)
जयपुर के न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने के लिए जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने गुरुवार सुबह 7 बजे से मेगा अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया. इस कार्रवाई के तहत करीब 1 किलोमीटर के दायरे में सड़क सीमा में आ रहे अवैध निर्माणों को हटाया गया.
जेडीए की इस कार्रवाई से न्यू सांगानेर रोड को चौड़ा करने की योजना को गति मिली है. सड़क चौड़ी होने से आने वाले समय में इस मार्ग पर ट्रैफिक जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है.
30 भवन मालिकों ने खुद हटाए निर्माण
जेडीए की कार्रवाई होटल लजीज से गुर्जर की थड़ी की ओर करीब 1 किलोमीटर के क्षेत्र में की गई. इस हिस्से में सड़क सीमा के भीतर कुल 50 पक्के निर्माण आ रहे थे. इनमें से करीब 30 भवन मालिकों ने प्रशासन की समझाइश के बाद खुद ही अपने निर्माण हटाने शुरू कर दिए. वहीं, शेष निर्माणों को हटाने के लिए जेडीए की टीम ने कार्रवाई की.
पिलर नंबर 84 से 109 तक चला बुलडोजर
जेडीए ने मेट्रो पिलर नंबर 84 से 109 के बीच अतिक्रमण हटाने के लिए चार विशेष टीमें तैनात की थीं. विवेक विहार मेट्रो स्टेशन और होटल लजीज के आसपास सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों को हटाया गया. कार्रवाई के दौरान जोन उपायुक्त, तहसीलदार, नगर नियोजक और प्रवर्तन शाखा के अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान होटल, दुकानें, मकानों की बालकनी, चारदीवारी, टीनशेड, चबूतरे और सीढ़ियों सहित सड़क सीमा में आ रहे निर्माणों को ध्वस्त किया गया.
चार मंजिला निर्माण हटाने के दौरान विरोध
कार्रवाई के दौरान एक चार मंजिला निर्माण को हटाते समय जेडीए की टीम को प्रभावित लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा. लोगों की मांग थी कि उन्हें सड़क सीमा में आ रहे निर्माण खुद हटाने के लिए दो दिन का समय दिया जाए. हालांकि, जेडीए अधिकारियों ने कहा कि पहले ही पर्याप्त समय दिया जा चुका है और कई लोगों ने अपने निर्माण खुद हटा लिए हैं.
जैसे ही पोकलेन मशीन ने कार्रवाई शुरू की, करीब आधा दर्जन लोग मशीन के सामने आने लगे. इस दौरान पुलिसकर्मियों और प्रभावित लोगों के बीच धक्का-मुक्की हुई. पुलिस ने लोगों को हटाकर कार्रवाई आगे बढ़ाई.
शादी की तैयारियों के बीच मैरिज गार्डन का गेट तोड़ा
विवेक विहार मेट्रो स्टेशन के पास स्थित एक मैरिज गार्डन का मुख्य द्वार भी जेडीए की कार्रवाई की जद में आया. यहां हथरोई गढ़ी निवासी किशनलाल शर्मा की बेटी की शादी थी और बारात के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान सड़क सीमा में आ रहे मैरिज गार्डन के मुख्य द्वार को जेडीए ने ध्वस्त कर दिया. किशनलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि विवाह स्थल के संचालक ने उन्हें जेडीए के नोटिस के बारे में जानकारी नहीं दी थी. ऐसे में शादी की तैयारियों के बीच मुख्य द्वार टूटने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ा.
तीन चरणों में पूरा होगा 2.4 किलोमीटर का प्रोजेक्ट
न्यू सांगानेर रोड को 100 फीट चौड़ा करने की योजना कुल 2.4 किलोमीटर लंबाई में तीन चरणों में पूरी की जा रही है.
पहला चरण: 9 अक्टूबर को सोडाला से होटल लजीज तक करीब 700 मीटर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाए गए.
दूसरा चरण: आज यानी 18 नवंबर को होटल लजीज से गुर्जर की थड़ी की ओर करीब 1 किलोमीटर के हिस्से में कार्रवाई की गई.
तीसरा चरण: अब शेष करीब 700 मीटर हिस्से को अतिक्रमण मुक्त करने की तैयारी है.
ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
न्यू सांगानेर रोड जयपुर का एक महत्वपूर्ण मार्ग है. इस पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन गुजरते हैं. सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होने और जाम की समस्या में कमी आने की उम्मीद है. हालांकि, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान प्रभावित भवन मालिकों को नुकसान और परेशानी का सामना करना पड़ा है. जेडीए का लक्ष्य पूरे 2.4 किलोमीटर मार्ग को 100 फीट चौड़ा करना है. शेष हिस्से में कार्रवाई पूरी होने के बाद इस सड़क पर यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है.