SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

यूपी में काल बनी तेज रफ्तार: थार ने ली दो भाइयों की जान, पिकअप की टक्कर से मजदूर का कटा हाथ; मचा हंगामा

यूपी के अमरोहा और महोबा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला. जहां अमरोहा में तेज रफ्तार की टक्कर से बाइक सवार दो भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं महोबा में घर लौट रहा मजदूर हादसे का शिकार हो गया.

Written By Pooja Singh
Published: Nov 04, 2026, 07:14 AM IST | Updated: Nov 04, 2026, 07:18 AM IST
Join

यूपी की सड़कों पर इन दिनों तेज रफ्तार का कहर इस कदर हावी हो चुका है कि जरा सी लापरवाही मासूम जिंदगियों को निगल रही है. ताजा मामले अमरोहा और महोबा जिलों से सामने आए हैं, जहां तेज रफ्तार वाहनों से हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने कोहराम मचा दिया. इन हादसों के बाद जहां एक तरफ परिवारों में हड़कंप मच गया, वहीं दूसरी तरफ गुस्साए लोगों का आक्रोश सड़कों और थानों पर फूट पड़ा.

थार ने बाइक सवार दो भाइयों को रौंदा
पहली दर्दनाक घटना अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र के बिजनौर मार्ग की है. यहां बुधवार को तेज रफ्तार थार ने बाइक सवार दो भाइयों को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में प्रशांत और राजीव की दर्दनाक मौत हो गई. बताया जा रहा है कि दोनों नौगावां सादात से अपने घर लौट रहे थे, तभी हादसे का शिकार हो गए. हादसे के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही मृतकों के परिजन और स्थानीय लोग शहर कोतवाली पहुंच गए. प्रशांत के पिता ने कोतवाली में तहरीर देकर थार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. वहीं, आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने कोतवाली में हंगामा किया. सूचना पर पहुंचे सीओ सिटी प्रदीप कुमार ने लोगों को समझाकर मामला शांत कराया. पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है.

पिकअप ने मजदूर को मारी टक्कर
दूसरी घटना महोबा शहर कोतवाली क्षेत्र के कुम्हडौरा माफ गांव की है. यहां मजदूरी कर पैदल अपने घर लौट रहे रामभगत के 25 वर्षीय बेटे धीरेंद्र को एक तेज रफ्तार बेकाबू पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी. यह टक्कर इतनी भयानक थी कि धीरेंद्र का बायां हाथ उसके शरीर से अलग हो गया और वह सड़क पर लहूलुहान होकर तड़पने लगा. हादसे को अंजाम देने के बाद चालक अपनी पिकअप लेकर मौके से फरार हो गया.

घंटों लगा जाम, राहगीर हुए परेशान
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया. उन्होंने खजुराहो रोड पर जाम लगा दिया, जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीर घंटों परेशान होते रहे. घायल धीरेंद्र को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया.

मौके पर पहुंची पुलिस जब आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने में असफल रही, तब एसडीएम सदर शिवध्यान पांडे और सीओ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुल सका और लोगों ने राहत की सांस ली.

(अमरोहा से विनीत अग्रवाल और महोबा से राजेंद्र तिवारी की रिपोर्ट)

यह भी पढ़िए: मुरादाबाद में बोलेरो कार ने 5 लोगों को कुचला, दो मासूम बच्चों की मौत, ग्रामीणों की पुलिस से धक्का मुक्की

Add Zee News as a Preferred Source

About the Author

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES