App

चुनावी रंजिश में कांप उठा उदयपुर: दोस्त को वोट न देने पर बेटे ने मां को लोहे की रॉड से उतारा मौत के घाट

उदयपुर के महुवाड़ा गांव में चुनाव में दोस्त को वोट नहीं मिलने की नाराजगी पर छोटे बेटे ने मां पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया. मां की मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर घायल हैं. आरोपी फरार है और पुलिस जांच कर रही है.

चुनावी रंजिश में कांप उठा उदयपुर: दोस्त को वोट न देने पर बेटे ने मां को लोहे की रॉड से उतारा मौत के घाट
Image Credit: उदयपुर के महुवाड़ा गांव में चुनावी वोट को लेकर घर में विवाद हुआ.

राजस्थान के उदयपुर जिले में चुनाव में अपने दोस्त को वोट नहीं मिलने की बात पर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया. कल्याणपुर थाना क्षेत्र के महुवाड़ा गांव में छोटे बेटे ने कथित तौर पर अपनी मां के सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी. मां को बचाने पहुंचे पिता और बड़े भाई पर भी आरोपी ने हमला किया. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल पिता का डूंगरपुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है.

रात करीब 3 बजे घर पहुंचा छोटा बेटा

जानकारी के अनुसार, महुवाड़ा निवासी पुष्पा पत्नी लालचंद परमार अपने पति लालचंद, बड़े बेटे गणेश और बहू के साथ घर में सो रही थीं. इसी दौरान रात करीब 3 बजे उनका छोटा बेटा राहुल परमार घर पहुंचा. चुनाव में उसके दोस्त को वोट नहीं मिलने की बात को लेकर घर में कहासुनी शुरू हो गई.

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. आरोप है कि राहुल ने अपनी मां पुष्पा के साथ मारपीट शुरू कर दी और लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार कर दिया. हमले में पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गईं.

मां को बचाने आए पिता पर भी किया हमला

पुष्पा को बचाने के लिए उनके पति लालचंद बीच-बचाव करने पहुंचे. आरोप है कि राहुल ने उन पर भी लोहे की रॉड से हमला कर दिया. इससे लालचंद गंभीर रूप से घायल हो गए. इस दौरान बड़े बेटे गणेश परमार और उसकी पत्नी ने भी बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया.

इसके बाद राहुल मौके से फरार हो गया. घर में हुए हमले के बाद परिवार के लोग घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुट गए.

अस्पताल पहुंचने से पहले मां ने तोड़ा दम

बड़े बेटे गणेश ने निजी वाहन से घायल माता-पिता को डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाने का प्रयास किया. लेकिन रास्ते में ही पुष्पा की मौत हो गई. अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.

पुष्पा का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है. वहीं, गंभीर रूप से घायल लालचंद का डूंगरपुर जिला अस्पताल में उपचार जारी है.

पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है. शुरुआती जानकारी के अनुसार, विवाद की वजह चुनाव में आरोपी के दोस्त को वोट नहीं मिलना बताई जा रही है. पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है.

Reporter- Akhilesh Sharma

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Zee Rajasthan Web Team

Zee Rajasthan Web Team

राजस्थान की सबसे भरोसेमंद और तेज़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क. प्रामाणिक खबरें, राजनीतिक हलचल, लोकल अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज़ और हर ज़िले की हर बड़ी गतिविधि सबसे पहले और सटीक अंदाज़ में. जुड़े रहिए हमारे साथ—सच बेबाक, राजस्थान तक
Read More