)
Alwar News: राजस्थान के अलवर जिला अस्पताल में एक युवती को रील बनाने का ऐसा शौक चढ़ा कि वह दो युवकों के साथ सीधे इमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर और ऑब्जर्वेशन वार्ड में पहुंच गई. यहां युवती ने गमगीन होने की एक्टिंग करते हुए वीडियो शूट किया. इस दौरान एक युवक मोबाइल से वीडियो बना रहा था, जबकि दूसरा एलईडी लाइट लेकर रोशनी कर रहा था. हैरानी की बात यह रही कि अस्पताल के संवेदनशील हिस्से में काफी देर तक शूटिंग होती रही, लेकिन सुरक्षा गार्डों ने उन्हें नहीं रोका. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और ड्यूटी पर तैनात दो सुरक्षा गार्डों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दे दिए.
दो युवकों के साथ अस्पताल पहुंची थी युवती
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 9 बजे सूट-सलवार पहने एक युवती दो युवकों के साथ अलवर जिला अस्पताल पहुंची. उनके पास वीडियो शूट करने के लिए एलईडी लाइट भी थी. युवती ट्रॉमा सेंटर के बाहर से दौड़ते हुए अंदर पहुंची और फिर ऑब्जर्वेशन वार्ड की तरफ चली गई. इस दौरान उसके साथ मौजूद एक युवक मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करता रहा, जबकि दूसरा एलईडी लाइट से रोशनी कर रहा था.
ऑब्जर्वेशन वार्ड में की गमगीन होने की एक्टिंग
युवती ट्रॉमा सेंटर से होते हुए ऑब्जर्वेशन वार्ड के अंदर तक पहुंच गई. यहां उसने गमगीन होने की एक्टिंग की और उसकी रील शूट की गई. इस दौरान अस्पताल के संवेदनशील क्षेत्र में काफी देर तक वीडियो शूटिंग चलती रही, लेकिन ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्डों ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की. वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे.
दो सुरक्षा गार्डों का एक दिन का वेतन रोका
मामला सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी. पीएमओ डॉ. पीसी सैनी ने बताया कि सोशल मीडिया के जरिए अस्पताल में रील बनाने का वीडियो सामने आया था. इसके बाद उस समय ड्यूटी पर मौजूद दो सुरक्षा गार्डों का एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए गए हैं. दोनों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किया गया है.
ट्रॉमा सेंटर प्रभारी से मांगी रिपोर्ट
पीएमओ डॉ. पीसी सैनी के मुताबिक, पूरे मामले में ट्रॉमा सेंटर प्रभारी से तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई है. रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं, भविष्य में अस्पताल के संवेदनशील क्षेत्रों में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए पुलिस चौकी और कोतवाली थाने को भी सूचना दी गई है. फिलहाल अस्पताल में रील बनाने वाली युवती और उसके साथ मौजूद दोनों युवकों की पहचान की जा रही है. अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है.