App

'बेगानी शादी में विदेशी दूल्हा': शेरवानी पहनकर दिल्ली की वेडिंग में घुसा मोरक्को का यूट्यूबर; फिर जो हुआ जीत लेगा दिल

शेरवानी, गले में मोतियों का भारी हार, सिर पर दूल्हे वाली पगड़ी और रात के वक्त ई-रिक्शा में घूमता एक विदेशी मेहमान. दिल्ली की सड़कों पर निकले मोरक्को के मशहूर यूट्यूबर याह्या खद्दिरी को जब एक शादी में बजते गानों की आवाज सुनाई दी तो वह खुद को रोक नहीं पाए. वो बिना बुलाए शादी में पहुंच गए. वहां उन्होंने दूल्हा-दुल्हन से मुलाकात की, डांस किया और मेहमानों के साथ खूब मस्ती भी की.

'बेगानी शादी में विदेशी दूल्हा': शेरवानी पहनकर दिल्ली की वेडिंग में घुसा मोरक्को का यूट्यूबर; फिर जो हुआ जीत लेगा दिल
Image Credit: @yahyakhaddir | बिना बुलाए शादी में पहुंचे मोरक्को के यूट्यूबर याह्या खद्दिरी!

भारत में शादी का माहौल हो और आसपास गाने बज रहे हों तो कोई भी खुद को डांस करने से नहीं रोक पाता. लेकिन दिल्ली में एक विदेशी मेहमान ने इस माहौल का ऐसा मजा लिया कि उसका वीडियो इंटरनेट पर छा गया. वीडियो में विदेशी मेहमान वहां के लोगों का अपनापन देखकर गदगद हो गया.

मोरक्को के मशहूर यूट्यूबर याह्या खद्दिरी इन दिनों भारत घूमने आए हुए हैं. इस दौरान उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है. इसमें वह शाही शेरवानी, गले में भारी मोतियों का हार और सिर पर पगड़ी पहने ई-रिक्शा में घूमते नजर आ रहे हैं. उनका पहनावा बिल्कुल दूल्हे जैसा था. इसी दौरान रास्ते में उन्हें एक जगह शादी में डीजे बजने की आवाज सुनाई दी. फिर क्या था, उन्होंने ई-रिक्शा रुकवाया और सीधे शादी में पहुंच गए.

गेट पर मिला ऐसा स्वागत, अंदर तक ले गया मेहमान

शादी के गेट पर पहुंचते ही याह्या की मुलाकात वहां खड़े कुछ लोगों से हुई. आमतौर पर किसी अनजान शख्स को बिना बुलाए शादी में देखकर लोग सवाल पूछते हैं, लेकिन यहां नजारा कुछ अलग ही था. गेट पर मौजूद एक शख्स ने याह्या का हाथ पकड़ा और उन्हें शाहरुख खान के अंदाज में डांस करते हुए अंदर ले गया. याह्या भी इस स्वागत से काफी खुश नजर आए. इसके बाद वह सीधे डीजे के पास पहुंचे और वहां बज रहे गानों पर थिरकने लगे.

स्टेज पर दूल्हा-दुल्हन से भी हुई मुलाकात

शादी में कुछ देर डांस करने के बाद वही शख्स याह्या को स्टेज की तरफ ले गया. वहां उनकी मुलाकात दूल्हा-दुल्हन और उनके परिवार के लोगों से कराई गई. याह्या ने सभी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं. इस दौरान उन्होंने स्टेज से 'भारत माता की जय' का नारा भी लगाया. वहां मौजूद लोगों ने भी उनका साथ दिया. एक विदेशी मेहमान को इस तरह शादी में शामिल होते देखकर माहौल और भी खुशनुमा हो गया.

 

 

महिलाओं के साथ लगाए ठुमके

स्टेज से उतरने के बाद याह्या एक बार फिर डांस फ्लोर पर पहुंच गए. इस बार उन्होंने शादी में मौजूद महिलाओं के साथ भी जमकर डांस किया. वीडियो में वह 'ओ हो हो हो' और 'लंबा-लंबा घूंघट करना पड़ेगा' जैसे गानों पर ठुमके लगाते नजर आते हैं. उनके आसपास मौजूद महिलाएं भी डांस का मजा लेती दिखीं. याह्या ने वहां मौजूद लोगों के साथ खूब वक्त बिताया और शादी का खाना भी खाया. कुछ देर बाद उन्होंने सभी को अलविदा कहा और अपनी कार से होटल के लिए रवाना हो गए. इस तरह एक अनजान शादी में पहुंचे याह्या के लिए वह रात यादगार बन गई.

शेरवानी खरीदने से लेकर शादी में डांस तक, पूरा वीडियो बनाया

याह्या ने इस पूरे अनुभव का करीब 23 मिनट का वीडियो अपने यूट्यूब चैनल पर भी अपलोड किया है. इसमें उन्हें शादी में जाने की तैयारी करते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में शेरवानी खरीदने से लेकर फेस मसाज कराने और फिर शादी में पहुंचने तक के कई पल शामिल हैं. वहीं, इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया 43 सेकंड का वीडियो लोगों को खास तौर पर पसंद आ रहा है. खबर लिखे जाने तक इस वीडियो को करोड़ों से ज्यादा बार देखा जा चुका था. याह्या ने इसके कैप्शन में लिखा, 'भारत मेरे लिए प्यार के बटन की तरह है, जिसे जब भी दबाओ, वह मुझे सरप्राइज करने से कभी नहीं चूकता.'

सोशल मीडिया पर लोगों ने किए मजेदार कमेंट

याह्या का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब प्रतिक्रियाएं दीं. किसी को उनका अंदाज पसंद आया तो किसी ने बिना बुलाए शादी में पहुंचने पर मजेदार कमेंट किया. एक यूजर ने लिखा कि बेगानी शादी में अब्दुल्ला दीवाना. दूसरे ने सवाल किया कि भाई शादी में जाना था, ठीक है, लेकिन दूल्हे की तरह कपड़े क्यों पहने?' वहीं, एक यूजर ने लिखा कि किसी भी भारतीय हिंदू शादी में उनका हमेशा स्वागत है. एक अन्य कमेंट में विदेश में किसी अनजान शादी में इसी तरह पहुंचने के अनुभव को लेकर सवाल उठाया गया.

अनजान लोगों ने बना दी यादगार शाम

याह्या की इस कहानी में सबसे दिलचस्प बात यह रही कि वह जिस शादी में पहुंचे, वहां किसी ने उन्हें रोकने या बाहर जाने को नहीं कहा. उल्टा लोगों ने उनका स्वागत किया, डांस कराया और दूल्हा-दुल्हन से भी मिलवाया. एक अनजान देश में, अनजान लोगों के बीच मिले प्यार ने याह्या को खासा तौर पर प्रभावित किया. शायद इसी वजह से उन्होंने भारत को अपने लिए प्यार और सरप्राइज से भरी जगह बताया. अब उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Santosh Kumar Mishra

Santosh Kumar Mishra

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो