Shardiya Navratri 2026: देवीपाटन मंदिर में उमड़ी भक्तों की भारी भीड़, सीएम योगी ने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में टेका माथा
Devipatan Temple Balrampur: नवरात्रि के पहले दिन मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए भक्तों का पहुंचना लगातार जारी है. नवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी देवीपाटन मंदिर पहुंचे. उन्होंने मां पाटेश्वरी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
पवन कुमारी तिवारी/बलरामपुर: शक्ति की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि के पहले दिन आज उत्तर प्रदेश के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक शक्तिपीठों में विशेष रौनक देखने को मिल रही है. बलरामपुर जिले के तुलसीपुर स्थित सुप्रसिद्ध मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में नवरात्रि के पहले दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा है. अलसुबह 4 बजे से ही कपाट खुलने के साथ ही भक्त लंबी लाइनों में लगकर मां के दर्शन और पूजन-अर्चन में जुटे हुए हैं.
भक्तों का तांता
शारदीय नवरात्रि के पहले दिन बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित मां पाटेश्वरी देवीपाटन मंदिर में सुबह 4 बजे से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है.
सीएम योगी आदित्यनाथ ने की मां पाटेश्वरी की पूजा
नवरात्रि के इस पवित्र अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी तुलसीपुर पहुंचकर देवीपाटन मंदिर में माथा टेका. उन्होंने मां पाटेश्वरी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और उत्तर प्रदेश की समस्त जनता की सुख-शांति, समृद्धि एवं आरोग्यता की मंगलकामना की. मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने पहले ही चाक-चौबंद व्यवस्था कर रखी थी.
51 शक्तिपीठों में से एक है देवीपाटन मंदिर
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, देवीपाटन मंदिर देश के 51 शक्तिपीठों में अपना विशेष स्थान रखता है. यही वजह है कि नवरात्रि के नौ दिनों के दौरान यहाँ उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों और नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं.
प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए
भक्तों की भारी भीड़ को सुचारू रूप से संभालने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं. फिलहाल, पूरे मंदिर परिसर में गूंजते माता के जयकारों और अनुष्ठानों से पूरा तुलसीपुर क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंगा हुआ है.
कौशांबी में शारदीय नवरात्र, कड़ा धाम में उमड़ी भीड़
शारदीय नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना के लिए कौशांबी के कड़ा धाम स्थित मां शीतला मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. नौ दिवसीय मेले का शुभारंभ हो गया है. सुरक्षा के मद्देनजर मंदिर से कुबरी घाट तक पुलिस बल तैनात है. महिला पुलिसकर्मियों के साथ दूसरे जनपदों से भी पुलिस बल बुलाया गया है. अधिकारी लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं.