App

मौत के मुंह से खींच लाई खाकी: पांडु नदी के बीच तेज बहाव में पलटी 12 लोगों से भरी नाव, थाना प्रभारी की दिलेरी से टली बड़ी त्रासदी

Fatehpur Boat Accident: फतेहपुर में करीब 12 लोगों से भरी एक नाव बाढ़ के पानी में पलट गई. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत रेस्क्यू अभियान चलाया. इस दौरान औंग थाना प्रभारी ने खुद हिम्मत दिखाते हुए पानी में उतरकर लोगों की जान बचाई. मुस्तैदी से चलाए गए राहत-बचाव कार्य के चलते नाव में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया.

मौत के मुंह से खींच लाई खाकी: पांडु नदी के बीच तेज बहाव में पलटी 12 लोगों से भरी नाव, थाना प्रभारी की दिलेरी से टली बड़ी त्रासदी

Fatehpur Boat Accident/ अवनीश सिंह: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले के औंग थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अभयपुर-नया खेड़ा मार्ग पर शुक्रवार शाम पांडु नदी के उफान और तेज बहाव के बीच 12 लोगों से भरी एक नाव अचानक अनियंत्रित होकर गहरे पानी में पलट गई. नाव में 5 मासूम बच्चे और 7 युवक सवार थे. हादसे के वक्त मौके पर चीख-पुकार मच गई, लेकिन ग्रामीणों के साहस और सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे औंग थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला की सूझबूझ से सभी 12 लोगों को सही-सलामत बचा लिया गया.

मेले की भीड़, गायब नाविक और उफान मारती नदी का खतरा
यह पूरा मामला मलवां के आशापुर अभयपुर ग्राम सभा के अवशेरी खेड़ा जाने वाले मार्ग का है. दरअसल, गलाथा गांव में आयोजित वार्षिक दंगल और मेले के कारण लोगों की भारी आवाजाही थी. पांडु नदी के तेज कटान से सड़क बह जाने के कारण ग्रामीण नाव के जरिए नदी पार कर रहे थे. शुक्रवार शाम करीब 7 बजे जब लोग दंगल देखकर लौट रहे थे, तब नाविक राकेश वहां मौजूद नहीं था और नाव की पतवार भी साथ ले गया था.

घर लौटने की जल्दी में ग्रामीणों ने खुद ही नाव खेने का जोखिम भरा फैसला लिया. नाले के दोनों तरफ लगभग 10 फीट गहरा पानी भरा हुआ था. क्षमता से अधिक भीड़ होने और संतुलन बिगड़ने के कारण नाव बीच धारा में नीचे से फटकर पलट गई. देखते ही देखते बाबूराम, होरीलाल, सर्जन, आयुष, कुंदन, छोटू और बैजनाथ समेत सभी 12 लोग उफनती नदी में समा गए.

थाना प्रभारी ने दिखाई दिलेरी, ग्रामीणों ने भी पेश की मिसाल
हादसा होते ही अवशेरी खेड़ा के बाबूराम और होरीलाल ने हिम्मत दिखाते हुए डूब रहे बच्चों को एक-एक कर बाहर निकालना शुरू किया. इसी बीच सूचना मिलते ही औंग थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला अपनी टीम और एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे. बिना एक पल गंवाए थाना प्रभारी खुद पुलिस बल के साथ गहरे पानी में उतर गए और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी 12 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया.

उप जिलाधिकारी (बिंदकी) निशांत तिवारी ने पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है. एहतियात के तौर पर कटे हुए मार्ग पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है.

थाना प्रभारी और लोगों ने पेश की मिसाल
फतेहपुर में हुए इस हादसे ने एक तरफ जहां प्रशासनिक लापरवाही और ग्रामीणों के जल्दबाजी में लिए गए जोखिम को उजागर किया, वहीं दूसरी तरफ औंग थाना प्रभारी और स्थानीय ग्रामीणों की दिलेरी ने 12 जिंदगियों को मौत के मुंह से खींचकर एक मिसाल पेश की है.

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

Pooja Singh

Pooja Singh

पूजा सिंह डिजिटल पत्रकार हैं और ज़ी उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड (Zee UP-UK) की डिजिटल टीम में सब-एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली से ताल्लुक रखने वाली पूजा को मीडिया जगत में 5 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है. वे उत्तर प्रदेश की हाइपर-लोकल खबरों, क्राइम, प्रशासनिक गतिविधियों, राजनीतिक उठापटक और खेल जगत के मुद्दों पर पैनी नजर रखते हैं. खबरों की गहराई, ग्राउंड रियलिटी और तथ्य-आधारित डिजिटल कवरेज के लिए वे जाने जाते हैं.पूजा के पास डेस्क एडिटिंग का व्यावहारिक अनुभव है.  स्थानीय प्रशासन, जनसमस्याओं और राजनीतिक हलचलों की बेहतर समझ उन्हें ज़मीनी वास्तविकताओं को सटीक रूप से प्रस्तुत करने में मदद करती है. ज़ी मीडिया से पहले उन्होंने भारत के लिडिंग हिंदी न्यूज़ चैनल टीवी 9 डिजिटल और न्यूज नेशन में काम करने का अनुभव है. पूजा ने भारतीय विद्या भवन से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है.पूजा सिंह से आप pooja.singh@india.com पर सीधे ईमेल कर संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा आप पूजा से एक्स (ट्विटर) और लिंक्डइन पर कनेक्ट कर सकते हैं.
Read More