)
भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज का आगाज 19 नवंबर से हो रहा है. इससे पहले आईसीसी ने वनडे रैंकिंग्स जारी कर दी है. न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने 3-1 से वनडे सीरीज अपने नाम की. इस मुकाबले में सभी का फोकस रोहित शर्मा और विराट कोहली पर रहा. दोनों के बल्ले से ज्यादा रन नहीं निकले. रोहित शर्मा को खराब प्रदर्शन के चलते आईसीसी वनडे रैंकिंग्स में नुकसान झेलना पड़ा है. हालांकि, टीम के स्टार गेंदबाज अर्शदीप सिंह को फायद मिला है.
अर्शदीप सिंह ने ICC वनडे रैंकिंग्स में 12 पायदान की छलांग लगाकर अक्षर पटेल के साथ संयुक्त रूप से 19वें नंबर पर कब्जा जमा लिया है. टॉप-10 पर नजर डालें तो लिस्ट में एक भी भारतीय गेंदबाज नजर नहीं आता है. अर्शदीप सिंह ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था. उन्होंने पहले वनडे में 4 विकेट झटके थे. इसके बाद चौथे वनडे में 1 जबकि आखिरी मैच में 3 विकेट अपने नाम किए थे.
रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 पारियों में महज 30 रन बनाने में कामयाब हुए. खराब प्रदर्शन के चलते उन्हें 1 पायदान का नुकसान हुआ है. रोहित अब 5वें स्थान पर पहुंच गए हैं. शुभमन गिल टॉप पर बने हुए हैं. वहीं, विराट कोहली की पोजीशन में कोई बदलाव नहीं हुआ है. वह अभी भी तीसरे नंबर पर बने हुए हैं. दूसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल ने कब्जा जमा रखा है. इंग्लैंड के टॉम बैंटन को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है. एडिलेड में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे वनडे में मैच जिताऊ शतक लगाने के बाद, वे 34 स्थान की छलांग लगाकर 13वें नंबर पर पहुंच गए हैं.
न्यूजीलैंड के ओपनर विल यंग ने भी बैटिंग रैंकिंग में उछाल मारी है. माउंट मौनगानुई में भारत के खिलाफ चौथे वनडे में शतक लगाने के बाद, वे काफी ऊपर आ गए हैं. हालांकि, न्यूजीलैंड वह मैच हार गया, लेकिन यंग ने 108 गेंदों पर 125 रनों की शानदार पारी खेली. इस प्रदर्शन की मदद से वे 15 स्थान ऊपर चढ़कर वनडे बैटिंग रैंकिंग में 30वें नंबर पर पहुंच गए हैं. न्यूजीलैंड की न्यूजीलैंड की इस हार के साथ ही वनडे सीरीज में उनका 7 साल से चला आ रहा घरेलू अजेय रिकॉर्ड भी टूट गया है.