)
दिल्ली के मयूर विहार के लवली पब्लिक स्कूल से एक मामला सामने आया है, जहां 9 साल की छात्रा की अचानक मौत हो गई. बच्ची 3rd क्लास की स्टूडेंट थी. बच्ची जब क्लास रूम में भी तभी अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और वो वहां गिर गई. ऐसे में बच्ची को बिना समय गवाए तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. अभी उसके मौके की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
बच्ची को जमीन पर गिरता देख क्लास टीचर ने तुरंत उसे उठाया और बेंच पर बैठाया. इसके बाद बच्ची को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन यहां से बच्ची को निर्माण विहार स्थित मलिक हॉस्पिटल ले जाया गया. यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक बच्ची के परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. परिवार का कहना है कि मोटी फीस वसूलने वाले स्कूल में बच्चों की आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है.
पुलिस ने स्कूल के क्लासरूम में लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी. फुटेज में बच्ची अचानक गिरती हुई दिखाई दे रही है. घटना के समय कक्षा में मौजूद शिक्षक और दूसरे बच्चे भी वहीं पर थे. बच्ची की तबीयत बिगड़ने के बाद स्कूल की ओर से उसे अस्पताल पहुंचाया गया.
मृतक की बच्ची के परिवार वालों का कहना है कि वो स्कूल को अच्छी-खासी फीस देते हैं. इसके बावजूद बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी मेडिकल सुविधाएं तक मौजूद नहीं थीं. परिवार वालों का आरोप है कि बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ी तो उसे समय पर जरूरी मेडिकल मदद नहीं मिली
परिवार वालों ने सवाल उठाया कि बच्ची को स्कूल में ही CPR यानी कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन क्यों नहीं दिया गया. उनका ये भी कहना है कि अगर स्कूल में आपातकालीन स्थिति से निपटने की व्यवस्था होती तो बच्ची को समय पर मदद दी जा सकती थी.
वहीं स्कूल की प्रिंसिपल ने बच्ची की मौत की वजह हार्ट फेल होना बताया. उन्होंने आगे कहा कि स्कूल अपने सभी बच्चों का अच्छी तरह ध्यान रखता है. प्रिंसिपल से CPR पर सवाल करने पर उन्होंने कहा कि CPR क्या होता है?
(दिल्ली से सचिन बिडलान की रिपोर्ट)