)
मयूर शुक्ला/लखनऊ: यूपी कांग्रेस मुख्यालय में नए प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जमकर हंगामा हो गया. पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और कांग्रेस पार्षद ममता चौधरी से जुड़े समर्थकों के बीच विवाद सामने आया है. आरोप है कि अजय राय को लेकर की गई कथित टिप्पणी के बाद विवाद बढ़ गया. देखते ही देखते कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. विरोध में समर्थक जूते लेकर सामने आ गए.
राहुल गांधी से फोन पर बात की
कांग्रेसी आपस में भिड़ गए. जूते-चप्पल चले और जमकर धक्का-मुक्की हुई. करीब 30 मिनट तक गहमागहमी का माहौल रहा. हंगामे के बाद यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय धरने पर बैठ गए. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ बदसलूकी हुई. मामला बिगड़ता देख सांसद प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद वहां पहुंचे. प्रमोद तिवारी ने अजय राय के सामने हाथ जोड़े. इमरान मसूद ने भी उन्हें मनाया. इस दौरान अजय राय की राहुल गांधी से फोन पर बात हुई. इसके बाद वह धरने से उठकर वहां से चले गए.
अजय राय ने नाराजगी जाहिर की
इस घटनाक्रम के बाद अजय राय ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के सामने अपनी नाराजगी जाहिर की और कार्रवाई की मांग की.
वहीं, आराधना मिश्रा मोना के पदभार ग्रहण कार्यक्रम के दौरान हुए इस हंगामे ने यूपी कांग्रेस के अंदरूनी मतभेदों को चर्चा में ला दिया है. पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बड़ा सवाल है कि क्या कांग्रेस नेतृत्व इस विवाद पर कार्रवाई करेगा? या पार्टी के भीतर की यह नाराजगी आगे भी सामने आती रहेगी?.
2027 में यूपी में सरकार बनान लक्ष्य: आराधना मिश्रा
बाद में पत्रकारों से बातचीत में यूपी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना ने कहा, “मेरा पहला काम पार्टी वर्कर्स और लीडरशिप के मुझ पर जताए गए भरोसे पर खरा उतरना है. हमारा लक्ष्य 2027 में सरकार बनाना और उत्तर प्रदेश को एक नई दिशा में ले जाना है. INDIA अलायंस को मजबूत करना एक मुख्य मकसद है, और हर एक कांग्रेस वर्कर देश के डेमोक्रेसी और कॉन्स्टिट्यूशन की रक्षा के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस पार्टी की लीडरशिप में चल रहे संघर्ष को मजबूत करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं. वहीं, प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद ने पदभार ग्रहण करने पर कहा, "अभी लड़ाई लंबी है. राहुल जी के नेतृत्व में पूरे प्रदेश के अंदर संघर्ष चल रहा है."
आम आदमी परेशान है
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन पर कहा, "राहुल जी के नेतृत्व में पूरा इंडिया ब्लॉक एकजुट है और ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना चाहिए. पूरी कांग्रेस पार्टी और पूरा विपक्ष सड़क पर है. अध्यक्ष अजय राय ने कहा, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार कहीं ना कहीं सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं. आम जनता से जाकर पूछिए, गरीब आदमी से पूछिए, हर आदमी परेशान है.
अजय राय ने आराधना मिश्रा को दी शुभकामनाएं
SIR में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले कमजोर लोगों का नाम काटा गया है और उनको अपने मत के अधिकार से वंचित किया गया है, जिन लोगों ने उनका समर्थन दिया है मैं उनसे कहना चाहूंगा कि बस्ती में चले जाइए, SIR की असलियत पता चल जाएगी. अजय राय ने कांग्रेस की नई प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा के पदभार ग्रहण करने पर कहा, "मैं उनको अपनी शुभकामनाएं देता हूं और निश्चित तौर से आगे मेहनत करें, परिश्रम करें और कार्यकर्ताओं का सम्मान करें. कार्यकर्ताओं का ध्यान हमेशा रखें."