)
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में आज भारतीय जनता पार्टी बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही है. पार्टी की ओर से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा का आयोजन किया गया है. इसमें केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शामिल होंगे. 50 हजार कार्यकर्ताओं की आने की संभावना है.
लखनऊ में पदयात्रा
लखनऊ में विधान भवन से परिवर्तन चौक तक लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा निकाली जाएगी. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी शामिल रहेंगे.
तय कार्यक्रम के अनुसार जेपी नड्डा दोपहर 12 बजे बरेली पहुंचेंगे। दोपहर 1:35 बजे पदयात्रा स्थल पर पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के बाद वह पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
बीजेपी की यह पदयात्रा राजेंद्र नगर स्थित स्वयंवर बारात घर से शुरू होगी. वहां से शिवाजी चौक यानी शील चौराहा होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक तक जाएगी. दोपहर 3:15 बजे शहीद चौक पर पदयात्रा का समापन होगा. समापन के बाद जेपी नड्डा शाम 3:30 बजे से 4:30 बजे तक सर्किट हाउस में रहेंगे. इस दौरान वह पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा करेंगे.
भाजपा की इस पदयात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है. प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं. कार्यक्रम स्थल और यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहेगा.
बीजेपी इस पदयात्रा के जरिए कहीं न कहीं विपक्षी दलों पर निशाना साधने की कोशिश में है. बीजेपी का कहना है कि विपक्ष ब्रेनवॉश करने की कोशिश में लगे हुए है.