App

Shardiya Navratri 2026: काशी से लखनऊ तक मां के जयकारे, नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में भक्तों की कतार, CM योगी ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

Shardiya Navratri 2026: शारदीय नवरात्रि की शुरुआत के साथ ही देवी मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ने लगी है.नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जा रही है. धर्मनगरी काशी से लेकर राजधानी लखनऊ में सुबह से ही श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंच रहे हैं.

Shardiya Navratri 2026: काशी से लखनऊ तक मां के जयकारे, नवरात्रि के पहले दिन मंदिरों में भक्तों की कतार,  CM योगी ने प्रदेशवासियों को दी बधाई
Image Credit: Maa Shailputri Puja Lucknow

Shardiya Navratri 2026 Day 1: शक्ति की आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि की आज (11 अक्टूबर 2026) से भव्य शुरुआत हो गई है. नवरात्रि के पहले दिन मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप माता शैलपुत्री की पूजा-अर्चना की जा रही है। पर्व के पहले दिन सुबह से ही प्रदेशभर के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा है। धर्मनगरी काशी से लेकर राजधानी लखनऊ तक हर तरफ भक्तिमय माहौल नजर आ रहा है. मंदिरों में पूजा-पाठ, अनुष्ठान और आरती के बीच भक्त मां से सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति का आशीर्वाद मांग रहे हैं.

मंदिरों में उमड़ी भक्तों की भीड़, घरों में हो रही कलश स्थापना
आज सुबह से ही घरों और मंदिरों में कलश स्थापना के साथ अनुष्ठानों का दौर शुरू हो गया है. श्रद्धालु अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए विशेष यज्ञ और हवन कर रहे हैं. राजधानी लखनऊ के सबसे प्राचीन, भव्य और करीब 2500 साल पुराने 'बड़ी काली जी मंदिर' में सुबह से ही भक्तों की भारी कतारें लगी हुई हैं. स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का मानना है कि इस सिद्ध पीठ पर जो भी भक्त सच्ची श्रद्धा से मन्नत मांगता है, उसकी हर मनोकामना अवश्य पूरी होती है.

सीएम योगी ने दीं नवरात्रि की शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्र के पहले दिन प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने मां शैलपुत्री को नमन करते हुए प्रार्थना की कि माता की कृपा से लोगों के जीवन में आत्मबल, धैर्य और सकारात्मक ऊर्जा का संचार हो। साथ ही समाज में शांति, सद्भाव और समृद्धि का विस्तार हो. मुख्यमंत्री ने मां भगवती की आराधना के इस पर्व पर सभी श्रद्धालुओं के सुख, समृद्धि, आरोग्यता और सौभाग्य की कामना भी की.

ॐ जयन्ती मङ्गला काली भद्रकाली कपालिनी।

दुर्गा क्षमा शिवा धात्री स्वाहा स्वधा नमोऽस्तु ते॥
माँ भगवती जगदम्बा की उपासना के पावन पर्व 'शारदीय नवरात्रि' की सभी श्रद्धालुओं व प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
माँ सभी के जीवन को सुख, समृद्धि, आरोग्यता और सौभाग्य के आशीर्वाद से अभिसिंचित करें, यही प्रार्थना है।
जय माता की।

इसके साथ ही उन्होंने माँ भगवती जगदम्बा की उपासना करते हुए प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, समृद्धि, आरोग्यता और सौभाग्य के आशीर्वाद की प्रार्थना की है। मंदिरों में गूंजते माता के जयकारों और मंत्रोच्चार से पूरा उत्तर प्रदेश भक्ति के रंग में रंग गया है.

वाराणसी में नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री के दरबार में उमड़ा जनसैलाब, सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम
वाराणसी में नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री के दरबार में हजारों श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है. ​माता के दर्शन के लिए श्रद्धालु देर रात से ही मंदिरों के बाहर लंबी लाइनों में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं. ​इस बार श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पिछले सालों की तुलना में सुरक्षा के कहीं अधिक चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं. ​असामाजिक तत्वों और भीड़ पर कड़ी नजर रखने के लिए पूरे परिसर में विशेष सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. ​कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी मात्रा में पुलिस फोर्स, महिला पुलिसकर्मी और पीएसी बल तैनात हैं.

​वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी खुद मौके पर मौजूद रहकर पूरी व्यवस्था की पल-पल निगरानी कर रहे हैं.​ प्रशासन ने बैरिकेडिंग की पुख्ता व्यवस्था की है ताकि बुजुर्गों और महिलाओं को दर्शन करने में कोई परेशानी न हो. ​भक्तों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, और वे अनुशासन के साथ माता शैलपुत्री के चरणों में शीश नवा रहे हैं. ​मंदिर मार्ग और उसके आसपास के इलाकों में सुचारू यातायात के लिए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया है. ​जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से शांति बनाए रखने, कतार में चलने और पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.

सीतापुर-नैमिषारण्य धाम में शक्तिपीठ मां ललिता देवी की पूजा अर्चना
यूपी के सीतापुर में शारदीय नवरात्र के पहले दिन नैमिषारण्य धाम में शक्तिपीठ मां ललिता देवी की पूजा अर्चना की जा रही है. मां ललिता देवी मंदिर में देश-विदेश से लोग नवरात्रि में पूजा अर्चना करने पहुंचते हैं और माता रानी की आराधना करते हैं. मान्यता है कि नवरात्रि में मां के दर्शन करने से सभी मनोकामना पूर्ण होती हैं. 

अयोध्या में दर्शन-पूजन
आज नवरात्र का प्रथम दिन है, माता शैलपुत्री का दिन है. शैलपुत्री की पूजा हो रही है. आज से लोग कलश स्थापना लोग घर में कर रहे हैं, मंदिर जा रहे हैं, दर्शन कर रहे हैं, पूजा पाठ कर रहे हैं.

नौ दिनों तक होगी मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा
शारदीय नवरात्र के नौ दिनों में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा की जाती है. पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना के बाद अगले आठ दिनों तक देवी के अन्य स्वरूपों की उपासना होगी. भक्त इन दिनों व्रत रखते हैं और पूजा-पाठ के जरिए माता का आशीर्वाद प्राप्त करने की कामना करते हैं. नवरात्रि के आगाज के साथ ही मंदिरों में भक्ति और आस्था का माहौल है. श्रद्धालु माता रानी के दर्शन कर परिवार की खुशहाली, सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना कर रहे हैं.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Preeti Chauhan

Preeti Chauhan

प्रीति चौहान जीन्यूज में पत्रकार हैं, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजीटल टीम में  ब्रेकिंग, हाइपरलोकल, क्राइम, और अन्य मुद्दों को लेकर खबरें लिखती हैं. 
Read More

ट्रेंडिंग

  • न्यूज़
  • फोटो
  • वीडियो