)
प्रवेश कुमार/अयोध्या: सपा मुखिया अखिलेश यादव और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच चुनावी चैलेंज को लेकर अब अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता का बयान सामने आया है. उन्होंने अखिलेश यादव को अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए दावा किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुकाबले यह चुनाव एकतरफा होगा. विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या आएं और चुनाव लड़ें. अगर अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव के बीच मुकाबला होता है, तो अखिलेश यादव अपनी जमानत तक नहीं बचा पाएंगे.
अयोध्या की तस्वीर बदल दी
वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि 2017 के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या की तस्वीर बदलने का काम किया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अयोध्या को वैश्विक पर्यटन नगरी बनाने के संकल्प को पूरा किया गया है. आज अयोध्या विश्व प्रसिद्ध नगरी बन चुकी है और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है. उन्होंने अखिलेश यादव के पांच साल के मुख्यमंत्री कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस दौरान भी अयोध्या के विकास के लिए कोई उल्लेखनीय काम नहीं हुआ, जबकि उनकी कैबिनेट में अयोध्या के प्रतिनिधि मंत्री भी थे.
अयोध्या को लेकर अखिलेश परेशान क्यों?
विधायक ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या को लेकर परेशान क्यों हैं? यह समझ से परे है. उन्होंने अयोध्या में हुए विकास कार्यों का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को देते हुए कहा कि दोनों नेताओं ने देश के तीर्थस्थलों को नई पहचान दिलाने का काम किया है.
सीएम योगी ने दिया था करारा जवाब
पिछले दिनों सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने दावा किया था कि बीजेपी को अयोध्या से कोई प्रत्याशी नहीं मिल रहा है. अखिलेश यादव ने सीएम योगी को अयोध्या से चुनाव लड़ने का चैलैंज दिया था. इसके बाद सीएम योगी ने चैलेंज स्वीकार करते हुए कहा कि आइए एक बार आमना सामना हो ही जाए. अयोध्या से नामांकन करिए, मैं भी किस्मत आजमाउंगा.
अभिनेत्री कंगना रनौत अयोध्या पहुंचीं
फिल्म अभिनेत्री और हिमाचल प्रदेश के मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत रविवार को अयोध्या पहुंचीं. इस दौरान उन्होंने राम मंदिर में रामलला और हनुमानगढ़ी में हनुमान जी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. दर्शन के बाद कंगना रनौत ने कहा कि राम मंदिर और हनुमान जी के दर्शन करने का आज उन्हें सौभाग्य मिला है. उन्होंने कहा कि पर्वों के इस पावन समय में पूरे भारतवर्ष के लोग अयोध्या धाम के दर्शन करने के लिए इच्छुक हैं. ऐसे में उन्हें भी आज रामलला और हनुमान जी के दर्शन का अवसर मिला. कंगना ने कहा कि वह प्रसाद लेकर घर जा रही हैं. दरअसल, कंगना रनौत अयोध्या में एक ज्वेलरी शोरूम का उद्घाटन करने पहुंची थीं. इस दौरान उनके अयोध्या आगमन को लेकर लोगों में उत्साह देखने को मिला.