मायावती की दस भुजाएं, हाथों में संविधान और शिक्षा… बांदा की इस होर्डिंग ने खींचा सबका ध्यान! प्रशासन ने हटवाई
संविधान से लेकर किसान तक 10 हाथों में दिखाए मुद्दे, दुर्गा स्वरूप में दिखाईं BSP सुप्रीमो; बिना अनुमति लगाने पर कार्रवाई की तैयारी.
बांदा/अतुल मिश्रा: उत्तर प्रदेश में सपा-भाजपा के बीच होर्डिंग और AI वीडियो वॉर के बीच अब बांदा में बसपा सुप्रीमो मायावती की एक अनोखी होर्डिंग ने राजनीतिक सियासी पारा बढ़ा दिया है. कलेक्ट्रेट परिसर में विशाल बरगद के पेड़ पर लगी इस होर्डिंग में मायावती को मां दुर्गा के रूप में दस भुजाओं के साथ दिखाया गया है, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. दस भुजाधारी मायावती की यह होर्डिंग कलक्ट्रेट परिसर स्थित विशाल बरगद के पेड़ पर लगाई गई है. इसे किसी आशुतोष पाठक की ओर से लगवाया गया है.
क्या है होर्डिंग में?
जानकारी के मुताबिक, आशुतोष पाठक नाम के व्यक्ति ने ये होर्डिंग लगवाई थी. इसमें मायावती के दस हाथों में संविधान, मीडिया, शिक्षा, जनहित, न्याय, स्वास्थ्य, किसान और उद्योग जैसे 10 विषयों को दर्शाया गया है. होर्डिंग के जरिए मायावती को मां दुर्गा के अवतार के रूप में पेश करते हुए 'यूपी को स्वच्छ, सुरक्षित और शिक्षित' बनाने का संदेश दिया गया है.
कलेक्ट्रेट परिसर में होर्डिंग पर बवाल
प्रशासनिक और प्रतिबंधित परिसर में इस तरह की राजनीतिक होर्डिंग लगाए जाने पर सवाल खड़े हो गए हैं. चर्चा है कि कलेक्ट्रेट परिसर में होर्डिंग लगाने की अनुमति किसने दी और क्या इसके लिए नियमों का पालन हुआ?मामला संज्ञान में आते ही प्रशासन ने होर्डिंग को तुरंत हटा दिया है.
लगाने वाले पर होगी कार्रवाई
बांदा के सिटी मजिस्ट्रेट दिनेश चंद्र ने कहा, "प्रशासन को ऐसी किसी होर्डिंग की जानकारी नहीं थी। कलेक्ट्रेट परिसर में किसी भी तरह की होर्डिंग लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसे हटवाया जा रहा है और लगाने वाले व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।"
विधानसभा चुनाव से पहले नेताओं को देवी-देवताओं के स्वरूप में प्रस्तुत करने की इस तरह की पहल ने राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा छेड़ दी है. फिलहाल मायावती की ये दस भुजाओं वाली होर्डिंग सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है.
सुप्रीम कोर्ट से आजम खान को बड़ा झटका; ED गिरफ्तारी के खिलाफ याचिका पर तत्काल सुनवाई से इंकार