)
अयोध्या आज एक बार फिर इतिहास रचने के लिए पूरी तरह तैयार है. योगी सरकार के कार्यकाल के 10वें भव्य दीपोत्सव संस्करण का आयोजन 7 नवंबर को हो रहा है, जिसे 'दीपों का महाकुंभ' नाम दिया गया है. पूरी रामनगरी अलौकिक रोशनी, आस्था और सांस्कृतिक भव्यता से सराबोर नजर आ रही है.
उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री होंगे शामिल
इस बार का दीपोत्सव न सिर्फ दिव्य है, बल्कि तकनीक और अध्यात्म का अनूठा संगम भी पेश कर रहा है. उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनेंगे. रामलला के दर्शन-पूजन के साथ उपराष्ट्रपति प्रभु श्रीराम का राज्याभिषेक करेंगे. सरयू तट पर भव्य आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है.
30 लाख से अधिक दीप होंगे प्रज्ज्वलित
अयोध्या के सरयू तट स्थित राम की पैड़ी समेत कुल 56 घाटों को दीपों से सजाया गया है. इस साल 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीपों को एक साथ प्रज्ज्वलित करने का विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है. इस दीपों के महाकुंभ को साकार करने के लिए लगभग 35,000 वॉलिंटियर्स मैदान में डटे हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक, सुबह सवेरे से ही घाटों पर बिछाए गए दीपों में तेल और बाती डालने का काम शुरू कर दिया गया है. दीप प्रज्ज्वलन के लिए वॉलिंटियर्स की टीमें हर घाट पर मुस्तैद रहेंगी.
2100 ड्रोन बनाएंगे रामायण के दृश्य
इस बार आसमान से लेकर सरयू नदी तक अद्भुत दृश्य देखने को मिलेंगे. आकाश में एक साथ 2,100 ड्रोन प्रभु श्रीराम के जीवन और रामायण के विभिन्न प्रसंगों की मनमोहक आकृतियां उकेरेंगे. शाम को सरयू तट पर 2,147 अर्चक एक साथ महाआरती संपन्न कराएंगे. 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर शो और धुनों पर थिरकती म्यूजिकल आतिशबाजी दीपोत्सव की रात को अद्वितीय बनाएगी.
राम मंदिर में रामलला के दर्शन-पूजन के साथ रामकथा पार्क में प्रभु श्रीराम और माता जानकी का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक संपन्न होगा.
मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
दीपोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन मौजूद रहेंगे. दोपहर 2:00 बजे सीएम योगी अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचेंगे. जबकि, दोपहर 2:35 बजे उपराष्ट्रपति का आगमन होगा. सीएम योगी उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे. दोपहर 3:00 बजे रामकथा पार्क में रामायण आधारित झांकियों का स्वागत करेंगे. फिर दोपहर 3:30 बजे रामकथा पार्क के हेलीपैड पर श्रीराम-सीता अवतरण और भरत मिलाप होगा.
दोपहर 3:45 बजे श्रीराम-जानकी पूजन और प्रभु श्रीराम का प्रतीकात्मक राज्याभिषेक होगा. शाम 5:35 बजे सरयू घाट पर महा आरती होगी. शाम 6:00 बजे राम की पैड़ी पर आगमन होगा. शाम 6:00-7:35 बजे तक दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा. फिर 3-डी प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर और ड्रोन शो होगा. शाम 7:40 बजे म्यूजिकल आतिशबाजी का अवलोकन किया जाएगा.
रात 8:40 बजे रामलीला मंचन और प्रतियोगिता विजेताओं को पुरस्कार वितरण किया जाएगा. रात 9:30 बजे सरयू अतिथि गृह में रात्रि विश्राम करेंगे.
(अयोध्या से प्रवेश कुमार की रिपोर्ट)