App

"वे मेरे मेहमान हैं, मेरा कोई गलत इरादा नहीं था"...विदेशी कोच मारविन आर्ची के आरोपों पर फफक पड़ीं बिग बॉस फेम शिवानी

औरैया की इन्फ्लुएंसर शिवानी कुमारी पर अमेरिकी फिटनेस कोच मार्विन आर्ची ने अपमान का आरोप लगाया है. टेसू की शादी में चेहरे पर पेंट किए जाने को लेकर विवाद के बाद शिवानी ने भी वीडियो जारी कर सफाई दी.

"वे मेरे मेहमान हैं, मेरा कोई गलत इरादा नहीं था"...विदेशी कोच मारविन आर्ची के आरोपों पर फफक पड़ीं बिग बॉस फेम शिवानी
Image Credit: Marvin Archie vs. Shivani Kumari

गौरव श्रीवास्तव/औरैया: बिग बॉस फेम और चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शिवानी कुमारी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. इस बार मामला विदेशी मेहमान के सम्मान से जुड़ा है. अमेरिका के फिटनेस कोच और इन्फ्लुएंसर मार्विन आर्ची ने शिवानी पर भारतीय संस्कृति के नाम पर मजाक और अपमान का आरोप लगाया है. मार्विन का वीडियो सामने आने के बाद शिवानी ने भी रोते हुए सफाई दी है.

जानिए क्या है पूरा मामला? टेसू की शादी में चेहरे पर पेंट

मार्विन ने अपने वीडियो में बताया कि वह भारतीय संस्कृति से बेहद प्यार करते हैं. शिवानी को वह सिर्फ इन्फ्लुएंसर नहीं, बल्कि दोस्त मानते थे. इसीलिए वह भारत के गांव, शादी-विवाह की परंपरा देखने के लिए औरैया के अरियरी गांव पहुंचे थे. गांव में झेंझी-टेसू की शादी के कार्यक्रम के दौरान उनके चेहरे पर पेंट कर दिया गया. मार्विन ने बताया कि उस समय उन्हें लगा कि ये भारतीय परंपरा का हिस्सा है, इसलिए उन्होंने हंसकर स्वीकार कर लिया. लेकिन बाद में उनके एक दोस्त ने बताया कि ये परंपरा नहीं, बल्कि उनके साथ मजाक था. इसके बाद से वह आहत हैं.

"क्या विदेशी मेहमान के साथ ऐसा करना सही है?"

मार्विन ने वीडियो में अपनी दोस्त फर्नाडा का जिक्र करते हुए सवाल उठाया - जब कोई विदेशी किसी दूसरे देश की भाषा-संस्कृति को समझे बिना वहां जाता है, तो क्या उसके साथ ऐसा व्यवहार होना चाहिए? उन्होंने कहा कि वह भारत का सम्मान करते हैं, लेकिन इस घटना से उन्हें ठेस पहुंची है.

रोते हुए बोलीं शिवानी - "मार्विन मेरे भाई जैसा"

मार्विन का वीडियो वायरल होते ही शिवानी कुमारी ने भी अपना पक्ष रखा. रोते हुए शिवानी ने कहा कि मार्विन उनके लिए मेहमान और भाई जैसे हैं, उन्होंने कभी उनका अपमान नहीं किया. अगर उन्हें बुरा लगा था तो सीधे बात कर सकते थे, सोशल मीडिया पर वीडियो बनाकर उन्हें बदनाम करने से उन्हें बहुत दुख पहुंचा है.

पहले भी आ चुके हैं मार्विन

बता दें, मार्विन आर्ची कोई पहली बार भारत नहीं आए हैं. वह 2025 में भी औरैया के अरियरी गांव आए थे, तब शिवानी ने उनकी जमकर मेहमाननवाजी की थी. 2026 में दोनों साथ में जैसलमेर घूमने भी गए थे. इस बार वह अपनी दोस्त फर्नाडा के साथ भारत आए थे, तभी टेसू की शादी वाला विवाद हुआ. फिलहाल दोनों के वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More