)
राजस्थान के लिए आज का दिन बेहद खास है. पंचायतीराज चुनाव-2026 राजस्थान के गांवों में चुनावी महासंग्राम होना है. तीसरे चरण में आज गांवों की सरकार चुनी जाएगी. प्रदेश के 27 जिलों में सरपंच और वार्ड पंच के लिए मतदान शुरू हो चुका है. 116 पंचायत समितियों की 3,716 ग्राम पंचायतों में वोटिंग शुरू हो चुकी है. सरपंच के साथ 34,218 वार्ड पंच पदों के लिए चुनाव हो रहा है. तीसरे चरण में 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता 11,869 मतदान केंद्रों पर मताधिकार का प्रयोग करेंगे. सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोट डाले जाएंगे. आज बैलेट पेपर से गांवों की सरकार चुनी जाएगी. मतदान दलों और चुनाव सामग्री की व्यवस्थाएं पूरी हैं. वोटिंग के बाद आज ही वोटों की गिनती होगी. ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर सरपंच और वार्ड पंच की मतगणना होगी. देर रात तक गांवों के नए मुखियाओं के नाम सामने आने लगेंगे. कल उपसरपंच पद के लिए चुनाव होगा. राजस्थान पंचायतीराज चुनाव-2026 से जुड़ी सभी खबरों से रूबरू रहने के लिए पढ़ते रहें ZEE Rajasthan लाइव ब्लॉग.
चित्तौड़गढ़ जिले में पंचायत राज चुनाव के तीसरे चरण के तहत गुरुवार को पांच पंचायत समितियों की 160 ग्राम पंचायतों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान जारी है. सुबह 7 बजे से शुरू हुई मतदान प्रक्रिया में मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. इस चरण में 1125 सरपंच प्रत्याशी और 1217 वार्ड पंच प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. जिले के कुल 4 लाख 60 हजार 231 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे. इनमें 2 लाख 28 हजार 605 पुरुष, 2 लाख 31 हजार 620 महिला और 6 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं. मतदान के लिए जिले कुल 532 केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 98 केंद्र संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं. वहीं, 82 वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं. प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं.
पंचायत चुनाव के तीसरे चरण में धौलपुर जिले की 123 ग्राम पंचायतों में आज सरपंच चुनने के लिए मतदान जारी है. बड़ी संख्या में वोटर पोलिंग बूथ खुलने से पहले ही बूथों पर पहुंच गए और अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए.
हनुमानगढ़ जिले की नोहर तहसील की ग्राम पंचायतों में सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान जारी है. सुबह 7 बजे वोटिंग शुरू होने के बाद हल्की ठंड के बावजूद मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ जुटने लगी. कई केंद्रों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं. टोपरिया, ढंढेला, भगवान, देईदास, किकराली और ढाणी लाल खां ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए रोचक मुकाबला है. मतदान में युवाओं और महिलाओं में खासा उत्साह नजर आ रहा है. गांवों में चुनाव को लेकर मेले जैसा माहौल है. सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस जाब्ता तैनात है और नोहर तहसील में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है.
भरतपुर जिले के बयाना क्षेत्र की 55 ग्राम पंचायतों में पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया है. वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगी. यहां 1 लाख 76 हजार 46 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. मतदान समाप्त होने के बाद आज ही मतगणना होगी और चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे. इससे पहले बंध बारैठा ग्राम पंचायत में सुषमा पटेल निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुईं. यहां सभी वार्ड पंच भी निर्विरोध चुने गए हैं, इसलिए इस ग्राम पंचायत में मतदान नहीं होगा. शांतिपूर्ण चुनाव के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट है और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है.
धौलपुर जिले की 123 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए मतदान हो रहा है. इसके लिए 426 मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के मद्देनजर 2020 जवानों की तैनाती की गई है. एएसपी वैभव शर्मा को पूरे चुनाव का प्रभारी बनाया गया है. चुनाव की निगरानी के लिए 4 एएसपी और 7 डीएसपी सहित कुल 11 अधिकारी लगाए गए हैं. धौलपुर पुलिस ने निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की है.
धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव के तहत बाड़ी पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 155 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हो रही है. सैंपऊ में 139 और धौलपुर में 132 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. प्रत्येक बूथ पर एक पुलिसकर्मी और एक होमगार्ड जवान तैनात रहेगा. इस तरह बूथों की सुरक्षा के लिए कुल 852 जवान लगाए जाएंगे. संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सशस्त्र बल तैनात किया जाएगा, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो.
हनुमानगढ़ जिले की 204 ग्राम पंचायतों में आज सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया है. जिले में 749 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जा रहे हैं. तीसरे चरण में सरपंच पद के लिए 873 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जबकि दणियासर से इंद्रा देवी निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं. जिले की 6 पंचायत समितियों में 7.28 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा. मतपेटियों के जरिए वोट डाले जा रहे हैं. मतदान समाप्त होते ही ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना होगी. वहीं, 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव कराया जाएगा.
करौली जिले में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के तहत हिण्डौन, शेरपुर-सूरौठ और श्रीमहावीरजी पंचायत समितियों में मतदान शुरू हो गया है. हिण्डौन पंचायत समिति की 27 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 233 प्रत्याशी मैदान में हैं. वहीं, शेरपुर-सूरौठ की 25 ग्राम पंचायतों में 216 और श्रीमहावीरजी की 24 ग्राम पंचायतों में 215 सरपंच प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा. इस बार ईवीएम की बजाय बैलेट पेपर से वोट डाले जा रहे हैं. मतदाता अपने गांव की नई सरकार चुन रहे हैं. निष्पक्ष और निर्भीक मतदान के लिए पुलिस-प्रशासन अलर्ट है. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी हुई हैं.
पंचायत चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए धौलपुर में 49 मोबाइल पार्टियां तैनात की गई हैं. ये सभी वायरलेस सेट के साथ लगातार गांवों में गश्त कर रही हैं. इसके अलावा 12 सुपरवाइजरी अधिकारी भी फील्ड में निगरानी कर रहे हैं. प्रत्येक अधिकारी के साथ 4 जवानों की टीम मौजूद है.
धौलपुर में पंचायत चुनाव के दौरान सरपंच पद के लिए मतदान की निगरानी 11 बड़े अधिकारी कर रहे हैं. इनमें 4 एएसपी और 7 डीएसपी शामिल हैं. असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है. सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरएएसी, अमृता देवी बटालियन और होमगार्ड के जवानों को भी तैनात किया गया है.
हनुमानगढ़ जिले की दणियासर ग्राम पंचायत से इंद्रा थालोड़ निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुई हैं. वहीं, पल्लू पंचायत समिति की 25 ग्राम पंचायतों में आज सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है. पल्लू ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए 7 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि केलनिया में सबसे ज्यादा 8 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है. नयासर ग्राम पंचायत में 7 वार्ड पंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. यहां सरपंच पद के लिए फूलीदेवी और मानी के बीच मुकाबला है. मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना होगी और तुरंत चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.
धौलपुर के पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व में सभी लोग बिना किसी डर के अपने मताधिकार का इस्तेमाल करें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें. एसपी ने बताया कि शराब और पैसे बांटने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर है. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी.
श्रीगंगानगर जिले के श्रीविजयनगर क्षेत्र की 39 ग्राम पंचायतों में आज पंचायतीराज चुनाव के तहत मतदान हो रहा है. सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होते ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें लगने लगीं. मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. सरपंच पद के लिए 177 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. इनमें 3SAD ग्राम पंचायत में सबसे ज्यादा 14 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है. मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी और आज ही चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे. सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल तैनात है.
सांचौर क्षेत्र की चार पंचायत समितियों की 111 ग्राम पंचायतों में आज पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान हो रहा है. कुल 3 लाख 2 हजार 64 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. वोटिंग सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगी. पंचायत समिति चितलवाना में 95, सरवाना में 117 और भादरूणा में 86 प्रत्याशी मैदान में हैं. सांचौर में सबसे ज्यादा 88 हजार 199 मतदाता हैं. वहीं, चितलवाना में 69 हजार 337, भादरूणा में 69 हजार 669 और सरवाना में 74 हजार 869 मतदाता वोट डालेंगे.
धौलपुर जिले में पंचायत चुनाव के तहत धौलपुर, बाड़ी और सैंपऊ पंचायत समितियों की 126 ग्राम पंचायतों में से 123 में मतदान कराया जा रहा है. तीन ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं. बाकी ग्राम पंचायतों में आज सरपंच पद के लिए वोट डाले जा रहे हैं. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और चुनाव व्यवस्था संभालने के लिए 2,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.
टोंक जिले की 153 ग्राम पंचायतों में आज सरपंच पद के लिए मतदान हो रहा है. इस चुनाव में कुल 1,159 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. सुबह 7 बजे से ही मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे हैं. मतदान शाम 6 बजे तक चलेगा. जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. मतदान समाप्त होते ही मतगणना शुरू की जाएगी.
सीकर जिले की पांच पंचायत समितियों की 134 ग्राम पंचायतों में आज सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है. धोद ग्रामीण, धोद, दांतारामगढ़, पलसाना और खाचरियावास पंचायत समितियों में वोट डाले जा रहे हैं. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित होगा. इस चरण में 4 लाख 96 हजार 107 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान पूरा होने के बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे.
जयपुर जिले की 133 ग्राम पंचायतों में आज गांवों की सरकार चुनने के लिए मतदान हो रहा है. जिले की चाकसू, कोटखावदा, माधोराजपुरा, फागी और सांगानेर सहित 5 पंचायत समितियों में वोट डाले जा रहे हैं. सरपंच पद के लिए 856 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. जिले के 442 मतदान केंद्रों पर 3 लाख 74 हजार 816 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा. सरपंच और वार्ड पंच दोनों पदों के लिए ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से मतदान कराया जा रहा है.
चाकसू पंचायत समिति में सबसे ज्यादा 211 प्रत्याशी मैदान में हैं, जबकि कोटखावदा में 174, माधोराजपुरा में 167 और फागी में 154 उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं. मतदान समाप्त होने के बाद आज ही ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर मतगणना होगी. देर रात तक सरपंच चुनाव के नतीजे सामने आने की संभावना है. जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक के निर्देशन में चुनावी व्यवस्थाएं की गई हैं. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.
सवाई माधोपुर में पंचायतीराज चुनाव के तहत आज सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है. पंचायत समिति की 29 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 245 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. वहीं, सभी ग्राम पंचायतों के 277 वार्डों में वार्ड पंच चुने जाएंगे, जिनके लिए 440 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक चलेगा. मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया गया है.