App

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का कल भागलपुर दौरा, विजय चौधरी समेत NDA के कई बड़े नेता होंगे शामिल

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार भागलपुर पहुंचेंगे. उनके स्वागत को लेकर बीजेपी और एनडीए ने तैयारियां पूरी कर ली हैं. इस दौरान लाजपत पार्क से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा निकाली जाएगी.

BJP अध्यक्ष नितिन नवीन का कल भागलपुर दौरा, विजय चौधरी समेत NDA के कई बड़े नेता होंगे शामिल
Image Credit: नितिन नवीन, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष

बिहार के भागलपुर में कल यानी 2 नवंबर को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन क आगमन होने जा रहा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका ये पहला भागलपुर दौरा होने वाला है. राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत और कार्यक्रम को लेकर बीजेपी और एनडीए की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ एनडीए के घटक दलों के कई वरिष्ठ नेता भी इस 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होंगे. कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए पार्टी के नेता और कार्यकर्ता लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं. इस दौरे को लेकर स्थानीय बीजेपी कार्यकर्ताओं में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है.

लाजपत पार्क से शुरू होगी पदयात्रा

इस कार्यक्रम की शुरुआत भागलपुर केलाजपत पार्क में आयोजित सभा से होगी. सभा होने के बाद यहीं से पदयात्रा निकाली जाएगी. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, पदयात्रा भामाशाह चौक होते हुए सेवा चौक पहुंचेगी. इसके बाद घंटाघर तक जाएगी, जहां इसका समापन होगा. इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए एनडीए के नेता और कार्यकर्ता कार्यक्रम में अपनी भागीदारी निभाएंगे. पदयात्रा के आयोजन को लेकर संबंधित तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

विजय चौधरी समेत NDA के कई वरिष्ठ नेता होंगे शामिल

इस पदयात्रा में बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी, मंत्री दीपक प्रकाश, संतोष कुमार सुमन और बिहार बीजेपी अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की जानकारी दी गई है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ एनडीए के घटक दलों के नेताओं की मौजूदगी भी कार्यक्रम का हिस्सा होगी. बीजेपी और एनडीए की ओर से इस आयोजन में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है.

नीतीश मिश्रा ने की पदयात्रा में शामिल होने की अपील

वहीं, भागलपुर के प्रभारी मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि लगातार कुछ तत्वों की ओर से षड्यंत्र रचकर संवैधानिक संस्थाओं के प्रति लोगों को दिग्भ्रमित करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि गलत अफवाहों के जरिए सत्ता हासिल करने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने कहा कि इसी के विरोध में एनडीए देशभर में पदयात्रा आयोजित कर रहा है. नीतीश मिश्रा ने आम लोगों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल हों और पदयात्रा को सफल बनाएं.

रिपोर्ट: अश्वनी कुमार

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Rupak Kumar

Rupak Kumar

रुपक कुमार मिश्रा zee bihar Jharkhand की डिजिटल टीम में बतौर Sub-editor के तौर पर कार्यरत है. वे राजनीति, क्राइम, यूटिलिटी और रुटीन खबरों पर काम करते हैं. इसके अलावा, टेक्नोसिस मीडिया में इन्हें एक साल काम करने का अनुभव है. शिक्षा की बात करें तो राजर्षि टंडन ओपन यूनिवर्सिटी से इन्होंने मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन की डिग्री हासिल की है.
Read More