)
मैनपुरी में जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. आरोप है कि एक बेटे ने अपने ही मां-बाप और बहन को कार से कुचल दिया. हादसे में पिता की मौके पर मौत हो गई, जबकि मां ने सैफई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बहन गंभीर रूप से घायल है. वारदात के बाद आरोपी पत्नी और बच्चों को लेकर फरार हो गया.
2 बिस्वा जमीन और मकान को लेकर था विवाद
घटना किशनी थाना क्षेत्र के दिवनपुर साहिनी गांव के पास रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे की है. अजीम खान का अपने बड़े बेटे अरमान से 2 बिस्वा जमीन और मकान के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि अरमान जमीन और मकान अपने नाम कराना चाहता था. इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर झगड़ा होता था. रविवार को भी अरमान का पिता से विवाद हुआ. इस दौरान उसने गाली-गलौज की. इसके बाद अजीम ने 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी. पुलिस गांव पहुंची, लेकिन अरमान वहां नहीं मिला. पुलिस ने अजीम को थाने आकर शिकायत देने के लिए कहा.
थाने से लौटते समय कार से मारी टक्कर
पुलिस के कहने पर अजीम अपनी पत्नी अख्तरी बेगम और बेटी गुलफ्शा के साथ बाइक से किशनी थाने पहुंचे. दोपहर करीब 12:30 बजे तीनों बाइक से घर लौट रहे थे. आरोप है कि रास्ते में अरमान पहले से अपनी कार लेकर मौजूद था. उसने परिवार की बाइक का पीछा किया और घर से करीब एक किलोमीटर पहले उसे जोरदार टक्कर मार दी टक्कर लगने से अजीम, अख्तरी और गुलफ्शा सड़क पर गिर गए. आरोप है कि इसके बाद अरमान कार से उतरा और फिर मां-बाप पर 2-3 बार कार चढ़ाकर मौके से भाग निकला.
पिता की मौके पर मौत, मां ने सैफई में तोड़ा दम
हादसे की जानकारी मिलने पर छोटा बेटा फरमान और गांव के लोग मौके पर पहुंचे. कार से कुचलने के कारण अजीम खान की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, अख्तरी बेगम और गुलफ्शा गंभीर रूप से घायल थीं. दोनों को गांववालों की मदद से सैफई ले जाया गया. वहां डॉक्टरों ने अख्तरी बेगम को मृत घोषित कर दिया. गुलफ्शा का इलाज चल रहा है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
पत्नी और बच्चों को लेकर फरार हुआ आरोपी
परिवार के मुताबिक, वारदात के बाद अरमान घर पहुंचा और अपनी पत्नी व बच्चों को लेकर फरार हो गया. अरमान दिल्ली में बेकरी का काम करता है और उसकी शादी करीब एक साल पहले हुई थी. सुल्तानपुर थानाधिकारी गिरीश कुमार ने बताया कि अभी तक मामले में शिकायत नहीं मिली है. शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आरोपी अरमान की तलाश में जुटी है.