SOCIAL MEDIA

Newsletter

PARTNER SITES
Select language

कौन हैं सिंगर Rito Riba? कभी इंडियन आइडल से हुए थे बाहर, अब सोशल मीडिया पर मचा रहे धूम; 'दिलरुबा दिलनशीन' गाने पर बन रहीं रील्स

सोशल मीडिया पर इन दिनों 'दिलरुबा दिलनशीन' गाने की खूब चर्चा हो रही है. इस गाने पर देश ही नहीं, विदेशों में भी लोग जमकर रील्स बना रहे हैं और डांस करते नजर आ रहे हैं. गाने की लोकप्रियता ने इसके सिंगर रीतो रीबा को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है. दिलचस्प बात यह है कि कभी इंडियन आइडल के मंच से बाहर हुए रीतो ने हार नहीं मानी और अपने गानों के दम पर आज लोगों के सोशल मीडिया पर खास जगह बना ली है.

Written By Santosh Kumar Mishra
Published: Nov 21, 2026, 14:12 IST | Updated: Nov 21, 2026, 14:32 IST
Image Credit: @rito.96 | 'दिलरुबा दिलनशीं' से इंटरनेट पर तहलका मचाने वाले Rito Riba की कहानी!
Join

कभी-कभी किसी सिंगर की आवाज लोगों तक पहुंचने में सालों लग जाते हैं. शुरुआत में मेहनत के बावजूद वह पहचान नहीं मिलती, जिसकी उम्मीद होती है. लेकिन सही वक्त आने पर एक गाना ही पूरी कहानी बदल देता है. अरुणाचल प्रदेश के रीतो रीबा के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ है.

उनका नया गाना 'दिलरुबा दिलनशीन' इन दिनों सोशल मीडिया पर छाया हुआ है. इसकी धुन लोगों को खूब पसंद आ रही है और गाने की लाइनें भी लोगों की जुबान पर चढ़ गई हैं. इंस्टाग्राम रील्स से लेकर दूसरे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म तक इस गाने पर खूब वीडियो बनाए जा रहे हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इस गाने को आवाज देने वाले रीतो रीबा कभी सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' से बाहर हो गए थे? आइए, यहां जानते हैं उनके संगीत के सफर की कहानी.

अरुणाचल प्रदेश से शुरू हुआ संगीत का सफर

रीतो रीबा का जन्म और पालन-पोषण अरुणाचल प्रदेश के पासीघाट में हुआ. बचपन से ही उनके घर में संगीत का माहौल था. उनकी मां लोकगीत गाया करती थीं. उन्हें सुनते-सुनते रीतो की भी संगीत में दिलचस्पी बढ़ने लगी. धीरे-धीरे गाने का शौक उनका जुनून बन गया. साल 2014-15 के आसपास उन्होंने अपने म्यूजिक सफर को आगे बढ़ाने के लिए YouTube का सहारा लिया. शुरुआत में वह दूसरे गानों के कवर वर्जन बनाकर अपलोड करते थे. इसके बाद उन्होंने खुद के गाने लिखने और उनकी धुन तैयार करने पर भी काम शुरू कर दिया.

 

 

'हीर रांझा' से मिली पहचान, लेकिन इंडियन आइडल से हुए बाहर

रीतो रीबा के करियर में साल 2022 काफी अहम रहा. इसी साल उन्होंने सिंगिंग रियलिटी शो 'इंडियन आइडल 13' में हिस्सा लिया. ऑडिशन के दौरान उन्होंने अपना ओरिजिनल गाना 'हीर रांझा' गाया था. उनकी आवाज और गाने की प्रस्तुति ने जजों के साथ दर्शकों का भी ध्यान खींचा. खासकर नॉर्थ ईस्ट के लोगों के बीच उनकी अच्छी पहचान बनने लगी. कई लोगों को उम्मीद थी कि वह शो में काफी आगे तक जाएंगे. हालांकि, उनका सफर टॉप 15 तक भी नहीं पहुंच सका और उन्हें शो से बाहर होना पड़ा. यह किसी भी नए सिंगर के लिए निराश करने वाला पल हो सकता था, लेकिन रीतो ने इसे अपने करियर का आखिरी पड़ाव नहीं बनने दिया.

'हीर रांझा' गाने ने YouTube पर बटोरी तारीफ

इंडियन आइडल से बाहर होने के बाद भी रीतो ने संगीत से दूरी नहीं बनाई. उन्होंने अपने गाने 'हीर रांझा' को म्यूजिक लेबल Play DMF के तहत रिलीज किया. इसके म्यूजिक वीडियो में एक्ट्रेस शिवांगी जोशी और रोहित खंडेलवाल नजर आए. गाना रिलीज होने के बाद लोगों को पसंद आया और YouTube पर इसे लाखों व्यूज मिले. इससे रीतो को यह भरोसा मिला कि रियलिटी शो में जगह न मिलने के बावजूद वह अपने गानों के दम पर आगे बढ़ सकते हैं. इसके बाद उन्होंने 'मेरी बनोगी क्या', 'इक तू ही है', 'बस तेरा' और 'इबादतें' जैसे कई गाने रिलीज किए. उन्होंने सिंगर श्रेया घोषाल के साथ भी काम किया. दोनों की आवाज में आया गाना 'प्यार आता है' ईशान खट्टर और तारा सुतारिया पर फिल्माया गया था.

 

 

'दिलरुबा दिलनशीन' ने बनाया नया रिकॉर्ड

इसके बाद रीतो के नए गाने 'दिलरुबा दिलनशीन' ने उनकी लोकप्रियता को एक अलग स्तर पर पहुंचा दिया है. यह गाना उनके पांच गानों वाले एल्बम 'दिलफेक' का हिस्सा है, जिसे 16 अक्टूबर 2026 को रिलीज किया गया था. इस गाने की खासियत इसका म्यूजिक और रोमांटिक अंदाज है. इसमें पुराने दौर के पॉप म्यूजिक की झलक मिलती है. साथ ही, इसके बोल और धुन इसे आज के गानों से थोड़ा अलग बनाते हैं. यही वजह है कि अब यह गाना युवा दर्शकों के बीच काफी वायरल हो रहा है. The Better India की रिपोर्ट के अनुसार, 'दिलरुबा दिलनशीन' ने Shazam India के चार्ट में नंबर एक जगह हासिल की. वहीं, Spotify India के डेली चार्ट में यह चौथे नंबर तक पहुंचा. सोशल मीडिया पर लगातार बन रही रील्स ने भी गाने की लोकप्रियता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है.

'दिलफेक' EP में हैं पांच गाने

रीतो के इस EP में 'दिलरुबा दिलनशीन' के अलावा चार और गाने शामिल हैं. इनके नाम 'मखमली', 'जोगनिया', 'जख्मी' और 'जिक्र हो' हैं. इस EP में रोमांस से लेकर अलग-अलग तरह के इमोशंस तक सुनने को मिलते हैं. रीतो सिर्फ हिंदी गानों तक ही सीमित नहीं हैं. वह अपने राज्य और अपनी भाषा से भी जुड़े हुए हैं. साल 2025 में उन्होंने 'Native Notes' नाम से पांच गानों वाला EP रिलीज किया था. इसमें उन्होंने अपनी मातृभाषा गालो में गाने गाए थे.

 

 

शो से बाहर हुए, लेकिन सपने से नहीं हटे पीछे

रीतो रीबा की कहानी उन लोगों के लिए भी एक मिसाल है, जो किसी एक नाकामी के बाद अपने सपनों को छोड़ देते हैं. इंडियन आइडल में टॉप 15 तक नहीं पहुंच पाना उनके लिए एक झटका जरूर था, लेकिन उन्होंने अपनी मेहनत जारी रखी. आज उनके गाने पर हजारों लोग रील्स बना रहे हैं और उनकी आवाज को पसंद कर रहे हैं. कभी जिस सिंगर को रियलिटी शो से बाहर होना पड़ा था, वही अब अपने नए गाने की वजह से सोशल मीडिया पर चर्चा में है. रीतो का सफर बताता है कि पहचान बनाने के लिए सिर्फ एक मंच जरूरी नहीं होता. कई बार लगातार मेहनत और अपने हुनर पर भरोसा ही आपको वहां पहुंचा देता है, जहां पहुंचने का सपना आपने देखा होता है.

यह भी पढ़ें:- भारत छोड़ते समय रो पड़ा अमेरिकी कपल: 5 हफ्ते की यात्रा के बाद VIDEO में बयां किया अपना दर्द; कही दिल छू लेने वाली बात

यह भी पढ़ें:- 'अजनबियों के साथ कभी मत जाना': लोगों की सलाह अनसुनी कर ब्राजील की लड़की ने किया वही काम; फिर भारत में जो हुआ...

Add Zee News as a Preferred Source
TAGS:

About the Author

संतोष मिश्रा जी न्यूज में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं. वह पिछले 4.5 वर्षों से डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ट्रैवल, फीचर, ऑफबीट, ट्रेंडिंग और वायरल खबरों के साथ-साथ टेक और साइंस से जुड़ी खबरों में भी उनकी विशेष विशेषज्ञता है. उनकी खबरें अपनी विश्वसनीयता और सटीक जानकारी के लिए जानी जाती हैं. आसान और सहज भाषा में लिखे गए उनके कंटेंट को पाठक काफी पसंद करते हैं. सोशल मीडिया की दुनिया (Instagram, X, Reddit, Threads और Facebook) पर उनकी अच्छी पकड़ है. वह ट्रेंडिंग विषयों पर लगातार नजर रखते हैं और फ्रेश व यूनिक खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं. संतोष मिश्रा इससे पहले News Nation और India Ahead जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम कर चुके हैं. उन्होंने बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) किया है.
Read More

ZEENEWS TRENDING STORIES