)
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपने शो 'कौन बनेगा करोड़पति' के मंच पर अक्सर अपनी जिंदगी के ऐसे किस्से सुनाते हैं, जिन्हें सुनकर फैंस हैरान भी होते हैं और हंस-हंसकर लोटपोट भी हो जाते हैं. शो के अपकमिंग एपिसोड में भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिलने वाला है. बिग बी ने नेपाल में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान का अपना एक बेहद मजेदार मगर डरावना अनुभव शेयर किया, जब कयाकिंग करते वक्त उनकी नाव पानी में पलट गई थी और वह डूबते-डूबते बचे थे. इसके साथ ही उन्होंने हॉलीवुड के दिग्गज डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की साइंस-फिक्शन फिल्म 'इंटरस्टेलर' की भी जमकर तारीफ की.
बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन जब भी 'कौन बनेगा करोड़पति' की हॉटसीट पर बैठते हैं, तो माहौल में एक अलग ही रौनक आ जाती है. शो के अपकमिंग एपिसोड में बिग बी ने अपनी पुरानी यादों का पिटारा खोलते हुए नेपाल का एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया. यह किस्सा कयाकिंग से जुड़ा है, जो देखने में जितना कूल लगता है, असल में उतना ही रिस्की भी होता है.
कंटेस्टेंट से बात करते हुए जब कयाकिंग का जिक्र छिड़ा, तो अमिताभ बच्चन ने बताया कि यह बहुत ही खतरनाक खेल होता है. उन्होंने अपने खास अंदाज में कहा कि कयाक एक बहुत ही दुबली-पतली नाव होती है और इसके अंदर घुसने में ही करीब आधा-पौना घंटा लग जाता है. बिग बी ने याद किया कि एक बार वह नेपाल में अपनी एक फिल्म की शूटिंग कर रहे थे. वहां किसी ने उनसे कहा कि यह बहुत अच्छी चीज है और उन्हें इसकी सवारी जरूर करनी चाहिए. लोगों के कहने पर किसी तरह बड़ी मुश्किल से उन्हें उस पतली नाव के अंदर बैठाया गया.
अमिताभ ने आगे बताया कि इस नाव को चलाने के लिए एक चप्पू दिया जाता है, जिसे सही दिशा में चलाना बहुत जरूरी होता है. लेकिन शूटिंग के दौरान उनसे एक छोटी सी चूक हो गई. उन्हें चप्पू दाईं तरफ घुमाना था, मगर उन्होंने गलती से उसे दूसरी तरफ घुमा दिया. बस फिर क्या था, नाव अपना बैलेंस खो बैठी और सीधा पानी में पलट गई. इस मजेदार और डरावने पल को याद करते हुए उन्होंने बताया कि नाव में बैठने से पहले उन्हें ट्रेनिंग दी गई थी कि अगर नाव पलट जाए, तो पानी के नीचे से ऊपर की तरफ हाथ मारना है ताकि नाव सीधी हो जाए. और अगर ऐसा न हो पाए, तो पानी के अंदर ही अपने दोनों हाथ जोर-जोर से हिलाने हैं, ताकि बाहर खड़े लोगों को पता चल सके कि कोई अंदर डूब रहा है.
न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, पानी के नीचे के उन पलों को याद करते हुए बिग बी ने हंसते हुए कहा कि वह पानी के अंदर से जोर-जोर से हाथ चला रहे थे और बाहर निकलने की पूरी कोशिश कर रहे थे. आखिर कोई इंसान कितनी देर तक अपनी सांस रोक सकता है. अमिताभ ने हैरानी जताते हुए कहा कि आप यकीन नहीं करेंगे, लेकिन उस वक्त कोई भी उन्हें बचाने नहीं आया. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि एक तो वह फिल्म की शूटिंग कर रहे थे और ऊपर से फिल्म का हीरो ही पानी में डूब रहा था. अगर कुछ हो जाता तो मेकर्स को दूसरे हीरो के साथ काम करना पड़ता. हालांकि, तभी झरने के किनारे खड़े एक शख्स की नजर उन पर पड़ी. उस शख्स को लगा कि मामला कुछ गंभीर है और उसने किसी तरह अमिताभ को पानी से बाहर निकाला. बिग बी ने बताया कि उस नाव से किसी को बाहर निकालने के लिए भी 3 से 4 लोगों की जरूरत पड़ती है, इसलिए उन्हें निकालने में भी काफी मुश्किल हुई थी.
बिग बी ने केबीसी पर ऐसे की थी वापसी-
इस एपिसोड में चेन्नई से आए एक एस्ट्रोनॉमर हॉटसीट पर बैठे थे, जिनसे बात करते हुए अमिताभ ने अंतरिक्ष और सितारों की दुनिया पर भी चर्चा की. बिग बी ने कहा कि आज की नई पीढ़ी में सितारों और स्पेस को लेकर काफी क्रेज है और इस पर कई शानदार फिल्में भी बन रही हैं. इसी दौरान उन्होंने मशहूर हॉलीवुड डायरेक्टर क्रिस्टोफर नोलन की फिल्म 'इंटरस्टेलर' का जिक्र किया. अमिताभ ने बताया कि इस फिल्म में ब्लैक होल को लेकर जो जानकारी दिखाई गई है, वह वाकई कमाल की है. नोलन ने इस फिल्म के लिए इतनी गहराई से रिसर्च की थी कि अंतरिक्ष की दुनिया से जुड़े असली साइंटिस्ट भी यह देखकर हैरान रह गए थे. बता दें कि अमिताभ बच्चन का यह पॉपुलर क्विज शो सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर टेलीकास्ट होता है.
(इनपुट आईएएनएस से)