)
कांग्रेस की चुनाव समिति/लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है. पार्टी ने राज्य के लिए दो महत्वपूर्ण समितियों का गठन किया है. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. शनिवार को एआईसीसी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इसका आदेश जारी किया, जो तुरंत लागू हो गया.
37 सदस्यों वाली प्रदेश चुनाव समिति का अध्यक्ष यूपी कांग्रेस की अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' को बनाया गया है. यही समिति आने वाले विधानसभा चुनाव में टिकट तय करने और चुनावी रणनीति को अंतिम रूप देने का काम करेगी.
दूसरी समिति राजनीतिक मामलों की है, जिसमें 42 सदस्य रखे गए हैं. यह समिति प्रदेश की पूरी राजनीतिक रणनीति और बड़े नीतिगत फैसलों पर काम करेगी. इसमें प्रदेश के बड़े नेताओं, सांसदों और विधायकों को जगह दी गई है.

कांग्रेस ने दोनों समितियों में वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा और महिला नेताओं को भी बराबर मौका दिया है. समितियों में राजेंद्र पाल गौतम, प्रमोद तिवारी, इमरान मसूद, राजीव शुक्ला, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, सलमान खुर्शीद, राज बब्बर और पीएल पुनिया जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इसके अलावा सांसद किशोरी लाल शर्मा, इमरान प्रतापगढ़ी, राकेश राठौर, तनुज पुनिया, उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, निर्मल खत्री, अजय कुमार लल्लू, बृजलाल खाबरी, राशिद अल्वी और सुप्रिया श्रीनेत को भी जगह मिली है.

संगठन में तालमेल बनाए रखने के लिए समितियों में पदेन सदस्य भी रखे गए हैं. इनमें महिला कांग्रेस की क्षेत्रीय अध्यक्ष, युवा कांग्रेस के पश्चिमी, पूर्वी और मध्य जोन के अध्यक्ष, एनएसयूआई के जोनल अध्यक्ष, सेवा दल के मुख्य आयोजक और दूसरे विभागों के पदाधिकारी शामिल हैं. साथ ही कोषाध्यक्ष और यूपी प्रभारी से जुड़े एआईसीसी और यूपीसीसी सचिवों को भी शामिल किया गया है. पार्टी के इस फैसले को चुनाव से पहले संगठन को धार देने और वरिष्ठ व युवा नेताओं के बीच तालमेल बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.