)
अगर आपकी चप्पल मंदिर के बाहर से चोरी हो जाए और आप पास की किसी दुकान पर जाने के बजाय फोन निकालकर ऑनलाइन ऑर्डर कर दें, और महज 10 मिनट में नई चप्पल सीधे मंदिर के गेट पर आ जाए? उत्तर प्रदेश के वृंदावन में स्थित मशहूर बांके बिहारी मंदिर के बाहर कुछ ऐसा ही वाकया हुआ. लेखक और उद्यमी संदीप मॉल के साथ घटी इस घटना ने अब इंटरनेट पर एक नई बहस को जन्म दे दिया है.
वृंदावन के प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने गए लेखक संदीप मॉल के पिता की चप्पलें मंदिर के बाहर से चोरी हो गईं. भारी भीड़ वाले धार्मिक स्थलों के बाहर चप्पल गायब होना बहुत आम बात है, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने सबको चौंका दिया. परिवार ने नई चप्पल खरीदने के लिए आसपास की दुकानें ढूंढने में समय बर्बाद करने के बजाय सीधे क्विक-कॉमर्स ऐप का सहारा लिया. ऐप पर ऑर्डर डालते ही महज 10 मिनट के अंदर नई चप्पल सीधे मंदिर के बाहर डिलीवर हो गई. संदीप ने इस घटना के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी.
Dads chappal got stolen outside Banke Bihari temple. Quick commerce delivered in front of temple in 10 mins. This service can’t be imagined anywhere.
— Sandeep Mall (@SandeepMall) November 9, 2026
संदीप मॉल ने इस पूरे वाकये को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया. उन्होंने लिखा कि उनके पिता की चप्पल बांके बिहारी मंदिर के बाहर चोरी हो गई थी और क्विक कॉमर्स ने 10 मिनट में मंदिर के सामने ही नई चप्पल पहुंचा दी. उन्होंने आगे लिखा कि इस तरह की सर्विस की कल्पना दुनिया में कहीं और नहीं की जा सकती. देखते ही देखते उनकी यह पोस्ट वायरल हो गई और लोग भारत के इस डिलीवरी सिस्टम पर अपनी राय देने लगे.
इस घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स दो गुटों में बंट गए. कुछ लोगों ने भारत के तेजी से बढ़ते क्विक-कॉमर्स इकोसिस्टम की जमकर तारीफ की और इसे बेहद सुविधाजनक बताया. एक यूजर ने लिखा कि भारत में मिडिल क्लास को भी ऐसी बेहतरीन सर्विस मिल रही है, जबकि यूरोप और यूके में ऊबर या अमेजन अलग तरह से काम करते हैं. वहीं एक अन्य यूजर ने कहा कि भारत एक ही समय पर खराब परिस्थिति में दिखा और सबसे अच्छा भी, क्योंकि मंदिर में चप्पल चोरी होना और 10 मिनट में डिलीवरी मिलना दोनों ही भारत की दो अलग तस्वीरों को दिखाता है.
डिस्क्लेमर: प्रिय पाठक, हमारी यह खबर पढ़ने के लिए शुक्रिया. यह खबर इंटरनेट पर मौजूद यूजर्स द्वारा दी गई कंटेंट पर आधारित है. मूल पोस्ट में किए गए दावों की Zee News इसके प्रमाणिकता और सत्यता की पुष्टि नहीं करता है.