)
बाहर जाकर रेस्टोरेंट में खाना खाना किसे पसंद नहीं होता है. वीकेंड हो या कोई खास मौका, पिज्जा और बर्गर हमारी डाइट का हिस्सा बन चुके हैं. लेकिन जरा सोचिए कि आप मजे से पिज्जा खा रहे हों और अचानक आपके दांतों के नीचे कोई नुकीली लोहे की चीज आ जाए. सुनने में ही यह कितना डरावना लगता है ना. हाल ही में पंजाब के अमृतसर से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पिजैरिया रेस्टोरेंट में पिज्जा खाते वक्त महिलाओं को उसके अंदर से नुकीली लोहे की चीज मिली. इसके बाद रेस्टोरेंट के अंदर जो हंगामा हुआ, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
पंजाब के अमृतसर स्थित पिजैरिया रेस्टोरेंट में उस वक्त हड़कंप मच गया जब कुछ महिलाएं वहां बैठकर पिज्जा एन्जॉय कर रही थीं. खाने के दौरान अचानक उनका ध्यान पिज्जा के अंदर मौजूद एक सख्त चीज पर गया. जब उन्होंने उसे गौर से देखा तो उनके होश उड़ गए. पिज्जा के अंदर कोई खाने की चीज नहीं, बल्कि लोहे का एक नुकीला टुकड़ा फंसा हुआ था. इतनी बड़ी लापरवाही देखकर महिलाओं का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने तुरंत रेस्टोरेंट स्टाफ से इसकी शिकायत करनी शुरू कर दी. यह पूरा मामला तब सामने आया जब वहां मौजूद महिलाओं ने इसका वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया.
वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि महिलाएं रेस्टोरेंट के स्टाफ और मैनेजर से जवाब मांग रही हैं. महिलाओं का कहना था कि जब उन्होंने इस खतरनाक गलती की शिकायत मैनेजर से की, तो उनका रवैया बिल्कुल भी ठीक नहीं था. वे जिम्मेदारी लेने के बजाय मामले से पल्ला झाड़ते हुए नजर आए. महिलाओं ने गुस्से में कहा कि उन्होंने पहले वीडियो नहीं बनाई थी, लेकिन जब मैनेजर का रिस्पॉन्स सही नहीं मिला, तब उन्होंने कैमरे पर आकर इस सच्चाई को दुनिया के सामने लाने का फैसला किया. वीडियो बना रही महिला ने कैमरे पर पिज्जा दिखाते हुए कहा कि अगर इस तरह की लापरवाही होती रही, तो किसी की भी जान खतरे में पड़ सकती है.
इस घटना के दौरान महिलाओं ने एक बहुत बड़ा और गंभीर मुद्दा उठाया. उनका कहना था कि इस रेस्टोरेंट में सिर्फ बड़े लोग ही नहीं, बल्कि तमाम परिवार अपने छोटे-छोटे बच्चों के साथ खाने आते हैं. अगर पिज्जा के अंदर छुपा यह नुकीला लोहे का टुकड़ा किसी छोटे बच्चे के मुंह में चला जाता और वह इसे चबा लेता, तो उसका हाल कितना भयानक होता.
महिला ने वीडियो में पिज्जा के उस टुकड़े को कैमरे के बिल्कुल पास लाकर जूम करके दिखाया और बताया कि इसके किनारे कितने ज्यादा धारदार और नुकीले हैं. यह देखकर कोई भी अंदाजा लगा सकता है कि यह लोहे का टुकड़ा पेट के अंदर जाने पर किसी की भी आंतों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचा सकता था.
जैसे ही महिलाओं ने वीडियो बनाते हुए रेस्टोरेंट के मैनेजर और स्टाफ को कैमरे के सामने आने और जवाब देने के लिए कहा, वे कैमरे से बचते हुए नजर आए. वीडियो में देखा जा सकता है कि मैनेजर साहब अपनी जगह से हटने लगे और कैमरे के सामने आने से कतराने लगे. महिलाओं ने तंज कसते हुए कहा कि जब मामला संभालने की बात थी तब तो वे बड़ी शान से आगे आ रहे थे, लेकिन अब गलती पकड़े जाने पर वे मुंह छुपाकर भाग रहे हैं. महिलाओं ने उनसे बार-बार पूछा कि वे सामने आकर इस पर अपनी सफाई क्यों नहीं दे रहे हैं और व्हाई डोंट यू कम कहकर उन्हें कैमरे पर बुलवाने की कोशिश की. फिलहाल, रेस्टोरेंट की तरफ से अभी तक इस मामले में कोई भी सफाई नहीं दी गई है.
रिपोर्ट: भरत शर्मा, जी न्यूज