बलरामपुर को मिली बड़ी सौगात: 803 करोड़ रुपये से लगेंगे विकास के पंख, 10 वर्षों में बदले जिले की तस्वीर
Balrampur News: सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को बलरामपुर दौरे पर थे. इस दौरान उन्होंने 803 करोड़ रुपये से अधिक की 78 विकास परियोजनाओं की सौगात दी.
पवन कुमार तिवारी/बलरामपुर: शारदीय नवरात्रि से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर को बड़ी सौगात दी है. उतरौला विधानसभा के क्षेत्र के बिलरिया गांव में आयोजित कार्यक्रम में जिले को 803 करोड़ रुपये से अधिक की 78 विकास परियोजनाओं की सौगात दी. शनिवार को मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने लाभार्थियों को लैपटॉप, चेक, चाबी और आवास स्वीकृति पत्र भी वितरित किए. मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और जनपद को विकास के नए प्रतिमानों के साथ आगे बढ़ाया जाएगा.
शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं
मुख्यमंत्री ने मां पाटेश्वरी की पावन धरती को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को शारदीय नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा कि बलरामपुर का ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है. सरकार का लक्ष्य है कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.
लाभार्थियों को मिले चेक, लैपटॉप और आवास स्वीकृति पत्र
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत विकास यादव और मो. शादाब को लैपटॉप दिए गए. कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के तहत किरन वर्मा और हिमांशु यादव को चाबी सौंपी गई. मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत अजय कुमार पाल, हसन रजा और गुफरान अंसारी को स्वरोजगार के लिए 5-5 लाख रुपये के चेक दिए गए. मुख्यमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत किशना देवी, उर्मिला देवी, संगीता और ननका देवी को आवास स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए. वहीं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत गुड़िया वर्मा और पिंकी को 45 लाख रुपये का चेक दिया गया.
प्रधानमंत्री मोदी से कराएंगे विश्वविद्यालय का लोकार्पण
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मां पाटेश्वरी के नाम पर स्थापित राज्य विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र शुरू हो चुका है. विश्वविद्यालय भवन का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इसका लोकार्पण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. मुख्यमंत्री ने रिंग रोड निर्माण, चीनी मिल के विस्तार, सड़क कनेक्टिविटी और थारू जनजातीय संग्रहालय का जिक्र करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं से जिले के विकास को गति मिलेगी.
10 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में बलरामपुर के विकास के लिए 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं के लिए धनराशि उपलब्ध कराई गई है. सरयू नहर परियोजना, पुलों और सड़कों का निर्माण तथा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार जिले की तस्वीर बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं. उन्होंने कहा कि कभी पिछड़े जिले के रूप में पहचाने जाने वाला बलरामपुर अब संभावनाओं के जनपद के रूप में आगे बढ़ रहा है. युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है. मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में पिछले साढ़े नौ वर्षों में लगभग 9.50 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है.
आपदा प्रभावितों को 24 घंटे में सहायता देने पर जोर
योगी ने कहा कि बाढ़, प्राकृतिक आपदा और मानव-वन्यजीव संघर्ष में जनहानि या पशुहानि होने पर प्रभावित परिवारों को नियमानुसार 24 घंटे के भीतर मुआवजा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता है. उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को भी सरकार की प्राथमिकता बताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में माफिया गतिविधियों, अवैध कब्जों और अराजकता के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी. उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने का आह्वान किया.