)
पहाड़ों की ठंडी हवाएं, खूबसूरत वादियां और चारों तरफ हरियाली... मसूरी का नाम सुनते ही मन में यही तस्वीर बनती है. लेकिन जरा सोचिए, अगर आप किसी साफ-सुथरी जगह पर जाएं और वहां आपको हर तरफ प्लास्टिक की बोतलें और रैपर्स बिखरे मिलें तो कैसा लगेगा? ऐसा ही कुछ हुआ जब इंस्टाग्राम क्रिएटर अनंत अपने ताइवानी दोस्त के साथ मसूरी के मशहूर दलाई हिल्स पहुंचे. वहां का नजारा देखकर ताइवानी मेहमान खुद को रोक नहीं पाई और हाथों से कचरा उठाने लगी, जबकि बाकी टूरिस्ट सिर्फ तमाशा देखते रहे.
उत्तराखंड की खूबसूरत वादियों में बसा मसूरी, जिसे हम सब 'पहाड़ों की रानी' कहते हैं, इन दिनों एक अलग ही वजह से चर्चा में है. सोशल मीडिया पर एक ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने हम सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया है. इंस्टाग्राम क्रिएटर अनंत एम, जो अपने अकाउंट @onroadindian के नाम से जाने जाते हैं, अपनी ताइवानी दोस्त को अपना होमटाउन मसूरी घुमाने ले गए थे. दोनों जब मसूरी के मशहूर और पवित्र स्थल दलाई हिल्स पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए.
हैप्पी वैली में स्थित दलाई हिल्स अपनी बुद्ध प्रतिमा, शांतिपूर्ण माहौल और हिमालय के खूबसूरत व्यू्स के लिए जाना जाता है. बौद्ध मंदिर के पास होने के कारण यह जगह धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से भी बहुत पवित्र मानी जाती है. लेकिन जब अनंत और उनकी विदेशी दोस्त वहां पहुंचे, तो उन्हें चारों तरफ प्लास्टिक की बोतलें, चिप्स के पैकेट और खाना फेंकने से फैला कचरा ही कचरा दिखाई दिया.
इस दुर्दशा को देखकर ताइवान से आई लड़की से रहा नहीं गया. उसने बिना किसी झिझक के अपने हाथों से ही वहां फैला प्लास्टिक और कचरा उठाना शुरू कर दिया. अनंत ने इस पूरे वाकये को अपने कैमरे में रिकॉर्ड किया और इंस्टाग्राम पर शेयर कर दिया. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे ताइवानी मेहमान बिना अपनी परवाह किए पहाड़ी पर बिखरी गंदगी को समेट रही है.
अनंत ने जब अपनी दोस्त को रुकने के लिए कहा और कचरा रखने के लिए बैग ढूंढने की बात कही, तब भी उसने काम बंद नहीं किया. वह लगातार कचरा चुनती रही. अनंत ने वीडियो में अपना दुख जताते हुए कहा कि यह बेहद निराशाजनक है कि भारत के एक प्रमुख पर्यटन स्थल को साफ करने के लिए एक विदेशी नागरिक को आगे आना पड़ रहा है.
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह था कि उस वक्त दलाई हिल्स पर कई अन्य भारतीय पर्यटक भी मौजूद थे. वे सब वहां घूम रहे थे, तस्वीरें खींच रहे थे और नजारे का मजा ले रहे थे. लेकिन किसी ने भी उस विदेशी लड़की की मदद करने की कोशिश नहीं की. सब केवल खड़े होकर तमाशा देखते रहे. अनंत ने वीडियो में इस बात पर गहरा अफसोस जताया कि हमारे देश में अपनी ही धरोहरों और सुंदर जगहों को साफ रखने का जज्बा गायब हो रहा है. लोग घूमने तो आ जाते हैं लेकिन अपने साथ लाया कचरा वहीं छोड़ जाते हैं.
वीडियो के इंटरनेट पर पोस्ट होते ही यह देखते ही देखते वायरल हो गया. सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. ज्यादातर लोगों ने इसे बेहद 'शर्मनाक' करार दिया और भारतीय पर्यटकों में सिविक सेंस यानी नागरिक समझ की कमी पर सवाल उठाए. कई यूजर्स ने लिखा कि हम विदेशों में जाकर नियमों का पालन करते हैं, लेकिन अपने ही देश के खूबसूरत हिल स्टेशंस को कूड़ाघर बना देते हैं. लोगों ने अनंत और उनकी ताइवानी दोस्त के इस कदम की तारीफ की, लेकिन साथ ही यह चेतावनी भी दी कि अगर हम अब भी नहीं चेते तो मसूरी जैसी खूबसूरत जगहें अपनी पहचान पूरी तरह खो देंगी.