी सर्वे कर रहा है पाकिस्तान- मरियम

उन्होंने कहा,'हालांकि, हम सर्वे कर रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि नदियों में कुल कितना सोना है. हम अंतरराष्ट्रीय साझेदारों की भी तलाश कर रहे हैं, ताकि इस मौके को साझा समृद्धि में बदला जा सके.' मरियम ने बताया कि यह सोना रेत और बजरी के साथ मिला है, जिसमें दुर्लभ और कीमती खनिज भी हैं. इन खनिजों का मूल्य खुद सोने के बराबर ही हो सकता है.'

'पंजाब का खनिज राजस्व 10 से 40 अरब पहुंचा'

बिजनेस रिकॉर्डर के मुताबिक मरियम ने इस दावे को पंजाब के खनन क्षेत्र को व्यवस्थित करने की एक बड़ी पहल से जोड़ा. उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पद संभाला था, तब प्रांतीय खान और खनिज विभाग का राजस्व 10 अरब रुपये था, जो ढाई साल में बढ़कर 40 अरब रुपये हो गया है. उन्होंने कहा,'पाकिस्तान सोने का खजाना है. हमें बस इसे बाहर निकालना है, इसकी खोज करनी है और इसे वास्तविक संपत्ति में बदलना है'

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Tahir Kamran

Tahir Kamran

Zee News में नेशनल डेस्क पर देश–विदेश और राजनीति से जुड़ी खबरें लिखते हैं. करियर का आगाज 2015 से 'पंजाब केसरी' ग्रुप के उर्दू अखबार ‘हिंद समाचार’ से किया, जहां वे कंटेट राइटर से पेज डिजाइनर तक पहुंचे. इसके बाद उर्दू, हिंदी और पंजाबी - तीनों भाषाओं में काम करने का मौका मिला. 2018 में डिजिटल की तरफ कूच करते हुए पंजाब केसरी ग्रुप की उर्दू वेबसाइट की लॉन्चिंग टीम का नेतृत्व किया. इसके बाद 2020 में 'Zee Salaam' ज्वाइन किया, यहां भी वेबसाइट को लॉन्च करने के साथ-साथ तीन साल टीम का नेतृत्व भी किया. इसी दौरान ZEE Delhi NCR वेबसाइट भी लॉन्च हुई, जिसमें उनका अहम योगदान रहा. 2023 में India Daily Live की लॉन्चिंग टीम के साथ काम किया और शुरुआती दिनों में हिंदी के अलावा पंजाबी, तमिल, तेलुगु और गुजराती वेबसाइट टीमों को मैनेज किया. अक्टूबर 2024 में फिर से Zee Media में में वापसी करते हुए नेशनल टीम का हिस्सा बने. तकनीक में दिलचस्पी की वजह से उन्होंने React.js और वेब डिजाइनिंग सीखी. यही कारण है कि उनकी खबरों में HTML-CSS के छोटे-छोटे ग्राफिक्स दिख जाते हैं, जो मुश्किल बातों को भी आसान बना देते हैं. करियर की शुरुआत में कुछ दिनों तक फोटो स्टूडियो में भी काम किया, जहां कैमरा, Adobe Photoshop और ग्राफिक डिजाइनिंग सीखी, जो आज भी उनके डिजिटल काम में मदद करता है. उर्दू शायरी से प्यार अलग ही है. ग़ज़लें, नज़्में, गीत भी लिखते हैं और कई अखबारों में उनकी शायरी छप भी चुकी हैं. राहत इंदौरी, मुनव्वर राणा, अनवर जलालपुरी खुशबीर सिंह शाद और नवाज देवबंदी, माजिद देवबंदी  जैसे शायरों के इंटरव्यू व बातचीत का अनुभव भी उनके पास है. आप tahir.kamran@india.com पर सीधे ईमेल या फिर नीचे X और Facbook से जुड़ सकते हैं. 
Read More