इंडिया में लगते हैं महीनों, और दुबई में सिर्फ 8 मिनट! इस बंदे का पासपोर्ट रिन्यूअल वीडियो देखकर उड़ जाएंगे आपके होश
Dubai Airport: दुबई एयरपोर्ट पर एक यात्री का पासपोर्ट महज 8 मिनट में रिन्यू हो गया. सोशल मीडिया पर वायरल इस हैरान कर देने वाली खबर की पूरी सच्चाई और लोगों के रिएक्शन्स यहां पढ़ें.
Passport Renewal in 8 Minutes: इंटरनेशनल ट्रिप पर जाने की पूरी प्लानिंग हो चुकी हो, बैग पैक हो चुके हों और अचानक पता चले कि आपका पासपोर्ट एक्सपायर होने वाला है तो क्या होगा? किसी का भी दिमाग खराब हो जाएगा और लगेगा कि पूरी ट्रिप कैंसिल होने वाली है. लेकिन दुबई के एक पैसेंजर के साथ जब ऐसा हुआ तो जो नतीजा निकला उसने पूरी दुनिया को चौंका दिया. दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इस बंदे का पासपोर्ट सिर्फ 8 मिनट में रिन्यू होकर उसके हाथ में आ गया.
दुबई के रहने वाले एक अमीराती ट्रैवलर ने अपनी एक मजेदार और हैरान कर देने वाली स्टोरी सोशल मीडिया पर शेयर की. उसने बताया कि उसकी ट्रिप तय थी और जाने से ठीक एक दिन पहले जब उसने अपना पासपोर्ट चेक किया तो उसके उड़ने के होश उड़ गए. उसके पासपोर्ट की वैलिडिटी में सिर्फ एक महीना ही बचा हुआ था. अब दिक्कत यह थी कि जिस देश में वो जा रहा था, वहां एंट्री के लिए पासपोर्ट में कम से कम 6 महीने की वैलिडिटी होना बहुत जरूरी था.
टेंशन के बीच मिला मैजिकल आइडिया
पासपोर्ट की वैलिडिटी कम देखकर वो बंदा बुरी तरह घबरा गया. उसे लगा कि अब तो ट्रिप कैंसिल करनी ही पड़ेगी और सारा पैसा बर्बाद हो जाएगा. फिर उसने अपने दोस्तों और जान पहचान के लोगों से मदद मांगी कि क्या कोई ऐसा तरीका है जिससे तुरंत पासपोर्ट रिन्यू हो जाए. तब किसी ने उसे सलाह दी कि इधर-उधर भागने की जरूरत नहीं है सीधे दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच जाओ. वहां की फास्ट ट्रैक सर्विस में पासपोर्ट बहुत जल्दी रिन्यू हो जाता है.
10 मिनट का वादा, 8 मिनट में काम खत्म
ट्रैवलर ने बताया कि उसे लोगों ने कहा था कि दुबई एयरपोर्ट पर यह काम सबसे तेज होता है और इसमें ज्यादा से ज्यादा 10 मिनट का टाइम लगेगा. वो उम्मीद लगाकर एयरपोर्ट पहुंचा कि 10 मिनट में काम हो जाए तो बहुत बड़ी बात होगी. लेकिन जब वो काउंटर पर गया तो एयरपोर्ट स्टाफ की स्पीड देखकर हैरान रह गया. अधिकारियों ने सारी प्रोसेस इतनी तेजी से निपटाई कि सिर्फ 8 मिनट के अंदर नया रिन्यू किया हुआ पासपोर्ट छापकर उसके हाथ में थमा दिया. बंदे ने कहा कि वो 10 मिनट सोचकर आया था लेकिन काम उससे भी जल्दी हो गया.
इंटरनेट पर वीडियो होते ही मच गया तहलका
जैसे ही इस ट्रैवलर ने अपना एक्सपीरियंस बताते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर डाला वो तुरंत वायरल हो गया. लोग दुबई अथॉरिटी की इस गजब स्पीड और सर्विस की तारीफ करते नहीं थक रहे हैं. वीडियो के कमेंट सेक्शन में दुनिया भर के लोग अपने-अपने देशों के सिस्टम की तुलना दुबई से करने लगे और अपने पुराने कड़वे एक्सपीरियंस शेयर करने लगे.
इस वायरल वीडियो पर एक नाइजीरियाई यूजर ने लिखा कि हमारे देश में कस्टम वाले आपको 100 लोगों के साथ एक कमरे में बंद कर देंगे. फिर एक-एक करके नाम बुलाएंगे और दूसरे कमरे में भेजेंगे. इस पूरे टॉर्चर के बाद भी आपसे 1000 रुपये की टिप मांगेंगे जैसे उन्हें सैलरी मिलती ही न हो. वहीं अमेरिका के एक यूजर ने कमेंट किया कि यूएस में पासपोर्ट रिन्यू कराने के लिए पोस्ट ऑफिस में अपॉइंटमेंट लेना पड़ता है या एप्लीकेशन मेल करनी पड़ती है. 4 पेज का फॉर्म भरो, 2 नई फोटो दो और सबसे तेज सर्विस में भी कम से कम 2 हफ्ते का टाइम लगता ही है.
यूएई के पावरफुल पासपोर्ट का असली रोब
एक अन्य यूजर ने लिखा कि यूएई का पासपोर्ट दुनिया के सबसे पावरफुल पासपोर्ट्स में से एक है तो जाहिर सी बात है कि उनके नागरिकों को ऐसी वर्ल्ड क्लास सर्विस मिलना तो तय है. दुबई हमेशा से अपनी टेक्नोलॉजी, स्पीड और बेहतरीन सर्विस के लिए जाना जाता है.