App

अंकित बालियान के घर पर पंचायत: सिंगर की पत्नी का छलका दर्द, पिता ने दी आंदोलन की चेतावनी

Shamli News: शामली में अंकित बालियान हत्याकांड के 2 महीने बाद भी 3 आरोपी फरार हैं. अंकित के घर पर गुरुवार को पंचायत बुलाई गई. इसमें अंकित की पत्नी भावुक हो गईं.

अंकित बालियान के घर पर पंचायत: सिंगर की पत्नी का छलका दर्द, पिता ने दी आंदोलन की चेतावनी
Image Credit: Shamli Ankit Baliyan House

श्रवण पंडित/शामली: शामली की सदर कोतवाली क्षेत्र के सिटी में हरियाणा कलाकार अंकित बालियान हत्याकांड को लेकर आज देर शाम को गांव बनतीखेड़ा में न्याय पंचायत आयोजित की गई. पंचायत में मृतक अंकित बालियान की पत्नी और पिता ने पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए जल्द न्याय की मांग की. परिजनों का आरोप है कि घटना को करीब दो माह बीतने के बावजूद उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है.

3 आरोपी अभी भी फरार 
बता दें कि अंकित बालियान की हत्या को दो महीने के करीब हो चुके हैं, लेकिन 3 मुख्य आरोपी अभी भी फरार हैं. इसको लेकर परिजन अधिकरियों से लगातार कार्यवाही के लिए मिलते आ रहे हैं. पीड़ित परिवार लगातार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन उन्हें न्याय की उम्मीद नजर नहीं आ रही. पंचायत में अंकित की पत्नी ने भावुक होते हुए कहा कि पंचायत इस बात को लेकर बुलाई गई थी कि अब तक क्या कार्रवाई हुई और क्या नहीं हुई?

रविवार को दोबारा पंचायत बुलाई गई 
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों के पंचायत में शामिल नहीं हो पाने के कारण रविवार को दोबारा पंचायत बुलाई जाएगी है. उन्होंने कहा कि उनकी हर मांग को ठंडे बस्ते में डाला जा रहा है. यहां तक कि न्याय मिलना भी मुश्किल होता नजर आ रहा है. अंकित की पत्नी ने कहा कि हम दो महीने से कभी यहां तो कभी वहां चक्कर काट रहे हैं. कोई हमारी सुनने को तैयार नहीं है. कोई नेता भी हमसे मिलने को तैयार नहीं है. उन्होंने कहा कि उन्हें कोई बड़ी चीज नहीं चाहिए, उन्हें सिर्फ अपना पति वापस चाहिए. आखिर अंकित की क्या गलती थी?.

अंकित की पत्नी ने दी चेतावनी 
उन्होंने कहा कि पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है, लेकिन परिवार को धरातल पर न्याय मिलता दिखाई नहीं दे रहा. अंकित की पत्नी ने कहा कि इस घटना के बाद उनकी जिंदगी बर्बाद हो चुकी है. उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि यदि मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वह ऐसा कदम उठाने को मजबूर होंगी, जिससे खुद कार्रवाई हो जाएगी. उनके इस बयान से पंचायत में मौजूद लोगों में भी चिंता का माहौल दिखाई दिया.

तीन मांगों को लेकर परिवार अड़ा
वहीं, अंकित के पिता ने बताया कि परिवार की ओर से गांव में न्याय पंचायत बुलाई गई थी. इसमें किसान नेता राकेश टिकैत के भी आने की बात थी, लेकिन किसी कारणवश वह पंचायत में नहीं पहुंच सके. उन्होंने कहा कि परिवार को हर हाल में इंसाफ चाहिए. उन्होंने बताया कि परिवार ने तीन प्रमुख मांगें रखी हैं. पहली मांग अंकित हत्याकांड में न्याय दिलाने की है. इसके अलावा अंकित के नाम पर स्टेडियम और लड़कियों के लिए स्कूल बनवाने की मांग रखी गई है.

अपराधियों को कड़ी सजा मिले 
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति के तहत हत्याकांड में भी प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए. परिवार का कहना है कि यदि आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो उनका पुलिस-प्रशासन से भरोसा और कमजोर होगा. पुलिस-प्रशासन की कार्रवाई को लेकर असंतोष साफ नजर आया. परिवार का कहना है कि अधिकारी कार्रवाई का भरोसा तो दे रहे हैं, लेकिन करीब दो माह बाद भी उन्हें वह न्याय नहीं मिला. 
 

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

Amitesh Pandey

Amitesh Pandey

अमितेश कुमार पांडेय डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सीनियर सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से ताल्लुक रखने वाले अमितेश को मीडिया जगत में 8 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.अमितेश के पास डेस्क एडिटिंग के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी व्यावहारिक अनुभव है. अमितेश ने उत्तर प्रदेश के तीन प्रमुख शहरों- लखनऊ, प्रयागराज और गाज़ियाबाद में जमीनी स्तर पर रिपोर्टिंग की है. स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ पेपर अमर उजाला, दैनिक जागरण और हिन्दुस्तान में काम करने का अनुभव है. अमितेश ने पत्रकारिता की पढ़ाई प्रयागराज से की है.अमितेश पांडेय से आप amitesh.pandey@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप अमितेश से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More