)
राजवीर चौधरी/बिजनोर: बिजनौर में पटाका फैक्ट्री की आड़ में चोरी छिपे सुतली बम और 315 बोर के कारतूत बनाने का भंडाफोड़ किया गया है. पुलिस ने यहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है. पकड़े गए गैंग के सदस्य के तार मुंबई तक जुड़े हैं. पुलिस ने समय रहते पटाखा फैक्ट्री से 1000 किलो TNT विस्फोटक सामग्री बरामद की है, जो ब्लास्ट होने पर दूर दराज तक भारी तबाही मचा सकती थी.
3 साल से संचालित हो रही थी फैक्ट्री
दरअसल, बिजनौर से सटे चौकपुरी गांव में बजरंग फायर वर्क्स के नाम से पटाखा फैक्ट्री पिछले 3 सालों से संचालित हो रही थी. पटाखा फैक्ट्री का मालिक आशीष बालियान है. बिजनौर एसपी केके बिश्नोई ने बताया कि उनके सीयूजी नंबर पर पटाखा फैक्टरी पर किसी ने शिकायत की थी. शिकायत के आधार पर राजस्व विभाग की टीम अग्निशमन विभाग व पुलिस के अधिकारियों ने जब अचानक पटाखा फैक्टरी पर छापेमारी की तो उनके भी होश उड़ गए.
1000 किलो टीएनटी बरामद
फैक्ट्री में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है. फैक्ट्री से एल्युमिनियम पाउडर 130 किलोग्राम जब्त की गई है. साथ ही पोटेशियम नाइट्रेट 548 किलोग्राम कच्चा विस्फोटक माल बरामद हुआ है, जो तमिलनाडु, महाराष्ट्र से खरीदा जाता था. सुतली बम वाले पटाखे 39 कुंतल 59 किलोग्राम बरामद किए गए हैं. 315 व 32 बोर के निर्मित अर्धनिर्मित 36 कारतूस भी बरामद हुए हैं. पटाखा फैक्ट्री में भंडारण की क्षमता महज 50 किलोग्राम की ही सरकारी तौर पर दी जाती है, जबकि फैक्ट्री से 1000 किलो TNT विस्फोटक बरामद हुआ है जो ब्लास्ट होने पर दूर दराज तक भारी तबाही मचा सकता था.
मुंबई से जुड़े तार खंगाले जा रहे
पुलिस ने बिजनौर के नहटौर के रहने वाला युसूफ उर्फ मुल्ला बारूद व गुफरान अंसारी को गिरफ्तार किया है. युसूफ उर्फ मुल्ला बारूद 3 साल से विस्फोटक बनाने में सक्रिय है. साथ ही मुल्ला बारूद के मुंबई से भी तार जुड़े हैं, जिनकी बिजनौर पुलिस गहनता से जांच पड़ताल कर रही है. फिलहाल फैक्ट्री को सील करते हुए विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित स्थान पर रख दिया गया है.