)
भारतीय इलेक्ट्रिक कार बाजार के टॉप 5 ब्रांड्स में जगह बनाने के बाद वियतनाम की दिग्गज कंपनी विनफास्ट की नजर अब टू-व्हीलर सेगमेंट पर है. कंपनी ने इस साल कई नए डिजाइन पेटेंट कराए हैं.
जिसमें एक नई इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल और एक इलेक्ट्रिक स्कूटर का पेटेंट सामने आया है. इससे साफ पता चलता है कि कंपनी भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए बेहद तेजी से काम कर रही है.
इलेक्ट्रिक कारों की सफलता के बाद अब यूजर्स कंपनी की इन नई इलेक्ट्रिक बाइक्स और स्कूटर्स का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.
पेटेंट की गई तस्वीरों में विनफास्ट का नया इलेक्ट्रिक स्कूटर देखने में अट्रैक्टिव और रेट्रो-मॉडर्न अंदाज में नजर आ रहा है. इसकी बॉडी पर चिकने और घुमावदार पैनल दिए गए हैं, जो देखने में काफी हद तक 2025 भारत मोबिलिटी एक्सपो में दिखाए गए Vento S मॉडल जैसे लगते हैं.
स्कूटर के अगले हिस्से में तिकोना हेडलैंप, इंटीग्रेटेड डीआरएल और V आकार का खास बैज लगाया गया है.
इसके अलावा इसमें चौड़ा फ्रंट फेंडर, फ्लैट फ्लोरबोर्ड, आरामदायक लंबी सीट और पीछे की तरफ V स्टाइल वाली टेल लाइट दी गई है, जो इसे प्रीमियम लुक देती है.
ये दिखने में तो मस्त हैं ही, साथ ही कंपनी ने इसके हार्डवेयर में भी बड़ा बदलाव किया है. विनफास्ट के बाकी स्कूटर्स में जहां हब-माउंटेड मोटर मिलती है, वहीं इस नए मॉडल में साइड-माउंटेड मोटर दी गई है.
सुरक्षा के हिसाब से इसके दोनों पहियों में डिस्क ब्रेक भी हैं, जो महंगे और प्रीमियम स्कूटर्स में देखने को मिलते हैं.
वैसे इसकी बैटरी और रेंज का खुलासा नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि इसमें 3.5 kWh की बैटरी मिल सकती है, जो करीब 160 किलोमीटर की रेंज और 89 किलोमीटर प्रति घंटे की टॉप स्पीड देने में सक्षम होगी.
स्कूटर के साथ-साथ विनफास्ट ने एक हाई-परफॉर्मेंस इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल का भी डिजाइन पेटेंट कराया है. इस बाइक का लुक बेहद स्पोर्टी रखा गया है.
जिसमें बड़े टायर्स और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के लिए एक बड़ा हाउसिंग दिया गया है. कंपनी इस समय कई तरह की इलेक्ट्रिक बाइक्स पर काम कर रही है, जिनमें स्ट्रीट बाइक, क्रूजर और सुपरस्पोर्ट मॉडल शामिल हैं.
ये सभी बाइक्स कंपनी के खास इलेक्ट्रिक प्लेटफॉर्म पर तैयार की जा रही हैं, जो युवा राइडर्स को खूब पसंद आ सकती हैं.
भले ही कंपनी ने अपनी इस नई इलेक्ट्रिक बाइक के स्पेसिफिकेशन पर अभी चुप्पी साध रखी है, लेकिन वियतनामी मीडिया रिपोर्ट्स में इसे लेकर बड़े दावे किए जा रहे हैं.
खबरों के मुताबिक, इस बाइक की मोटर करीब 50 kW यानी 68 PS की जबरदस्त पावर जेनरेट कर सकती है. सड़कों पर सुरक्षित राइडिंग के लिए इसकी टॉप स्पीड को 130 किलोमीटर प्रति घंटे तक रखा जा सकता है.
अगर ये बाइक इन्हीं स्पेसिफिकेशन के साथ भारतीय बाजार में उतरती है, तो ये पेट्रोल से चलने वाली कई स्पोर्ट्स बाइक्स को कड़ी टक्कर देगी.
गाड़ियों की बिक्री के साथ-साथ विनफास्ट भारत में अपनी सर्विस का दायरा बढ़ाने पर भी सोच रही है. है खबर है कि कंपनी देश के बड़े शहरों में ई-बाइक टैक्सी सर्विस शुरू करने की प्लान बना रही है.
वियतनाम में कंपनी पहले से ही इस तरह की सेवा चला रही है. भारत में भी ये सर्विस विनफास्ट की मौजूदा ग्रीन एसएम इलेक्ट्रिक कार टैक्सी सेवा की तर्ज पर काम कर सकती है.
वैसे कंपनी की तरफ से अभी इस सर्विस को लेकर कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगाई गई है, लेकिन इस कदम से आम लोगों का सफर काफी सस्ता और आसान हो सकता है.