App

Explainer: दिवाली पर घर लौटना महंगा? मुंबई से लखनऊ फ्लाइट्स का किराया 23 हजार पार

Diwali 2026 Flights: इस बार दिवाली 8 नवंबर को है. छठ का पर्व भी 13 नवंबर से शुरू हो रहा है. वहीं, दिवाली को लेकर एयरलाइंस ने फ्लाइट्स का किराया बढ़ा दिया है.

Explainer: दिवाली पर घर लौटना महंगा? मुंबई से लखनऊ फ्लाइट्स का किराया 23 हजार पार
Image Credit: AI Image

Diwali 2026 Flights is Expensive: बड़े महानगरों में रहकर पढ़ाई या नौकरी करने वालों के लिए इस दिवाली घर वापसी आसान नहीं होगी. त्योहार नजदीक आते ही लखनऊ आने वाली फ्लाइटों का किराया तेजी से बढ़ गया है. मुंबई से लखनऊ के बीच विमान का किराया 23 हजार रुपये के पार पहुंच गया है. जैसे-जैसे सीटें बुक होती जा रही हैं, किराये में और बढ़ोतरी की संभावना है.

लखनऊ आने वाली फ्लाट्स का किराया 
बड़ी संख्या में लखनऊ के युवा मुंबई, हैदराबाद, पुणे और बेंगलुरु जैसे शहरों में नौकरी या पढ़ाई कर रहे हैं. त्योहार पर अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए वे अपने घर लौटते हैं. इस बार फ्लाइट टिकटों की बढ़ती कीमत ने उनकी परेशानी बढ़ा दी है. अधिकांश एयरलाइंस में सीटें फुल हो गईं हैं. कुछ में बची हैं तो वहां रेट आसमान छू रहे हैं.

लखनऊ आने वाली प्रमुख फ्लाइटों का किराया

मुंबई से लखनऊ इंडिगो 6E-677 — ₹23,753
मुंबई से लखनऊ इंडिगो 6E-643 — ₹21,443
पुणे से लखनऊ एयर इंडिया एक्सप्रेस AI-1618 — ₹23,052
बेंगलुरु से लखनऊ एयर इंडिया एक्सप्रेस AI-1541 — ₹20,538
चेन्नई से लखनऊ इंडिगो 6E-515 — ₹18,833
हैदराबाद से लखनऊ इंडिगो 6E-6167 — ₹13,199

अभी और बढ़ सकता है किराया
वहीं, ट्रैवल एजेंटों का कहना है कि इस बार किराया जिस तेजी से बढ़ रहा है, वह सामान्य स्थिति से काफी अधिक है. किराये में यह बढ़ोतरी तब हो रही है जब दिवाली में अभी समय है. सीटों की बुकिंग बढ़ने के साथ किराया और बढ़ सकता है. ट्रैवल एजेंटों का कहना है कि त्योहार के समय बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं. दिवाली के आसपास फ्लाइटों में मांग बढ़ने से किराया बढ़ना आम बात है, लेकिन इस बार मुंबई, हैदराबाद, चेन्नई, पुणे और बेंगलुरु से लखनऊ आने वाली कई उड़ानों का किराया काफी ज्यादा है.

कब है दिवाली और छठ? 
इस बार दिवाली 8 नवंबर को मनाई जाएगी. वहीं, छठ का पर्व 13 नवंबर से शुरू होगा, जो 16 नवंबर तक चलेगा. इससे पहले ही लोगों की घर वापसी शुरू हो जाती है. ट्रेनों में भी टिकट न मिलने की वजह से लोगों को हवाई सफर का सहारा लेना पड़ता है. लेकिन बढ़ा हुआ किराया उनकी जेब पर भारी पड़ सकता है. एयरलाइंस के बढ़ते रेट का सीधा असर आम यात्रियों की जेब पर पड़ रहा है.

फ्लाइट का फैमिली कैलकुलेशन भी जान लें
फ्लाइट के ये रेट एकतरफा सफर के हैं. वहीं, अगर कोई मुंबई, हैदराबाद या बड़े शहरों में नौकरी करता है और पत्नी-बच्चों के साथ लखनऊ आ रहा है. तो एक व्यक्ति का किराया ₹23,753 के हिसाब से चार लोगों का किराया ₹95,012 रुपये तक पहुंच सकता है. गौर करने वाली बात यह है कि ये सिर्फ आने का किराया है. वापसी टिकट, एयरपोर्ट तक पहुंचने का खर्च और सामान का शुल्क अलग हो सकता है.

मुंबई से बरेली का क्या हाल? 
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, वर्तमान में नवी मुंबई से बरेली की फ्लाइट का सामान्य किराया करीब 6,061 रुपये है. वहीं, 6 नवंबर यानी दिवाली से दो दिन पहले इसी रूट का किराया जानकर आपके होश उड़ जाएंगे. नवी मुंबई से बरेली तक 6 नवंबर का किराया 17 हजार रुपये पार कर गया है. वापसी में बरेली से नवी मुंबई के लिए 11 नवंबर की फ्लाइट का किराया 13,863 रुपये तक पहुंच गया है. 5 और 7 नवंबर के लिए यही किराया बढ़कर 20,960 रुपये तक पहुंच गया है.

किस शहर से लखनऊ आना सबसे महंगा? 
मुंबई से वाराणसी का किराया 6 नवंबर को 13 हजार पार कर गया है. वाराणसी से वापसी का सफर और महंगा हो सकता है. इसी तरह मुंबई से अयोध्या, मुंबई से गोरखपुर आदि का रेट भी बढ़ा हुआ है. अगर लखनऊ शहर की बात करें तो यहां का किराया सबसे ज्यादा है. मुंबई, बेंगलुरु और पुणे जैसे शहरों से आने जाने का रेट सबसे ज्यादा है. वहीं, चेन्नई और हैदराबाद से आने वाली फ्लाइट्स के किराये में कुछ रियासत देखने को मिल सकती है.

ट्रेनों का भी हाल जान लीजिए 
दिल्ली से लखनऊ, बनारस और प्रयागराज आदि जगह जाने वाली अधिकांश ट्रेनों में दो माह पहले ही टिकट बुक हो चुकी हैं. संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, शिव गंगा एक्सप्रेस, राजधानी एक्सप्रेस और वंदेभारत में भी 4 से 6 नवंबर तक यूपी जाने के लिए सीट उपलब्ध नहीं हैं.
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More