'15 साल से खरीद रहा था लॉटरी...' 500 रुपये के टिकट ने ट्रक ड्राइवर को रातोंरात बना दिया 12 करोड़ का मालिक
पंजाब के मोहाली में एक ट्रक ड्राइवर की किस्मत रातोंरात चमक गई है. बलजिंदर सिंह 15 साल से परिवार से छिपकर लॉटरी खरीद रहे थे और अब 500 रुपये के टिकट ने उन्हें 12 करोड़ का मालिक बना दिया है. पढ़ें पूरी कहानी.
कहते हैं ऊपर वाला जब देता है तो छप्पड़ फाड़ कर देता है. पंजाब के मोहाली में रहने वाले एक साधारण ट्रक ड्राइवर के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है. बलजिंदर सिंह पिछले 15 सालों से अपने घरवालों से छिपकर हर त्योहार पर लॉटरी का टिकट खरीदते आ रहे थे. अब जाकर उनकी सालों पुरानी दुआ कबूल हुई है और महज 500 रुपये के एक टिकट ने उन्हें रातोंरात 12 करोड़ रुपये का मालिक बना दिया है.
15 साल से घरवालों से छिपाकर रखा था यह राज
मोहाली के डेराबस्सी इलाके के हमयूनपुर गांव में रहने वाले बलजिंदर सिंह पेशे से एक टिपर ट्रक ड्राइवर हैं और थोड़ी-बहुत खेती भी करते हैं. न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, बलजिंदर दो बच्चों के पिता हैं और साल 2010 से हर त्योहार के मौके पर लॉटरी का टिकट खरीद रहे थे. हैरानी की बात यह है कि उन्होंने अपनी इस आदत के बारे में अपने परिवार को कभी भनक तक नहीं लगने दी. बलजिंदर ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि वह हर त्योहार पर इस उम्मीद से टिकट खरीदते थे कि एक न एक दिन भगवान उनकी प्रार्थना जरूर सुनेंगे और उनकी किस्मत बदलेगी.
500 रुपये के टिकट ने पलट दी जिंदगी
सोमवार की रात बलजिंदर सिंह की जिंदगी की सबसे यादगार रात बन गई, जब उन्हें पता चला कि उनकी लॉटरी लग गई है. पंजाब लॉटरी विभाग ने 16 नवंबर को पंजाब स्टेट डियर दिवाली बंपर 2026 का ड्रॉ निकाला था, जिसमें बलजिंदर ने 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीता है. उन्होंने यह लकी टिकट मोहाली के जिरकपुर स्थित एक लॉटरी की दुकान से सिर्फ 500 रुपये में खरीदा था. रिजल्ट पता चलते ही उन्होंने ईश्वर का शुक्रिया अदा किया और मंगलवार को लॉटरी ऑफिस पहुंचकर इनाम की रकम पाने के लिए जरूरी कागजी कार्रवाई भी पूरी कर ली.
बच्चों के भविष्य पर खर्च करेंगे इनाम का पैसा
जब बलजिंदर सिंह से पूछा गया कि वह इतनी बड़ी रकम का क्या करेंगे, तो उनका जवाब हर किसी का दिल जीत लेने वाला था. एएनआई के हवाले से बलजिंदर ने कहा कि वह इनाम में मिले पैसों का एक बड़ा हिस्सा अपने दोनों बच्चों की अच्छी पढ़ाई-लिखाई पर खर्च करेंगे, ताकि उनका भविष्य संवर सके. उधर, जैसे ही उनके 12 करोड़ रुपये जीतने की खबर गांव में फैली, पूरे इलाके में जश्न का माहौल बन गया. गांव के लोग बधाई देने के लिए उनके घर पहुंचने लगे और जमकर मिठाइयां बांटी गईं.
पूरे 12 करोड़ नहीं मिलेंगे, जानिए टैक्स का गणित
भले ही बलजिंदर सिंह ने 12 करोड़ रुपये का पहला इनाम जीता है, लेकिन नियमों के हिसाब से यह पूरी रकम सीधे उनके बैंक खाते में नहीं जाएगी. भारत के टैक्स नियमों के मुताबिक, लॉटरी या किसी भी तरह के इनाम से जीती गई रकम पर सीधे 30 प्रतिशत फ्लैट टैक्स काटा जाता है. इसके अलावा इस टैक्स पर सरचार्ज और सेस भी लगता है, साथ ही लॉटरी एजेंट का कमीशन भी इनाम की राशि से ही काटा जाता है. यानी इन सभी कटौतियों के बाद भी बलजिंदर सिंह के हाथ में करीब 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की मोटी रकम आएगी, जो उनके परिवार की जिंदगी बदलने के लिए काफी है.