SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

राहुल और अखिलेश का पूरा हिसाब होगा: बिल्हौर में गरजे आकाश आनंद, बीजेपी को भी घेरा

कानपुर चुनावी जनसभा को संबोधित करने पहुंचे बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर हमलावर नजर आए.

Written By Amitesh Pandey
Published: Nov 29, 2026, 20:13 IST | Updated: Nov 29, 2026, 20:18 IST
Image Credit: File Photo
Join

कानपुर की बिल्हौर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को बहुजन समाजवादी पार्टी की विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचे बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि संविधान की कॉपी दिखाने वाले राहुल गांधी और पीडीए की बात करने वाले अखिलेश यादव का अब पूरा हिसाब होगा. साथ ही उन्होंने भाजपा के 10 साल के कामकाज में महंगाई, बेरोजगारी, स्कूल बंद होने और खराब सड़कों पर भी सवाल उठाए. विपक्ष के बी टीम वाले आरोपों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को किसी से रास्ता पूछने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह शहर और समाज खुद उसकी मेहनत से बना है.

25 हजार स्कूल बंद करने का आरोप

भाजपा सरकार को घेरते हुए आकाश आनंद ने कहा कि 4000 करोड़ रुपये से बना लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे दो हफ्ते में ही धंस गया. 20 दिन में पांच बार मरम्मत हुई, टोल बंद करना पड़ा और लोगों ने वीडियो में सड़क को पंखे से सुखाते देखा. उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड और पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे भी खराब हुए जबकि बसपा का बनाया नोएडा-आगरा एक्सप्रेस-वे आज भी सही है. उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में 25000 से ज्यादा स्कूल बंद कर दिए गए हैं. एनकाउंटर की सरकार और डबल इंजन पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि थानों में सुनवाई नहीं होती और दोनों डिप्टी सीएम शोकेस के शोपीस की तरह रखे गए हैं. जिनके पास कलम नहीं है. आज तक एक भी दलित डिप्टी सीएम नहीं बनाया गया.

कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आकाश आनंद ने कहा कि राहुल गांधी मंचों से बाबा साहब का नाम लेते हैं लेकिन कांग्रेस ने ही उन्हें चुनाव हरवाया, मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने को मजबूर किया और दशकों तक भारत रत्न नहीं दिया. उन्होंने कहा कि 1990 में वीपी सिंह की सरकार में कांशीराम और मायावती के दबाव में भारत रत्न मिला तो भाजपा ने समर्थन वापस ले लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने आरक्षण का बैकलॉग खाली रखा और दिल्ली में छात्रों के साथ खड़े दिखने के बाद रांची में उन्हीं पर लाठीचार्ज कराया.

मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील

सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि पीडीए के पी का मतलब गिरगिट की तरह बदलता है. कभी पिछड़ा तो कभी पंडित. आगरा के दलित सम्मान सम्मेलन में प्रोफेसर रामगोपाल यादव द्वारा युवाओं को मूर्ख कहे जाने पर उन्होंने माफी की मांग की. साथ ही आरोप लगाया कि 2012 में सपा सरकार ने रमाबाई नगर समेत कई जिलों के नाम बदलकर इतिहास मिटाया और संसद में प्रमोशन में आरक्षण बिल की कॉपी फाड़ी. अंत में उन्होंने कानपुर के मजदूरों व बंद मिलों की बात करते हुए मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील की.

(कानपुर से प्रवीण पांडे की रिपोर्ट) 

यह भी पढ़ें ; UP: सीट बंटवारे पर बवाल के बीच कांग्रेस ने बढ़ाया आराधना मिश्रा का कद, 2 कमेटियों का ऐलान

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. वे हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. पत्रकारिता की पढ़ाई भी प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES