App

डासना जेल से रिहा हुए आजम खान, 18 दिन बाद रामपुर वापसी; ED की चुनौती पर SC में सुनवाई कल

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए. जेल के बाहर मौजूद समर्थकों ने उनका स्वागत किया.

डासना जेल से रिहा हुए आजम खान, 18 दिन बाद रामपुर वापसी; ED की चुनौती पर SC में सुनवाई कल
Image Credit: Social Media

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान बुधवार शाम गाजियाबाद की डासना जेल से रिहा हो गए. करीब 18 दिन बाद वह जेल से बाहर आए हैं. रिहाई के बाद आजम खान अपने समर्थकों के साथ रामपुर के लिए रवाना हो गए. उन्हें इलाहाबाद हाईकोर्ट से मनी लॉन्ड्रिंग केस में अंतरिम जमानत मिली थी. हाईकोर्ट के आदेश के बाद गाजियाबाद की अदालत में जमानत की औपचारिकताएं पूरी की गईं. इसके बाद जेल प्रशासन ने उनकी रिहाई की प्रक्रिया पूरी की. आजम खान को मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राहत मिली है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस मामले की जांच कर रहा है. एजेंसी का आरोप है कि यूनिवर्सिटी के निर्माण और जमीन अधिग्रहण में सरकारी धन और संसाधनों का दुरुपयोग किया गया.

इलाहाबाद हाईकोर्ट की दो सदस्यीय पीठ ने 17 नवंबर को आजम खान को अंतरिम जमानत दी थी. अदालत ने उनकी गिरफ्तारी की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए. कोर्ट ने पहली नजर में माना कि गिरफ्तारी के समय संविधान के अनुच्छेद 22(1) और मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) की धारा 19 के जरूरी प्रावधानों का पूरी तरह पालन नहीं हुआ.

गिरफ्तारी के तरीके पर हाईकोर्ट की टिप्पणी

आजम खान को 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से बाहर आते ही ईडी ने गिरफ्तार कर लिया था. वह एक अलग मामले में जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर निकले थे. ईडी की टीम ने जेल के बाहर ही उन्हें हिरासत में ले लिया. इसके बाद उन्हें गाजियाबाद ले जाया गया. आजम खान ने इस गिरफ्तारी को अवैध बताते हुए अदालत का रुख किया था. उनकी ओर से दलील दी गई कि गिरफ्तारी के आधार लिखित रूप में नहीं बताए गए. हाईकोर्ट ने भी इस पहलू पर सवाल उठाए. अदालत ने कहा कि रिकॉर्ड से यह साफ नहीं होता कि गिरफ्तारी के आधार और संबंधित दस्तावेज उन्हें लिखित रूप में कब और कैसे दिए गए. ईडी ने दावा किया था कि आजम खान ने दस्तावेज लेने से इनकार किया. हालांकि, एजेंसी इस दावे के समर्थन में कोई वीडियो या तस्वीर अदालत के सामने पेश नहीं कर सकी. हाईकोर्ट ने इस मामले में ईडी को जवाब दाखिल करने के लिए एक सप्ताह का समय दिया है. आजम खान को भी जवाब पर अपना पक्ष रखने के लिए 10 दिन मिले हैं. मामले की अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होगी.

सुप्रीम कोर्ट में ईडी की चुनौती

हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद ईडी ने सुप्रीम कोर्ट में इसे चुनौती दी. एजेंसी ने आजम खान की रिहाई पर रोक लगाने की मांग की. बुधवार को सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल रोक लगाने से इनकार कर दिया. हालांकि, अदालत ने ईडी की याचिका पर 19 नवंबर को सुनवाई करने पर सहमति जताई है. यानी आजम खान की रिहाई के बाद भी कानूनी लड़ाई जारी रहेगी. आजम खान को हाल के दिनों में यह दूसरी बड़ी कानूनी राहत मिली है. मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने फर्जी जन्म प्रमाणपत्र मामले में उनकी सजा पर रोक लगाने के इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले को चुनौती देने वाली उत्तर प्रदेश सरकार की याचिका भी खारिज कर दी थी. इस मामले में उनकी पत्नी तजीन फातमा और बेटे अब्दुल्ला आजम को भी राहत मिली.

31 अक्टूबर को जेल से निकलते ही हुई थी गिरफ्तारी

आजम खान 31 अक्टूबर को रामपुर जेल से बाहर आए थे. उन्हें दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में जमानत मिली थी. लेकिन जेल से निकलने के कुछ ही देर बाद ईडी ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग केस में गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उन्हें डासना जेल में रखा गया. अब हाईकोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनकी रिहाई हुई है.

आजम खान की रामपुर वापसी को सियासी नजरिए से भी अहम माना जा रहा है. वह समाजवादी पार्टी के पुराने और प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं. लंबे समय तक जेल में रहने के बाद उनकी वापसी से रामपुर की राजनीति में हलचल बढ़ सकती है. हालांकि, फिलहाल उनकी राहत अंतरिम जमानत तक सीमित है. मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अगली सुनवाई 10 दिसंबर को होनी है. सुप्रीम कोर्ट में ईडी की चुनौती पर भी 19 नवंबर को सुनवाई होगी.

(संतोष कुमार की रिपोर्ट)

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Gunateet Ojha

Gunateet Ojha

गुणातीत ओझा ज़ी न्यूज डिजिटल में एसोसिएट न्यूज एडिटर हैं. वर्तमान में ज़ी न्यूज डिजिटल के उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड डिजिटल को लीड कर रहे हैं. वह दिसंबर 2021 में ज़ी न्यूज से जुड़े. देश-दुनिया और राजनीतिक खबरों पर अच्छी पकड़ रखते हैं. 15 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं. इससे पहले एनडीटीवी डिजिटल, लाइव हिन्दुस्तान डिजिटल, लोकमत डिजिटल, जागरण डॉट कॉम, राजस्थान पत्रिका डिजिटल, हिन्दुस्तान अखबार, दैनिक जागरण अखबार के साथ भी काम कर चुके हैं.
Read More