App

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: खत्म हो गया एक ही परिवार के 3 लोगों का सफर

कोटा के सुल्तानपुर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर नीमली के पास कार पुलिया से टकराकर पलट गई. हादसे में दिल्ली निवासी राजेश कनोडिया, पत्नी मोनिका और बेटे यक्ष की मौत हो गई. ASP ने मौके का जायजा लेकर रोड इंजीनियरिंग की खामियों पर सवाल उठाए.

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: खत्म हो गया एक ही परिवार के 3 लोगों का सफर
Image Credit: Delhi Mumbai Expressway Accident (AI Generated Image)

राजस्थान के कोटा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया. सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के नीमली गांव के पास एक कार अनियंत्रित होकर मीडियन में बनी पुलिया से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि कार तीन-चार बार पलटते हुए एक्सप्रेसवे से नीचे जा गिरी. हादसे में दिल्ली निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई. परिवार उज्जैन में बाबा महाकाल के दर्शन करने जा रहा था.

माता-पिता और बेटे की मौत

सुल्तानपुर थानाधिकारी दौलत साहू के मुताबिक, मृतकों की पहचान दिल्ली के शास्त्री नगर, अशोक विहार निवासी राजेश कुमार कनोडिया (56), उनकी पत्नी मोनिका कनोडिया (48) और बेटे यक्ष कनोडिया के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, परिवार दिल्ली से मुंबई की ओर जा रहा था. इसी दौरान नीमली के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और एक्सप्रेसवे के बीच बने मीडियन में जा उतरी. वहां नाले के पानी की निकासी के लिए बनी पुलिया से कार टकरा गई. हादसे में एक महिला और पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरे घायल को एंबुलेंस से सुल्तानपुर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां उसने भी दम तोड़ दिया.

ASP ने मौके पर पहुंचकर किया निरीक्षण

हादसे की सूचना मिलने पर कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने मौके का जायजा लिया और हादसे के संभावित कारणों की रिपोर्ट तैयार की. ASP रामकल्याण मीणा के मुताबिक, मीडियन में पानी की निकासी के लिए बनाई गई पुलिया की ऊंचाई कम है. तेज गति से आई कार इससे टकरा गई. उनका कहना है कि अगर पुलिया की ऊंचाई अधिक होती तो संभव है कि हादसा टल जाता. हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है.

रोड इंजीनियरिंग पर उठे सवाल

ASP ने बताया कि रोड इंजीनियरिंग में खामियों के चलते सड़क हादसे हो रहे हैं. इस संबंध में पुलिस की ओर से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) को भी रिपोर्ट भेजी गई है. एक्सप्रेसवे पर लगातार हो रहे जानलेवा हादसों के बीच सड़क निर्माण और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठ रहे हैं. वहीं, तीनों शवों को सुल्तानपुर चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया गया है. परिजनों के आने के बाद सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Ansh Raj

Ansh Raj

अंश राज Zee News में सब-एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. रीजनल की हर छोटी-बड़ी खबर पर उनकी पैनी नजर रहती है. क्राइम, पॉलिटिक्स और पावर कॉरिडोर से जुड़ी खबरों में उनकी खास दिलचस्पी है. नई चीजों को सीखने की अक्सर फिराक में रहते हैं. डिजिटल मीडिया में करीब 3 साल का अनुभव रखने वाले अंश राज ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से जर्नलिज्म में मास्टर्स किया है. खबरों की गंध को सबसे पहले पहचानना, उसकी तह तक पहुंचना, उसे सबसे पहले, सबसे तेज और सबसे बेहतर तरीके से दर्शकों तक पहुंचाना ही इनका मकसद है. यही अंश राज है.अंश राज से आप ansh.raj@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा, एक्स (ट्विटर) और फेसबुक के जरिए भी उनसे सीधा संवाद कर सकते हैं.
Read More