अखिलेश को 2027 में पता चल जाएगा, कहां जा रहे मुसलमान? पसमांदा नेता वसीम राईन का सपा-कांग्रेस पर हमला
पसमांदा मुसलमान नेता वसीम राईन ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर हमला बोला है.
ऑल इंडिया पसमांदा मुस्लिम समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसीम राईन ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है. अखिलेश यादव के 12 नवंबर को परिवार के साथ अयोध्या जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव लगातार पसमांदा मुसलमानों की अनदेखी करते आए हैं. उनकी राजनीति करीब 20 प्रतिशत मुस्लिम और नौ प्रतिशत यादव मतदाताओं के इर्द-गिर्द घूमती है, लेकिन मुसलमानों को राजनीतिक हिस्सेदारी देने में हमेशा पीछे रहे हैं.
सपा पर हमला बोला
वसीम राईन ने आरोप लगाया कि सपा ने गठबंधन से लेकर अब तक किसी पसमांदा मुस्लिम को राज्यसभा भेजने का मौका नहीं दिया. टिकट वितरण, पार्टी संगठन और आयोगों में भी समाज को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिला. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव पसमांदा मुसलमानों को मजबूर समझते हैं कि वे आखिर कहां जाएंगे, लेकिन अब ऐसा नहीं है. पसमांदा मुसलमान किसी के बंधुआ वोटर नहीं हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव में उन्हें पता चल जाएगा कि मुसलमान कहां जा रहे हैं. अब समाज उसी पार्टी और सरकार के साथ खड़ा होगा, जहां उसे राजनीतिक हिस्सेदारी, टिकट और सत्ता में भागीदारी मिलेगी.
पीएम मोदी की तारीफ
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए कहा कि आजादी के बाद पहली बार किसी प्रधानमंत्री ने पसमांदा समाज का खुलकर नाम लिया और उसे मुख्यधारा से जोड़ने की बात की. प्रधानमंत्री ने 2022 के बाद कई बार पसमांदा मुसलमानों का जिक्र किया. मौजूदा केंद्र और प्रदेश सरकार में प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत और राशन जैसी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव मिल रहा है.
सोनिया गांधी पर हमला बोला
सोनिया गांधी के विवादित ढांचा को टीवी पर देखकर रोने वाले बयान पर वसीम राईन ने कहा कि उन्हें 32 साल बाद याद आया कि बाबरी मस्जिद शहीद हुई थी और वह इसे देखकर रोई थीं. सवाल है कि इतने वर्षों तक वह कहां थीं? उन्होंने आरोप लगाया कि मस्जिद का ताला खुलवाने से लेकर वहां मूर्तियां रखवाने और मुसलमानों को दंगों में झोंकने तक के घटनाक्रम कांग्रेस के शासनकाल में हुए. कांग्रेस के हाथ मुसलमानों के खून से रंगे हैं. आज जब मुसलमानों ने कांग्रेस का साथ छोड़ना शुरू किया तो उसे उनकी याद आने लगी है. उन्होंने सोनिया गांधी के बयान को घड़ियाली आंसू करार दिया.
पसमांदा मुसलमानों की हालत दलितों से भी बदतर
वसीम राईन ने कहा कि सच्चर कमेटी की रिपोर्ट में पसमांदा मुसलमानों की हालत दलितों से भी बदतर बताई गई थी, लेकिन कांग्रेस ने उनके उत्थान के लिए कुछ नहीं किया. अनुच्छेद 341 के तहत 1950 में लागू व्यवस्था के कारण मुस्लिम दलित जातियां आरक्षण के लाभ से वंचित हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि इस भेदभाव पर सोनिया गांधी को कभी दर्द क्यों नहीं हुआ?
कोर्ट के फैसले पर बना मंदिर
अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को लेकर उन्होंने कहा कि मंदिर न्यायालय के फैसले के आधार पर बना है. हम संविधान में विश्वास रखते हैं और अदालत के फैसले का सम्मान करते हैं, जिस देश में रहते हैं, वहां के कानून और न्यायिक व्यवस्था का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह न्यायालय के फैसले का स्वागत करते हैं.
यह भी पढ़ें : होइहि सोइ जो राम रचि राखा... अखिलेश के अयोध्या दौरे को लेकर पंकज चौधरी का करारा हमला