SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

हाथों में हथकड़ी, फिर भी दौड़ गए 101 KM: स्पेन के पुलिस कपल का गजब कारनामा; गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हुआ नाम

आमतौर पर आपने देखा होगा कि पुलिस वाले अपराधियों को पकड़ने के बाद उनको हथकड़ी लगा देते हैं, लेकिन स्पेन के एक पुलिस कपल ने इसी हथकड़ी के साथ 101 किलोमीटर की दौड़ पूरी कर दुनिया को हैरान कर दिया. दोनों ने एक-दूसरे के हाथों में हथकड़ी बांधकर पूरी रेस में कदम से कदम मिलाया. उनकी इस अनोखी कोशिश को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह मिली है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 12, 2026, 02:41 PM IST | Updated: Nov 12, 2026, 03:08 PM IST
Image Credit: guinnessworldrecords.com | स्पेन के पुलिस कपल ने बनाया हथकड़ी में दौड़ने का रिकॉर्ड!
Join

दौड़ में हिस्सा लेना अपने आप में बड़ी चुनौती होती है. ऊपर से अगर आपके हाथ किसी दूसरे व्यक्ति के साथ हथकड़ी से बंधे हों तो मुश्किल और बढ़ जाती है. स्पेन के जेसिका मुनोज पेरेडेस और पेलायो अल्वारेज रेवुएल्टा ने इसी मुश्किल लगने वाले टास्क को स्वीकार किया.

दोनों ने स्पेनिश आर्मी की तरफ से आयोजित 101 किलोमीटर की रेस में हिस्सा लिया. इसमें खास बात यह थी कि दोनों ने पूरी दूरी एक-दूसरे से बंधे रहकर तय की. उनकी इस उपलब्धि के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दो लोगों की टीम के रूप में हथकड़ी पहनकर सबसे ज्यादा दूरी दौड़ने का रिकॉर्ड दर्ज किया गया.

पेशे से पुलिसकर्मी हैं दोनों

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, जेसिका की उम्र 46 साल है, जबकि पेलायो 40 साल के हैं. दोनों की जिंदगी में हथकड़ी कोई नई चीज नहीं है. फर्क बस इतना था कि अब तक वे अपनी ड्यूटी के दौरान इसका इस्तेमाल करते आए थे, लेकिन इस बार खुद हथकड़ी पहनकर मैदान में उतरने वाले थे. पेलायो स्पेन की सिविल गार्ड में काम करते हैं, जबकि जेसिका पुलिस अधिकारी हैं. दोनों को ऐसे मुश्किल टास्क करना बेहद पसंद है. वे कुछ ऐसा करना चाहते थे, जो उनकी शारीरिक क्षमता के साथ-साथ मानसिक मजबूती की भी परीक्षा ले.

रेस को बनाया भरोसे की परीक्षा

जेसिका के अनुसार, इस चुनौती के पीछे सिर्फ रिकॉर्ड बनाने का मकसद नहीं था. वे लोगों को दिखाना चाहते थे कि मुश्किल हालात में एक-दूसरे का साथ दिया जाए तो बड़ी से बड़ी चुनौती का सामना किया जा सकता है. उन्होंने बताया कि हथकड़ी उनके लिए उन सीमाओं का प्रतीक थी, जिन्हें लोग आपसी सहयोग से पार कर सकते हैं. जेसिका के शब्दों में, दौड़ शुरू करते समय वे दो अलग-अलग लोग थे, लेकिन किलोमीटर आगे बढ़ने के साथ उन्हें एक टीम की तरह काम करना पड़ा. दोनों को एक ही दिशा में चलना, एक-दूसरे के हिसाब से खुद को ढालना और पूरा भरोसा रखना जरूरी था.

पहाड़ी रास्तों पर आसान नहीं था सफर

101 किलोमीटर की रेस किसी भी धावक के लिए थका देने वाली होती है. इस रेस का रास्ता भी आसान नहीं था. इसमें पहाड़ी इलाके शामिल थे, जहां चढ़ाई और ढलान के बीच लगातार अपनी रफ्तार बनाए रखना जरूरी था. जेसिका और पेलायो को हर कदम पर एक-दूसरे का ध्यान रखना पड़ रहा था. अगर एक की चाल तेज होती तो दूसरे को परेशानी हो सकती थी. इसलिए दोनों को अपनी गति और कदमों में तालमेल बैठाकर आगे बढ़ना था. जेसिका ने बताया कि उन्होंने इस चुनौती के लिए मानसिक रूप से खुद को तैयार किया था. रास्ते में एक-दूसरे की बात सुनना और जरूरत के हिसाब से रफ्तार बदलना उनकी तैयारी का अहम हिस्सा था.

शुरुआत में लोगों को देखकर हुआ आश्चर्य

रेस की शुरुआत में जब दूसरे प्रतिभागियों ने जेसिका और पेलायो को हथकड़ी पहनकर दौड़ने के लिए तैयार देखा तो वे भी हैरान रह गए. कई लोगों के लिए यह नजारा बिल्कुल नया था. कुछ को तो पहले समझ ही नहीं आया कि दोनों ऐसा क्यों कर रहे हैं. इस सफर में उनके परिवार और करीबी लोगों ने भी साथ दिया. वे रास्ते में अलग-अलग जगहों पर खड़े होकर दोनों का हौसला बढ़ाते रहे. जेसिका के लिए रास्ते में अपने लोगों को देखना काफी भावुक पल था. उन्होंने बताया कि पहाड़ों के नजारे, डूबता सूरज और रास्ते में अपनों से होने वाली मुलाकातें इस सफर को यादगार बना गईं. उन्हें एहसास हुआ कि भले ही दौड़ वे दोनों रहे थे, लेकिन इस सफर में वे अकेले नहीं थे.

कई प्रतिभागी बीच में ही हट गए

इस रेस की मुश्किल का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई प्रतिभागियों को बीच रास्ते में ही अपना नाम वापस लेना पड़ा. लेकिन जेसिका और पेलायो ने हार नहीं मानी. उनके लिए सबसे बड़ी चुनौती हथकड़ी नहीं, बल्कि लंबे सफर के दौरान एक-दूसरे के साथ तालमेल बनाए रखना था. दोनों ने थकान के बावजूद एक-दूसरे का हौसला बढ़ाया और आखिरकार पूरी दूरी तय कर ली. जेसिका ने बताया कि एक समय के बाद हथकड़ी उन्हें रुकावट नहीं लगी. बल्कि यह उस संदेश का हिस्सा बन गई, जिसे वे लोगों तक पहुंचाना चाहते थे.

बच्चों को भी देना चाहते हैं प्रेरणा

जेसिका और पेलायो दोनों के बच्चे हैं. जेसिका चाहती हैं कि उनकी इस उपलब्धि से उनके बच्चे येराय और मिया भी प्रेरणा लें. वे समझें कि किसी लक्ष्य को हासिल करने के लिए मेहनत, धैर्य और लगातार कोशिश करना जरूरी है. फिलहाल दोनों की नजर किसी नए वर्ल्ड रिकॉर्ड पर नहीं है. हालांकि, वे आगे भी साथ मिलकर ऐसी चुनौतियों में हिस्सा लेना चाहते हैं.

फिनिश लाइन पर पूरा हुआ सपना

101 किलोमीटर की दूरी पूरी करके फिनिश लाइन पार करना दोनों के लिए सबसे खास पल था. यह सिर्फ एक रेस खत्म करने की खुशी नहीं थी, बल्कि महीनों की तैयारी और एक-दूसरे पर भरोसे का नतीजा था. जेसिका के अनुसार, इस अनुभव ने उन्हें धैर्य, मेहनत और साथ निभाने की अहमियत समझाई. उनके लिए हथकड़ी पहनकर दौड़ना सिर्फ गिनीज रिकॉर्ड बनाने का तरीका नहीं था. यह दिखाने की कोशिश थी कि जब दो लोग एक-दूसरे का साथ देने के लिए तैयार हों तो मुश्किल रास्ता भी आसान हो सकता है.

यह भी पढ़ें:- हमारे देश से ज्यादा सुंदर और साफ... यूक्रेनी यूट्यूबर ने बांधे चेन्नई मेट्रो के तारीफों के पुल, सिर्फ 30 रुपये में मिला वर्ल्ड क्लास एक्सपीरियंस

यह भी पढ़ें:- मंदिर के बाहर से चोरी हुई पापा की चप्पल, फिर 10 मिनट में ऑनलाइन मंगवाया; लोग बोले- सही फायदा उठाया...

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES