App

अमित शाह का अयोध्या दौरा रद्द: दीपोत्सव में पहली बार बदलेगी परंपरा, उपराष्ट्रपति करेंगे श्रीराम का राजतिलक

केंद्रीय मंत्री अमित शाह अयोध्या दीपोत्सव में शामिल होने के लिए नहीं जाएंगे. उनका दौरा रद्द हो गया है. अब उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन रामनगरी जाने वाले हैं. वे महर्षि वशिष्ठ की भूमिका निभाएंगे.

अमित शाह का अयोध्या दौरा रद्द: दीपोत्सव में पहली बार बदलेगी परंपरा, उपराष्ट्रपति करेंगे श्रीराम का राजतिलक

7 नवंबर को अयोध्या में 10वां दीपोत्सव आयोजित होने जा रहा है. रामनगरी इस बार कई ऐतिहासिक और बड़े बदलावों की गवाह बनने जा रही है. आयोजन की तैयारियों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का अयोध्या दौरा रद्द हो गया है. पहले गृह मंत्री के दीपोत्सव में शामिल होने की चर्चाएं थीं और प्रशासनिक स्तर पर उनके आगमन की तैयारियां भी चल रही थीं, लेकिन अयोध्या से बीजेपी विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अमित शाह का कार्यक्रम रद्द होने की पुष्टि कर दी है.

उपराष्ट्रपति करेंगे रामलला का राजतिलक
इसके साथ ही उन्होंने बतौर मुख्य अतिथि उपराष्ट्रपति के दीपोत्सव में शामिल होने की आधिकारिक पुष्टि की है. इस बार का दीपोत्सव में एक नई परंपरा की शुरुआत होने जा रही है. अब तक दीपोत्सव के दौरान भगवान श्रीराम और माता सीता के स्वरूपों का राजतिलक करने व आरती उतारने की परंपरा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निभाते आए हैं, लेकिन इस बार उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन प्रभु श्रीराम और माता सीता का राजतिलक करेंगे. इस दौरान वे महर्षि वशिष्ठ की भूमिका निभाएंगे.

इतना ही नहीं, उपराष्ट्रपति मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में श्रीराम की आरती करेंगे.

भव्य होगा अयोध्या दीपोत्सव
आयोजन को पूरी तरह त्रेतायुगीन वैभव देने के लिए पुष्पक विमान के प्रतीक रूप में एक हेलिकॉप्टर से भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूपों को लाया जाएगा. दीपोत्सव की यह अलौकिक आभा केवल राम की पैड़ी तक सीमित न रहकर पूरी अयोध्या को जगमग करेगी. शहर के भवनों, पुलों, चौराहों और मठ-मंदिरों को एक समान रंग और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया जा रहा है.

शहर के मुख्य पार्क में एक भव्य रामदरबार आकार ले रहा है, जिसके ठीक सामने अतिथियों और संत-धर्माचार्यों के बैठने की व्यवस्था की गई है.

महाआरती का विहंगम दृश्य हो प्रस्तुत
सरयू के तट पर 2,147 अर्चकों और बटुकों की ओर से 5,100 बातियों से महाआरती का विहंगम दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा. जिसके लिए 30x20 वर्गफीट का एक विशेष मंच तैयार किया जा रहा है, जहां से अतिथि सरयू की लहरों पर दीपों के प्रतिबिंब और आसमान में होने वाली भव्य आतिशबाजी का लुत्फ उठाएंगे.

आम जनता और श्रद्धालुओं के लिए इस आयोजन का लाइव टेलीकास्ट करने के लिए रामघाट, हनुमानगढ़ी, टेढ़ी बाजार, नाका चुंगी और सिविल लाइंस समेत शहर के 25 से ज्यादा प्रमुख चौराहों पर बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं. 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More