गोरखपुर से BJP फूंकेगी चुनावी बिगुल: 2027 के लिए पूर्वांचलन प्लान तैयार, नितिन नबीन कार्यकर्ताओं में भरेंगे जोश
बीजेपी पूर्वांचल को साधने में जुट गई है. कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सक्रिय करने के लिए खुद बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गोरखपुर आ रहे हैं.
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बीजेपी ने अपनी सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं. गोरखपुर से पार्टी अपने चुनावी अभियान को नई धार देने जा रही है. 4 नवंबर को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन गोरखपुर में प्रस्तावित ‘संविधान बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में शामिल होंगे. इसी कार्यक्रम की रणनीति तैयार करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गोरखपुर पहुंचे. रानीडीहा स्थित बीजेपी के क्षेत्रीय कार्यालय में हुई बैठक में सांसदों और विधायकों समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया.
4 नवंबर को बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष का दौरा
गोरखपुर के रानीडीहा स्थित बीजेपी क्षेत्रीय कार्यालय में रविवार को सियासी हलचल तेज रही. प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की मौजूदगी में 4 नवंबर को प्रस्तावित पदयात्रा की तैयारियों और रणनीति पर मंथन हुआ. इस पदयात्रा में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शामिल होंगे. बैठक में राज्यसभा और लोकसभा सांसदों के साथ एमएलसी और विधायक भी मौजूद रहे. पार्टी का लक्ष्य इस अभियान के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का है.
मिशन 2027 को धार देंगे
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने मिशन-2027 को लेकर बीजेपी की रणनीति सामने रखी. उन्होंने इंडिया गठबंधन की रैली को फ्लॉप बताते हुए विपक्ष पर निशाना साधा. वहीं, अखिलेश यादव के जमीन खिसकने वाले बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि उत्तर प्रदेश को माफिया और अराजकता से मुक्ति कैसे मिली. उन्होंने योगी सरकार के कार्यकाल में कानून-व्यवस्था मजबूत होने और माफिया राज पर अंकुश लगने का दावा किया.
पूर्वांचल की सियासत पर कितना पड़ेगा असर?
इतना ही नहीं बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भरोसा जताया कि जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं की ताकत के दम पर पार्टी 2027 में एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार बनाएगी. पार्टी की ओर से 3, 4 और 5 नवंबर को अलग-अलग संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. चार नवंबर की पदयात्रा को मिशन-2027 के लिहाज से अहम माना जा रहा है. अब गोरखपुर से शुरू होने वाला यह अभियान पूर्वांचल की सियासत में कितना असर डालता है, इस पर सबकी नजर रहेगी.
सीएम योगी का गढ़
गोरखपुर क्षेत्र यूपी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गढ़ माना जाता है. पूर्वांचल की सियासत में गोरखपुर क्षेत्र काफी अहम माना जाता है. ऐसे में बीजेपी गोरखपुर से चुनावी शंखनाद करने जा रही है. साथ ही पिछले कुछ महीने में कार्यकर्ताओं में बढ़ी नाराजगी को भी दूर करने की योजना है.
(गोरखपुर से नागेन्द्र मणि त्रिपाठी की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें ; सीएम योगी ने किसानों को दी बड़ी राहत: बारिश से नुकसान की भरपाई के लिए बड़े पैकेज का ऐलान