)
झुंझुनूं जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र के कैरू गांव में पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया के दौरान हुआ विवाद हिंसक हो गया. दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक व्यक्ति की मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस ने हत्या के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने मामले में आरोपियों को डिटेन किया है. वहीं, मृतक का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से करवाया जा रहा है.
नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि कैरू गांव निवासी नेमीचंद ने इस संबंध में थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है. परिवादी के अनुसार, पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया के दौरान गांव के ही दूसरे पक्ष के लोगों के साथ उनका विवाद हो गया था. देखते ही देखते कहासुनी ने मारपीट का रूप ले लिया. इस घटना में नेमीचंद, उनकी पत्नी और उनके भाई शिशुपाल को चोटें आईं.
रिपोर्ट में परिवादी ने दूसरे पक्ष के महेंद्र, राजेश कुमार सहित पांच से सात लोगों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है. घटना के बाद परिवार के बड़े भाई शिशुपाल की मौत हो गई. इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और नवलगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई. पुलिस ने परिवादी की शिकायत के आधार पर हत्या के संबंध में प्रकरण दर्ज किया है. हालांकि, घटना में शामिल लोगों की भूमिका और मारपीट के पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच जारी है.
थानाधिकारी अजय सिंह के मुताबिक, मृतक शिशुपाल के शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी. फिलहाल पुलिस रिपोर्ट में लगाए गए आरोपों और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि विवाद किस बात को लेकर शुरू हुआ और मारपीट में किसकी क्या भूमिका रही.
पुलिस ने मामले में आरोपियों को डिटेन किया है. उनसे पूछताछ और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई होगी. फिलहाल गांव में चुनावी प्रक्रिया के दौरान हुए विवाद और उसके बाद हुई मौत को लेकर मामला जांच के अधीन है.