SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

शादी में दावत उड़ाने पहुंचे थे मेहमान, पनीर खाते ही 50 से ज्यादा लोग पहुंच गए अस्पताल

अमरोहा के आदमपुर थाना क्षेत्र के शेरगढ़ गांव में शादी की दावत में पनीर खाने से 50-60 लोगों की तबीयत बिगड़ी. महिलाएं-बच्चे समेत कई अस्पताल में भर्ती, पनीर की जांच के आदेश

Edited By Preeti Chauhan
Published: Nov 29, 2026, 12:38 IST | Updated: Nov 29, 2026, 12:55 IST
Image Credit: Amroha News (Image ZEE CREATIVE)
Join

विनीत अग्रवाल/अमरोहा: शादी की खुशियां उस वक्त दहशत में बदल गईं, जब दावत में खाना खाने के बाद एक के बाद एक मेहमानों की तबीयत बिगड़ने लगी. आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव शेरगढ़ में भात नौतने की दावत में शामिल करीब 50 से 60 लोगों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद अस्पताल पहुंचाना पड़ा. इनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं.

जानिए क्या हुआ था?

जानकारी के अनुसार, संभल जनपद के गांव बेला द्वापर की रहने वाली ममता देवी अपने बेटे की शादी से पहले मायके आई हुई थीं. उनके बेटे की शादी आगामी 5 दिसंबर को होनी है.  इसी सिलसिले में शेरगढ़ में भात नौतने का कार्यक्रम रखा गया था. बताया जा रहा है कि इस दावत के लिए गंवा पावस की एक दुकान से पनीर मंगाया गया था. 

 लोगों को बेचैनी, उल्टी और दस्त की शिकायत 

मेहमानों ने दावत में पनीर खाया और कुछ देर बाद कई लोगों को बेचैनी, उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. देखते ही देखते दावत में हड़कंप मच गया. परिजन आनन-फानन में बीमार लोगों को लेकर अस्पताल भागे.

अस्पताल में भर्ती हैं कई लोग

बीमार लोगों को आदमपुर क्षेत्र के प्राइवेट हॉस्पिटलों में भर्ती कराया गया है.  डॉक्टरों के अनुसार, सभी का इलाज चल रहा है. ज्यादातर की हालत स्थिर बताई जा रही है. हालांकि, बच्चों और बुजुर्गों को लेकर परिजन ज्यादा चिंतित नजर आए. इस घटना के बाद दहशत का माहौल है.

पनीर पर उठ रहे सवाल

परिजनों का आरोप है कि पनीर खाने के बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ी.  हालांकि, पनीर खराब या मिलावटी होने की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. ग्रामीणों का कहना है कि शादी-ब्याह के सीजन में मिलावटी सामान की बिक्री बढ़ जाती है, लेकिन जांच के नाम पर खानापूर्ति होती है. फिलहाल, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग मामले की जानकारी जुटा रहा है. पनीर का नमूना लेकर जांच कराए जाने के बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि तबीयत बिगड़ने की असली वजह क्या थी.

शादी के सीजन में ''जहरीले'' पनीर पर शिकंजा… हापुड़ में खाद्य विभाग ने नष्ट कराया 7 क्विंटल मिलावटी पनीर

इन दिनों शादी-ब्याह का सीजन चरम पर है और दावतों में पनीर की डिमांड सबसे ज्यादा रहती है. इसी मौके का फायदा उठाकर मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं, जो लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने में जुटे हैं. हालांकि, जनता की थाली में जहर न परोसा जाए, इसके लिए हापुड़ का खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में है. बीती रात विभाग की टीम ने सिंभावली क्षेत्र में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए करीब पौने दो लाख रुपये कीमत का मिलावटी पनीर नष्ट कराया है.

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बीती रात करीब थाना सिंभावली क्षेत्र के ग्राम दतियाना में एक पनीर निर्माण इकाई पर औचक छापा मारा. छापेमारी में टीम को मौके पर बेहद गंदगी और अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित किया गया लगभग 7 क्विंटल पनीर बरामद हुआ. इसके साथ ही मौके से रिफाइंड के 4 टिन भी मिले, जिससे पनीर में मिलावट का संदेह और गहरा गया. सहायक आयुक्त खाद्य ने बताया कि सूचना मिली थी कि ग्राम दतियाना, थाना सिंभावली में मिलावटी पनीर बनाया जा रहा है. टीम के साथ मौके पर पहुंचने पर लगभग 7 क्विंटल पनीर अनहाइजीनिक कंडीशन में रखा मिला और 4 टिन रिफाइंड भी बरामद हुए.

संदेह के आधार पर पनीर और रिफाइंड का एक-एक नमूना भरा गया है,और जेसीबी बुलवाकर गड्ढा खुदवाकर करीब 1 लाख 75 हजार रुपये कीमत के पनीर को नष्ट करा दिया गया है. कार्रवाई के दौरान टीम ने जांच के लिए पनीर का एक और रिफाइंड का एक नमूना संग्रहित कर प्रयोगशाला भेजा है. वहीं, शेष बचे लगभग 698 किलोग्राम संदिग्ध और अस्वास्थ्यकर पनीर को जेसीबी मशीन की मदद से गहरा गड्ढा खुदवाकर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया. नष्ट किए गए पनीर की बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 75 हजार रुपये बताई जा रही है.

खाद्य विभाग ने इस अवैध पनीर निर्माण इकाई को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया है. विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मचा हुआ है. साफ है कि शादियों के इस सीजन में मुनाफाखोरी के चक्कर में आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा. हापुड़ खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई ने मिलावटखोरों को कड़ा संदेश दे दिया है.

शादी से इनकार करने पर सनकी रिश्तेदार ने घर में घुसकर फेंका तेजाब, मां पर चाकू से हमला; युवती समेत 3 झुलसे

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

प्रीति चौहान को पत्रकारतिा के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है. प्रिंट मीडिया के साथ टीवी चैनल का अनुभव भी है. डिजिटल मीडिया में गहरी पकड़ है. ग्राउंड-जीरो रिपोर्टिंग का अनुभव है. वर्तमान में वे Zee News रीजनल टीम में सीनियर सब-एडिटर के रूप में काम कर रही हैं. हाइपरलोकल की राजनीति, क्राइम और अन्य खबरों की गहराई से कवरेज करना उनकी एक्सपर्टीज है.अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) से पत्रकारिता में डिप्लोमा पूरा करने के बाद प्रीति चौहान ने मीडिया जगत में अपना सफर शुरू किया. ज़ी न्यूज़ से पहले उन्होंने हिंदुस्थान समाचार (न्यूज एंजेसी के डिजिटल प्लेटफॉर्म), अमर उजाला, इंडिया वॉच और श्रीन्यूज जैसे प्रमुख समाचार चैनलों और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स में काम किया है. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ रिपोर्टिंग, कंटेंट आइडिएशन और डेस्क मैनेजमेंट की अहम जिम्मेदारियां संभाली. वे खबरों की प्रामाणिकता और ग्राउंड रियलिटी को प्राथमिकता देती हैं, ताकि पाठकों तक सटीक और भरोसेमंद जानकारी पहुंचे.प्रीति चौहान से आप PREETI.CHAUHAN@india.com पर ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं. 
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES