SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

लोगों का चहेता बना 1000 किलो का सील: ऑस्ट्रेलिया में 'नील' को मिली कानूनी सुरक्षा; अब 30 मीटर दूर से ही कर सकेंगे दीदार

ऑस्ट्रेलिया में अपने भारी-भरकम शरीर और अनोखी हरकतों से सोशल मीडिया पर वायरल होने वाला हाथी सील 'नील' अब नए कानून के दायरे में आ गया है. ऑस्ट्रेलिया की तस्मानिया सरकार ने उसकी सुरक्षा के लिए खास इंतजाम किए हैं. अब लोग उससे कम से कम 30 मीटर की दूरी बनाकर रखेंगे. गाड़ियों, कुत्तों, नावों और ड्रोन को लेकर भी नियम बनाए गए हैं. नियम तोड़ने पर जुर्माना और जेल तक जाना पड़ सकता है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 16, 2026, 13:12 IST | Updated: Nov 16, 2026, 13:25 IST
Image Credit: @neiltheseal22 | 1000 किलो के 'सेलिब्रिटी सील' के लिए ऑस्ट्रेलिया ने बनाया नया कानून!
Join

आमतौर पर आपने समुद्र किनारे सील को आराम करते या पानी में तैरते जरूर देखा होगा. लेकिन ऑस्ट्रेलिया के 1,000 किलो वजनी 'सेलिब्रिटी सील' नील का अंदाज ही कुछ अलग है और वह अपने इसी अंदाज के लिए मशहूर हो गया है. करीब 1000 किलो वजन वाला यह विशाल समुद्री जीव कभी रिहायशी इलाकों में दिखाई देता है तो कभी खड़ी गाड़ियों और सड़क पर लगे ट्रैफिक कोन के आसपास आराम करता नजर आता है.

नील की ऐसी ही तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब शेयर किए जाते हैं. देखते ही देखते वह इंटरनेट पर लोगों का पसंदीदा बन गया. हालांकि, उसकी लोकप्रियता अब उसके लिए परेशानी भी बन रही है. उसे देखने के लिए पहुंचने वाले कुछ लोग काफी करीब चले जाते हैं, जिससे सरकार के लिए उसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

सरकार ने जारी किया नया प्रोटेक्शन प्लान

ABC न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, नील की सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए तस्मानिया सरकार ने उसके लिए नए मैनेजमेंट प्लान का ऐलान किया है. इसके तहत Threatened Species Protection Act 1995 के अंतर्गत अंतरिम सुरक्षा आदेश लागू किया गया है. नए नियमों के अनुसार, तय किए गए समुद्री और तटीय इलाकों में दक्षिणी हाथी सील से कम से कम 30 मीटर की दूरी रखनी होगी. इसका मकसद यह है कि लोग इन जानवरों को परेशान न करें और उन्हें अपनी मर्जी से आराम करने का मौका मिले.

गाड़ी, कुत्ते और ड्रोन को लेकर भी सख्ती

सरकार ने केवल लोगों के पास जाने पर ही रोक नहीं लगाई है, बल्कि आसपास की एक्टिविटी को लेकर भी नियम बनाए हैं. 'नील द सील' के नजदीक गाड़ियां पार्क करने पर पाबंदियां रहेंगी. पालतू कुत्तों को भी संभालकर रखना होगा, जिससे वे जानवरों के पास जाकर उन्हें परेशान न करें. इसके अलावा नावों और ड्रोन के लिए भी सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसका मतलब है कि अब नील की तस्वीर या वीडियो लेने के चक्कर में उसके बिल्कुल पास पहुंचना आसान नहीं होगा. तस्मानिया के पर्यावरण मंत्री गाइ बार्नेट ने ABC न्यूज से बात करते हुए कहा कि नील जमीन पर आराम करने के लिए आता है. उसकी देखभाल करने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि उसे पर्याप्त जगह दी जाए, जिससे वह सामान्य तरीके से अपना व्यवहार कर सके. उन्होंने यह भी कहा कि नील एक बड़ा जंगली जानवर है और उसका व्यवहार बदल सकता है. इसलिए लोगों के लिए उससे दूरी बनाए रखना जरूरी है.

 

 

नियम तोड़े तो भरना पड़ सकता है जुर्माना

सरकार ने साफ कर दिया है कि नए सुरक्षा आदेश को हल्के में नहीं लिया जाना चाहिए. ABC न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इन नियमों का उल्लंघन करने पर दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति को सजा और जुर्माना हो सकता है. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे नील को देखने के लिए उसके आसपास भीड़ न लगाएं. उसकी तस्वीरें लेने या वीडियो बनाने के लिए उसे छूने, रास्ता रोकने या उसके बहुत करीब जाने की कोशिश भी न करें.

2020 में पैदा हुआ था नील, वजन करीब 1000 किलो

नील का जन्म अक्टूबर 2020 में तस्मानिया के टैसमैन पेनिनसुला इलाके में हुआ था. वह अक्सर इसी क्षेत्र में लौटकर आराम करता और अपनी त्वचा बदलने की प्रक्रिया पूरी करता है. जून और जुलाई में जब वह यहां आया था, तब उसका वजन करीब 1000 किलो बताया गया था. हालांकि, दक्षिणी हाथी सील के बड़े नर का वजन 3000 किलो से भी ज्यादा हो सकता है. इसका मतलब नील अभी अपनी प्रजाति के सबसे भारी नर हाथी सील के मुकाबले काफी छोटा है, लेकिन उसका मौजूदा आकार भी लोगों को हैरान करने के लिए काफी है.

नील की सुरक्षा के लिए 1.10 लाख से ज्यादा लोगों ने उठाई आवाज

नील की लोकप्रियता बढ़ने के साथ ही उसके आसपास लोगों की भीड़ भी बढ़ने लगी थी. इसी को देखते हुए उसकी सुरक्षा के लिए ऑनलाइन मुहिम शुरू हुई. रिपोर्ट के अनुसार, 1.10 लाख से ज्यादा लोगों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर करके नील के लिए कड़े सुरक्षा नियम बनाने की मांग की थी. याचिका में ऐसे इलाकों में लोगों की आवाजाही सीमित करने और जानवर को परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी. तस्मानिया के प्रीमियर जेरेमी रॉकलिफ ने भी कहा कि नील लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है, लेकिन उसकी सुरक्षा और आम लोगों की सलामती, दोनों का ध्यान रखना जरूरी है.

'नील द सील' नाम को भी सुरक्षित रखने की तैयारी

सरकार नील की लोकप्रियता से जुड़े एक और मामले पर काम कर रही है. अधिकारियों को चिंता है कि कुछ कारोबारी उसके नाम और लोकप्रियता का इस्तेमाल अपने फायदे के लिए कर सकते हैं. इसी वजह से सरकार 'नील द सील' नाम का ट्रेडमार्क कराने की तैयारी में है. हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि नए सुरक्षा नियम केवल नील के लिए नहीं हैं. ये तय इलाकों में रहने वाले दूसरे दक्षिणी हाथी सील पर भी लागू होंगे.

लोगों की पसंद बना नील, अब उसे चाहिए थोड़ी दूरी

नील की कहानी बताती है कि सोशल मीडिया पर किसी जंगली जानवर की लोकप्रियता कभी-कभी उसके लिए परेशानी भी बन सकती है. लोग उसे देखने और उसके साथ तस्वीरें लेने के लिए उत्साहित हैं, लेकिन यही उत्साह उसके आराम और सुरक्षा में बाधा बन सकता है. सरकार की अपील सीधी है कि नील को पसंद करते हैं तो उसे परेशान मत कीजिए. उसे देखने के लिए 30 मीटर की दूरी बनाए रखिए. आखिरकार, किसी जंगली जानवर से प्यार जताने का सबसे अच्छा तरीका यही है कि उसे उसके प्राकृतिक माहौल में बिना छेड़छाड़ के रहने दिया जाए.

यह भी पढ़ें:- उम्र सिर्फ एक नंबर है: 91 साल में बनवाया पहला पासपोर्ट, 96 की उम्र तक नाप डाले दुनिया के सातों महाद्वीप; दादी-पोते की कहानी वायरल

यह भी पढ़ें:- 'यह कोई मजाक नहीं, अपराध है...' डोर किक चैलेंज पर पुलिस की सख्त वार्निंग; घरों के दरवाजों पर लात मारकर भाग रहे बच्चे

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES